पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों और पुलिस के बीच झड़प के बाद आगजनी की गई। नाराज छात्रों ने कई वाहनों में आग लगा दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शनकारी छात्रों को तितर-बितर करने के उद्देश्य से पुलिस ने लाठीचार्ज कर किया। इससे ही मामला और बिगड़ गया।
नाराज छात्रों ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कुछ गाड़ियों पर आगजनी भी की गई। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। हिंसा और भारी बवाल के बाद फगवाड़ा में कपूरथला, जालंधर ग्रामीण और होशियारपुर की पुलिस को बड़ी तादाद में तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: क्या विदेशी दबाव में मोदी सरकार झुक गई, वैनडाइक की रिहाई पर इतना हंगामा क्यों?
शनिवार देर रात से जारी प्रदर्शन
विश्वविद्यालय की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के दावे के बाद शनिवार को छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया। शनिवार रात को परिसर में तोड़फोड़ की और 16 घंटे से जालंधर-फागवाड़ा हाईवे जाम कर रखा है। आरोप है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने छात्रा से दुष्कर्म किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दुष्कर्म की किसी भी घटना से इनकार किया और दावे को अफवाह बताया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। एक एसआईटी का गठन भी किया गया है।
सोशल मीडिया पर तोड़फोड के कई वीडियो वायरल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार देर रात लगभग एक बजे छात्रावास के पास से प्रदर्शन शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया। छात्रों ने परिसर में गमले, खिड़कियां और प्रवेश द्वार पर लगे बैरियर तक तोड़ डाले। कुछ सामान पर आग भी लगाई गई। एक छात्र परिसर में रखे मिग-23यूएम विमान पर चढ़ गया। दूसरा छात्र सैन्य टैंक पर चढ़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रुमाल से मुंह ढके प्रदर्शनकारी मॉल में तोड़फोड़ कर रहे हैं। दुकानों से सामान भी उठा रहे हैं। वाहनों को भी तोड़ा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'ऊपर वाला उनकी टिकट काट दे', CM सुवेंदु पर हुमायूं कबीर का विवादित बयान
छात्रों का आरोप तीन दिन पहले हुआ दुष्कर्म
छात्रों का आरोप है कि तीन दिन पहले एक प्लंबर ने हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा से दुष्कर्म किया था। वार्डन को मामले की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व झूठे, बेबुनियाद और मनगढ़ंत आरोपों को फैला रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन और छात्रों के बीच कई दौर की बातचीत बेनतीजा रही। हालांकि कुलपति जसपाल सिंह संधू ने शिकायतों के समाधान का आश्वासन दिया है।
एलपीयू से एक दिन पहले पटियाला स्थित चिटकारा विश्वविद्यालय में भी छात्रों का बड़ा प्रदर्शन हुआ था। छात्रों के बीच कथित तौर पर विश्वविद्यालय परिसर में दो छात्राओं के आत्महत्या की अपुष्ट सूचना पहुंची। इससे भड़के छात्रों ने एक पुलिस वाहन पर आग लगा दी।