नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के बिहार बंद के दौरान कई जिलों में वामपंथी छात्र संगठनों का प्रदर्शन उग्र हो गया। छपरा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी। औरंगाबाद में पथराव किया गया। समस्तीपुर और भागलपुर में भी हंगामा हुआ। सीवान में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। राजधानी पटना के डाक बंगला चौराहे पर भी पथराव हुआ। उधर, जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बिहार के कई जिलों में दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में वामपंथी छात्र संगठन सड़क पर उतरे। पटना, सिवान, जहानाबाद, शेखपुरा, रोहतास और अन्य जिलों में भारी पुलिस बल की तैनाती के मौजूद कई जिलों में प्रदर्शन हिंसक हो गया। बिहार पुलिस का कहना है कि बंद का मिलाजुला असर रहा है। पटना में पथराव हुआ। हालांकि नवादा, नालंदा, जहानाबाद और रोहतास में बंद का असर कम देखने को मिला।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी नंबरों से चल रही थी साइबर ठगी, जमुई में रैकेट का भंडाफोड़
टायर जलाकर सड़क किया जाम
पटना के पालीगंज इलाके समेत कई क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। सिवान में आइसा समेत अन्य वामपंथी संगठनों ने जेपी चौक पर प्रदर्शन किया।
आठ जिलों में उग्र प्रदर्शन
पटना के डाक बंगला चौक पर भारी हंगामा हो गया। पुलिस ने लाठी भांजकर स्थिति को काबू किया। अब तक आठ जिलों में हिंसा की खबर है। बिहार बंद को देखते हुए प्रदेशभर में 70 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया। अर्धसैनिक बलों को को मुस्तैद रखा गया। राजधानी पटना समेत कई जिलों में स्कूलों को भी बंद रखा गया।
यह भी पढ़ें: 'नरेंद्र मोदी भारत के अतीत, युवाओं से लड़ नहीं सकते', राहुल गांधी ने क्या कहा?
अपनी जान देने को तैयार हूं: तेज प्रताप यादव
पुलिस ने जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया। प्रदर्शन में उनके शामिल होने की आशंका थी। तेज प्रताप यादव रामगुलाम चौक पर धरने पर बैठे थे। इसी दौरान उन्हें पुलिस ने वाहन में बैठा लिया। हालांकि इस दौरान तेज प्रताप ने कहा, 'हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। जरूरत पड़ी तो मैं छात्रों के अधिकारों के लिए अपनी जान देने को भी तैयार हूं।'