भारतीय पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट ने पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह को यौन उत्पीड़न मामले में अदालत से बरी किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महिला पहलवान इस फैसले से निराश हैं और अब इसे उच्च अदालत में चुनौती देंगी। विनेश का कहना है कि न्याय की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और सभी पहलवान कानूनी रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। अपने बयान में विनेश यह भी आरोप लगाया कि पूरा सिस्टम उन्हें बचा रहा है।
यह मामला जून 2023 का है जब दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न, पीछा करने, धमकी देने और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसे आरोपों में चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद अदालत में दोनों पक्षों की अंतिम बहस पूरी हुई और फैसला सुरक्षित रख लिया गया। अब दिल्ली की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी पंवार की अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी तथा पूर्व WFI सहायक सचिव विनोद तोमार को इस मामले में बरी कर दिया।
यह भी पढ़ें: महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी
विनेश फोगाट का पूरा बयान
विनेश फोगाट ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, 'हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी। सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृजभूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृजभूषण के खिलाफ लड़ाई लड़ती रहीं। हमें इस बात का बहुत दुख है कि अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना। शुरू दिन से ही सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृजभूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है।'
यह भी पढ़ें: 'मैंने कहा था दोषी हुआ तो फांसी लगा लूंगा', बरी होने के बाद क्या बोले बृजभूषण?
अपने शेयर किए गए पोस्ट में विनेश फोगाट ने बताया कि महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दे दिया है और यह जल्द से जल्द की जाएगी। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
बरी होने के बाद बृजभूषण सिंह का बयान
फैसले के बाद बृजभूषण ने इसके सम्मानजनक बरी बताते हुए कहा, 'मैंने पहले ही दिन कहा था कि अगर मेरे खिलाफ एक भी आरोप साबित हो गया तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा। अब अदालत ने मुझे सम्मान के साथ बरी कर दिया है। मैं इस फैसले से खुश हूं और अपने वकीलों का आभारी हूं।'