logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'बाहुबली मत बनिए...', सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के जज को क्यों लगाई फटकार?

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक जज को फटकार लगाई है। कोर्ट ने यह फटकार जज के काम करने के तरीके के ऊपर लगाई है। पूरा मामला रोहतास जिले के तत्कालीन SP रौशन कुमार से जुड़ा है।

Supreme Court

सुप्रीम कोर्ट।(Photo Credit: Supreme Court Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक जज को उनके काम करने के तरीके पर फटकार लगाई है। मामला रोहतास जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (SP) रौशन कुमार से जुड़ा है। जज अनिल कुमार ने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने पर SP के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्होंने SP को दोषी ठहराते हुए 1 रुपये का जुर्माना भी लगाया था। पटना हाईकोर्ट ने जब इस पूरे मामले में जज को अपना फैसला बदलने का आदेश दिया। इसके बाद जज ने पटना हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने जज से कहा कि वे 'बाहुबली' या 'रॉबिनहुड' बनने की कोशिश न करें। हर जज को अपने अधिकार और उनकी सीमाओं की जानकारी होनी चाहिए।

 

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करना और कोर्ट के सामने अपराध करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। अगर किसी अधिकारी को FIR दर्ज करने का आदेश दिया गया है और वह ऐसा नहीं करता, तो इसे कोर्ट के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता। बेंच ने जज के कानून समझने के तरीके पर भी सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि न्याय करने की इच्छा अच्छी बात है। लेकिन इसके लिए तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला रोहतास जिले के तत्कालीन SP रौशन कुमार से जुड़ा है। सितंबर 2025 में सासाराम के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार ने एक आपराधिक मामले में पुलिस को एक गवाह के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। जज का आरोप था कि गवाह ने कोर्ट में झूठी गवाही दी थी।

 

यह भी पढ़ें: नितिन नवीन के डीपफेक वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस ने मेटा और X को भेजा नोटिस

 

पुलिस अधीक्षक ने इस आदेश का पालन नहीं किया। इसके बाद जज ने SP को कई बार कोर्ट में पेश होने के लिए कहा। जब बार-बार बुलाने पर भी SP पेश नहीं हुए। इसके बाद जज ने बिहार के मुख्य सचिव को उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद भी बात नहीं बनी तो जज ने SP के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

जज ने SP को सुनाई थी सजा

29 सितंबर को जज अनिल कुमार ने SP को कोर्ट के आदेश की अनदेखी का दोषी माना। उन्होंने SP पर 1 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही बिहार के DGP को निर्देश दिया कि इस मामले में की गई टिप्पणी SP के सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज की जाए।

 

जज ने केंद्र सरकार के कार्मिक विभाग से IAS और IPS अधिकारियों की ट्रेनिंग में बदलाव करने की बात भी कही थी। उनका कहना था कि अधिकारियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के हिसाब से काम करने की ट्रेनिंग मिलनी चाहिए।

पटना हाईकोर्ट ने जज के फैसले पर उठाए सवाल

बिहार सरकार ने जज के इस फैसले को पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने जज के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए। कोर्ट ने उन्हें आगे से सावधानी बरतने और कानूनी प्रक्रिया के हिसाब से काम करने की सलाह दी। हाईकोर्ट ने SP पर लगाए गए जुर्माने के आदेश पर रोक भी लगा दी।

 

यह भी पढ़ें: 'पापा की सुरक्षा हटाने के पीछे मकसद था', सोनिया के साथ टेबल टॉक में बोले राहुल

 

इसके बाद जज अनिल कुमार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि जब कोई जज किसी IAS या IPS अधिकारी के खिलाफ आदेश देता है तो पूरी व्यवस्था अधिकारी को बचाने में लग जाती है। ऐसे में न्यायिक अधिकारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची व जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने जज के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए। बेंच ने पूछा कि क्या कोई जिला जज इस तरह काम कर सकता है? जब हाईकोर्ट के निरीक्षण करने वाले जज ने उन्हें पटना बुलाया था तो वे मिलने क्यों नहीं गए?

 

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हर जज को अपने अधिकारों की सीमा पता होनी चाहिए। कोर्ट ने यह भी समझाया कि किसी अधिकारी का FIR दर्ज नहीं करना अपने आप में कोर्ट के सामने किया गया अपराध नहीं है। इसके लिए कानून में तय प्रक्रिया का पालन करना होगा।

नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में ट्रेनिंग की सलाह

सुप्रीम कोर्ट ने जज के वकील प्रेम प्रकाश से कहा कि वे अपने मुवक्किल को समझाएं कि न्यायिक अधिकारों का इस्तेमाल करते समय बाहुबली बनने की कोशिश न करें। बेंच ने जज को नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में ट्रेनिंग लेने की सलाह भी दी। सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट से कहा कि वह जज के जवाब और माफी पर सहानुभूति के साथ विचार करे। 

 

इसके बाद हाईकोर्ट लंबित मामले पर फैसला ले। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने एक दूसरे न्यायिक अधिकारी की याचिका पर भी टिप्पणी की। बेंच ने कहा कि कुछ न्यायिक अधिकारी हाईकोर्ट का रास्ता अपनाने के बजाय सीधे सुप्रीम कोर्ट पहुंच जाते हैं। वे प्रमोशन, सैलरी और दूसरी सुविधाओं पर ज्यादा ध्यान देते हैं, जबकि अदालतों में बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं।


और पढ़ें