देश के कई हिस्सों में लंबे इंतजार के बाद अब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 4 जुलाई को भी उत्तर, पश्चिम, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है, जबकि कुछ राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 3 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने गुजरात के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश के शेष भागों तथा राजस्थान और हरियाणा के कुछ इलाकों में आगे बढ़त दर्ज की है। इसके साथ ही देश के बड़े हिस्से में मॉनसूनी गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। इसके चलते कई राज्यों में तो लोगों को मुश्किलों का सामना भी करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: तेलंगाना बनेगा कर्नाटक? आंकड़ों से समझिए कैसे पैर पसार रही बीजेपी?
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 4 जुलाई को गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने की अपील की है। कई जगहों पर भारी बारिश के कारण अप्रिय घटनाओं की जानकारी भी सामने आ रही है।
दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून के पहुंचने के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग ने 4 जुलाई के लिए बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बारिश के कारण कुछ इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है।
मुंबई में भारी बारिश से जलभराव
मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के बीच कई निचले इलाकों में पानी भरने की खबरें सामने आई हैं।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ी मुश्किलें
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के कारण कुछ स्थानों पर लैंडस्लाइ़ड और सड़कें प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: 'अब यहीं से काम करेंगे', TMC मुख्यालय पर बागी गुट ने किया कब्जा
अन्य राज्यों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी और कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।