देश के कई राज्यों में ठंड का असर अब तेज हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी रविवार 29 नवंबर को दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा, विजिबिलिटी कम हो सकती है। वहीं, दूसरी ओर दक्षिण भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे में बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 29 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने वाला है। वहीं बिहार में रविवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, ठंड का असर बढ़ सकता है। पश्चिम बंगाल में 29 नवंबर को मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। जानिए आज कैसा रहेगा मौसम?
यह भी पढ़ें: अन्नपूर्णा पर्व 17 दिनों तक क्यों मनाया जाता है? मां पार्वती की पौराणिक कथा
किन राज्यों में बारिश के आसार?
मौसम विभाग के अनुसार, आज तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। तमिलनाडु से सटे पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। लक्षद्वीप में भी गरज-चमक की आशंका हैं।
इसके अलावा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अंडमान सागर में भी तेज हवा और खराब मौसम के आसार हैं।
कहां कैसा रहेगा आज मौसम?
- उत्तर प्रदेश में कई हिस्सों में घना कोहरा रह सकता है और सुबह-रात की ठंड बढ़ रही है।
- बिहार में मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है। सुबह और रात में ठंड महसूस होगी।
- हरियाणा और पंजाब में में घना कोहरा छा सकता है और ठंड का असर बना रहेगा।
- राजस्थान में सर्द हवाओं के कारण ठंड और शीतलहर का असर दिख रहा है।
- मध्य प्रदेश में कई जिलों में ठंड और शीतलहर का असर देखा जा सकता है।
- झारखंड में सुबह कोहरा या धुंध रह सकती है और दिन में आसमान साफ व मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
शीत लहर, ठंडा दिन और कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते पश्चिम और मध्य भारत में मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। महाराष्ट्र में अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद के 3 दिनों में तापमान 2-4°C तक गिर सकता है।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा के कुछ इलाकों में 30 नवंबर तक, फिर हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 02 दिसंबर तक और हिमाचल प्रदेश में 03 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। अगले 6 दिनों तक कहीं भी गंभीर शीत लहर या 'कोल्ड डे' जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है।