दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार सुबह एक पुरानी इमारत ढह गई। इस हादसे में तीन साल की एक बच्ची और एक व्यक्ति की मौत हो गई। दिल्ली फायर बिग्रेड को इसकी सूचना सुबह 10 बजकर 13 मिनट पर मिली। आनन-फानन में अधिकारी और बचाव टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारिया का कहना है कि मलबे में फंसे 6 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें 4 घायल हैं, जो इमारत में किराए पर रहते थे। घायलों को हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसा: शोर थम गया, वैसे ही खड़ी हैं जर्जर और 'अवैध' इमारतें
मलबे से निकाले गए 6 लोग
सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। सीएटीएस एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। अधिकारी के मुताबिक मौके पर बचाव अभियान जारी है।
मारे गए लोग कौन हैं?
मृतकों में से एक की पहचान 30 साल के पिंटू के रूप में हुई है। वह इमारत की ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। दूसरी मृतक तीन साल की बच्ची है। एडीओ दीपक हुड्डा ने बताया कि इमारत में ग्राउंड और पहली मंजिल थी। पुलिस ने इमारत के मालिक की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में की है। हादसे के कारण की अभी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: हर सवाल का जवाब, जो आप जानना चाहते हैं
दिल्ली में बढ़ रहे हैं ऐसे हादसे
पिछले कुछ महीनों में दिल्ली में इमारत ढहने की कई घटनाएं हुई हैं। सितंबर में सत्य निकेतन में पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही इमारत ढहने से 7 लोगों की मौत हुई थी। 5 नवंबर को पुरानी दिल्ली के हौज काजी में निर्माणाधीन इमारत गिरने से 6 लोगों की जान गई थी। 15 नवंबर को पहाड़गंज में इमारत ढहने से कई लोग घायल हुए थे।