• NEW DELHI
26 Feb 2026, (अपडेटेड 26 Feb 2026, 6:51 AM IST)
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में लगातार बारिश जारी है और आने वाले कुछ घंटों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर भारत में गर्मी का एहसास होना शुरू हो गया है।
सर्दी का मौसम लगभग खत्म हो चुका है और अब कई राज्यों में तापमान बढ़ने लगा है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों को छोड़कर अन्य सभी राज्यों में दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा है। कुछ दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाओं के बाद उत्तर भारत में अब मौसम साफ रहने वाला है। वहीं, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। कल तमिलनाडु में बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया, जिसके चलते सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार कम हो गई।
उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अभी मौसम साफ रहने के संकेत नहीं हैं। आज मौसम साफ रहने के बाद कल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश दोनों में बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी। एक बार फिर दोनों राज्यों के लोगों को सर्दी का एहसास हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में हुए परिवर्तनों के कारण अगले कई दिनों तक केरल, कर्नाटक एवं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान व बारिश जारी रहेगी।
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ है। सुबह और शाम गुलाबी सर्दी जरूर रहती है लेकिन दिन के समय मौसम काफी ज्यादा गर्म रहता है। दिन के समय लोगों को पंखे और कूलर की जरूरत महसूस हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पॉल्यूशन अभी भी खराब श्रेणी में बना हुआ है लेकिन हवाओं के कारण पहले से काफी राहत मिली है।
26 फरवरी का मौसम (IMD)
कहां होगी बारिश?
स्काई मेट के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश की गतिविधियां बड़े स्तर पर देखने को मिल सकती हैं। इसके साथ ही दक्षिण भारत के राज्यों में भी हल्की बारिश की संभावना है। स्काई मेट के अनुसार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
केरल में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इसके चलते तीनों राज्यों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।
कोहरे की चेतावनी
उत्तर भारत में ठंड का असर लगभग खत्म हो गया है लेकिन कोहरा अभी भी लोगों को परेशान कर रहा है। हिमाचल, उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई जिलों में लोग अभी भी कोहरे से परेशान हैं। हालांकि, यह कुछ ही जिलों तक सीमित है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या और महाराजगंज में कोहरा छाए रहने की संभावना है।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा,कुल्लू, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना में कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। पंजाब के अमृतसर, बठिंडा, गुरदासपुर, फिरोजपुर, जालंधर, कपूरथला और लुधियाना में लोग कोहरे से परेशान रह सकते हैं। लंबे समय तक कोहरा रहने के कारण किसानों को अपनी फसलों की चिंता सता रही है। वहीं, मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों को छोड़ दें तो अन्य ज्यादातर राज्यों में दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा है। कुछ जगहों पर तो लोगों को अभी से ही पंखे का सहारा लेने की जरूरत पड़ रही है। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म हो जाएगा। अभी दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है।