देश के कई राज्यों में घने कोहरे और ठंड का असर देखने को मिल सकता है। वहीं कुछ राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 23 से 27 नवंबर तक तमिलनाडु में और 24 से 26 नवंबर तक केरल में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर के साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, ओडिशा में कोहरा छाने का अनुमान है।
IMD के मुताबिक, इस हफ्ते पश्चिम और मध्य भारत के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: बिहार की लगातार दूसरी हार, कर्नाटक बाहर होने की कगार पर; SMAT का पूरा लेखा-जोखा
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, 23 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। इसके अलावा, तमिलनाडु में 23 से 27 नवंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।
केरल और माहे में भी 23 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। यहां 24 से 26 नवंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, लक्षद्वीप और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है।
उत्तर भारत में कोहरे का असर
उत्तर भारत के कुछ राज्यों में कोहरा छाने की संभावना है। IMD के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है। वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
पंजाब, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में पिछले 24 घंटों के दौरान घना कोहरा दर्ज किया गया। ओडिशा के गोपालपुर, झारसुगुड़ा और भुवनेश्वर में दृश्यता 50 मीटर रही। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में 70 मीटर और पंजाब के अमृतसर में 100 मीटर दृश्यता दर्ज की गई।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश
23 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। यहां कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है।