तृणमूल कांग्रेस (TMC) को राज्यसभा में दूसरा झटका लग गया है। सुखेंदु शेखर रे के बाद सुष्मिता देव ने भी राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। असम से आनी वाली सुष्मिता साल 2021 में कांग्रेस छोड़कर TMC में शामिल हुई थीं। अब चर्चा है कि वह बीजेपी में शामिल हो सकती हैं और उसके टिकट पर राज्यसभा जा सकती हैं। वहीं, टीएमसी के कई लोकसभा सांसद भी अलग गुट बना चुके हैं। पश्चिम बंगाल में टीएमसी के विधायक दल में भी टूट हो चुकी है और ममता बनर्जी के फैसले के खिलाफ ऋतब्रत बनर्जी नेता विपक्ष बन गए हैं और यह मामला कोर्ट तक चला गया है।
राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन को भेजे अपने इस्तीफे में सुष्मिता देव ने लिखा है, 'मैं राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं और और आपसे अनुरोध है कि इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए। मैं आपको, माननीय डिप्टी चेयरमैन को और राज्यसभा सचिवालय को धन्यवाद देना चाहती हूं कि मेरे कार्यकाल के दौरान सबने सहयोग दिया।' इस्तीफा देने के तुरंत बाद सुष्मिता देव ने दिल्ली में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात की है।
यह भी पढ़ें: 'मेरी हत्या कर सकते थे', TMC छोड़ने के बाद ममता बनर्जी पर जमकर बरसे सुखेंदु शेखर
TMC में मची इस खलबली के बीच पार्टी का शीर्ष नेतृत्व दिल्ली में सक्रिय है। INDIA गठबंधन की मीटिंग में शामिल होने के बाद ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। उसके बाद राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी की भी दिल्ली में मुलाकात हो रही है।
इस्तीफा देने के बाद मीडिया से बातचीत में सुष्मिता देव ने कहा है, 'मैंने टीएमसी छोड़ दी है और क्यों छोड़ी है इसकी कहानी बहुत लंबी है। मैं ममता दीदी के बारे में कुछ कॉमेंट नहीं करूंगा, यह तय है। भविष्य में मैं क्या करूंगी, इसके बारे में अलग से बताऊंगी। मैं ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहती कि मैं दो नाव की सवारी करूं। मैंने कभी ऐसा नहीं किया कि एक पार्टी में रहूं और दूसरी के लिए काम करूं।'
कौन हैं सुष्मिता देव?
असम से आने वाली सुष्मिता देव लंबे समय तक कांग्रेस में रही थीं। साल 2021 के अगस्त महीने में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था और अभिषेक बनर्जी ने उन्हें TMC में शामिल करवाया था। तब सुष्मिता देव कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता महिला कांग्रेस की अध्यक्ष थीं।
यह भी पढ़ें: 2 विधायक, जीरो सांसद, फिर भी 93 प्रतिशत चंदा बीजेपी को, पंजाब में मचा बवाल
साल 2014 से 2019 तक असम की सिलचर लोकसभा सीट से कांग्रेस की सांसद रहीं सुष्मिता देव 2019 में बीदेपी के डॉ. राजदीप रॉय से चुनाव हार गई थीं। 2021 में ही वह टीएमसी में शामिल हुईं और अगले ही महीने राज्यसभा के उपचुनाव में उन्हें टीएमसी ने सांसद बना दिया। उनका वह कार्यकाल 2023 में खत्म हुआ था। 2024 में टीएमसी ने उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजा और उनका यह कार्यकाल 2030 में खत्म होना है।