logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'पत्रकार का दर्जा खुद नहीं दिया जा सकता', सुप्रीम कोर्ट ने क्यों कहा?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सोशल मीडिया पर खुद को पत्रकार बताने से किसी को पत्रकार का दर्जा नहीं मिल जाता। कोर्ट ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों जैसी सुरक्षा देने पर भी सवाल उठाया।

सुप्रीम कोर्ट की तस्वीर

सुप्रीम कोर्ट, Photo Credit- PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

पत्रकार का दर्जा खुद नहीं दिया जा सकता। यह अहम टिप्पणी गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट की तरफ से आई। कोर्ट ने सवाल किया कि क्या सोशल मीडिया पर खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों जैसी सुरक्षा मिलनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पत्रकार होने का दावा करने भर से किसी को पत्रकार का दर्जा नहीं मिल जाता। अदालत ने यह भी कहा कि पत्रकारों की पहचान और उनकी पेशेवर मान्यता को ध्यान में रखना जरूरी है। यह टिप्पणी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों के साथ कथित पुलिस ज्यादती के मामले की सुनवाई के दौरान आई।

 

भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही थी। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान अदालत ने पत्रकारों की पहचान, उनकी मान्यता और उन्हें मिलने वाली कानूनी सुरक्षा के दायरे पर सवाल उठाए। कोर्ट ने यह भी जानना चाहा कि डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकार की पहचान कैसे तय की जानी चाहिए? क्या किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो या रील बनाने वाला व्यक्ति भी पत्रकार होने का दावा कर सकता है? अदालत की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं, जब पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर बहस चल रही है।

पत्रकार किसे माना जाए?

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि प्रिंट मीडिया में काम करने वाले पत्रकारों की पहचान के लिए प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की व्यवस्था है। टीवी चैनलों में काम करने वाले पत्रकारों के लिए भी मान्यता की व्यवस्था है। अदालत ने ऑनलाइन पत्रकारिता के बारे में भी सवाल किए। कोर्ट ने माना कि डिजिटल मीडिया में भी पत्रकार काम कर रहे हैं और उनके रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था हो सकती है।

 

अदालत ने सवाल उठाया कि क्या सोशल मीडिया पर खुद को पत्रकार बताने वाले हर व्यक्ति को मान्यता प्राप्त पत्रकारों के समान सुरक्षा दी जा सकती है? कोर्ट ने कहा कि पत्रकार का दर्जा खुद से नहीं दिया जा सकता। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि ऑनलाइन पत्रकारिता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

 

यह भी पढ़ें: डिजिटल फ्रॉड में बैंक की लापरवाही तो भरना होगा हर्जाना, सुप्रीम कोर्ट सख्त

किस केस में हुई सुनवाई?

यह मामला दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज कर रहे सात पत्रकारों से जुड़ा है। केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (KUWJ) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। संगठन का आरोप था कि प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों को कवरेज करने से रोका। उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें हिरासत में भी लिया गया। संगठन की ओर से पेश वरिष्ठ वकील पीवी दिनेश ने कोर्ट में कहा कि दिल्ली पुलिस का जवाब उन सात पत्रकारों के साथ हुई कथित ज्यादती को ठीक से संबोधित नहीं करता। ये पत्रकार स्थापित मीडिया संस्थानों में काम करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: CJP के सौरव दास से कनेक्शन पर क्या बोले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल?

कोर्ट ने दिया कमेटी जाने का निर्देश

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकारों की शिकायतों की जांच के लिए पूर्व जज जस्टिस (रिटायर्ड) आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली हाई पावर्ड इंक्वायरी कमेटी (HPEC) के पास जाने का निर्देश दिया। यह कमेटी पहले से ही दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई की जांच कर रही है। अब इसे सात पत्रकारों के आरोपों की भी जांच करने को कहा गया है। कमेटी यह देखेगी कि प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के खिलाफ पुलिस ने बल प्रयोग किया था या नहीं। अगर बल प्रयोग हुआ तो क्या वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी था या पुलिस ने तय सीमा से ज्यादा कार्रवाई की? सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल पुलिस पर लगे आरोपों को सही या गलत नहीं ठहराया है। कमेटी की जांच के बाद ही इस बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Topic:#supreme court

और पढ़ें