देश के अलग-अलग राज्यों में आज भी मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में मौसमी हलचल बढ़ गई है। इसके अलावा सोमालिया के तट के पास दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। ऐसे में इस मौसमी सिस्टम के कारण समुद्र में हलचल बढ़ सकती है और तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम को देखते हुए दक्षिण भारत समेत छह क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। आने वाले घंटों में दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की आशंका है। आइए जानते हैं आज यानी 23 अक्टूबर को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, झारखंड समेत बाकी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
यह भी पढ़ें: बेबी फूड, एडेड शुगर और विवाद, अब किस कवायद में है FSSAI?
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में मौसम पूरी तरह शांत और शुष्क बना रहेगा। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के क्षेत्रों में बारिश की कोई बड़ी गतिविधि देखने को नहीं मिलेगी। नई दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहरों में दिन के समय आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और तेज धूप खिले रहने का अनुमान है।
यूपी-बिहार और झारखंड में मौसम
झारखंड में मौसम के साफ होने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस दौरान रांची, जमशेदपुर, धनबाद और देवघर जैसे प्रमुख शहरों में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और दिन में खिली हुई धूप के साथ शुष्क मौसम खुला रहेगा। बिहार राज्य में भी मानसूनी बारिश का दौर पूरी तरह थम चुका है। आज पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, और सुबह के वक्त हल्की धुंध या साफ धूप वाला सुहाना मौसम देखने को मिलेगा।
वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही हिस्सों में मौसम पूरी तरह शांत और शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, तापमान में हल्की गिरावट के साथ सुहाना मौसम पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत देगा।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में मौसम
उत्तराखंड में आज मौसम सामान्य और पूरी तरह शुष्क रहने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सर्दी का अहसास तेज होने लगा है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। यहां दिन के वक्त धूप खिलने से मौसम स्थिर रहेगा।
यह भी पढ़ें: हर साल ग्रीन दिवाली की अपील, 8 साल में क्या बदला? दिल्ली के AQI आंकड़े देखिए
तमिलनाडु और केरल में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है। केरल और माहे क्षेत्र में मानसून के बाद की गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हैं, इस वजह से यहां कई स्थानों पर झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और ओडिशा में कल मौसम कैसा रहेगा?
बंगाल की खाड़ी से जुड़े मौसमी तंत्र के कारण तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के क्षेत्रों में मौसम काफी खराब रहेगा। कर्नाटक के तटीय और दक्षिण आंतरिक हिस्सों में मौसमी हलचल के चलते बारिश का दौर देखने को मिलेगा। ओडिशा में बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर अभी शुरुआती रूप में बना हुआ है, जिससे भुवनेश्वर, पुरी, कटक और पारद्वीप जैसे प्रमुख इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
पश्चिम बंगाल में आज मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल के गांगेय और उप-हिमालयी क्षेत्रों में मौसम मिला-जुला रहेगा। कोलकाता और हावड़ा में उमस के साथ हल्के बादल छाए रहेंगे। दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी जैसे उत्तर बंगाल के पर्वतीय व मैदानी इलाकों में ठंडक के साथ मौसम साफ और सुहाना बना रहेगा।