देशभर में होली की मस्ती के बाद अब मौसम गर्म हो सकता है। देश के अधिकांश राज्यों में मौसम साफ है लेकिन कुछ राज्यों में हल्की बारिश भी हो रही है। लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों पर रहेगा। इसके असर से बादल गरजेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश रिकॉर्ड की जाएगी एवं ऊंचे भागों पर बर्फबारी होगी, जिससे कड़ाके की सर्दी महसूस की जाएगी। देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी शुरू हो गई है लेकिन कुछ हिस्सों में सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का दौर जारी है।
दिल्ली में होली पहले की तुलना में गर्म रही और अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 2.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज 5 मार्च को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गर्मी का मौसम आ गया है लेकिन दिल्ली वालों को प्रदूषण से अभी तक राहत नहीं मिली है। दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स भी मध्यम श्रेणी में बना हुआ है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण यह खराब से मध्यम श्रेणी में पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें: DMK-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग फाइनल, कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव? जानें

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन के समय तेज हवाएं चल रही हैं लेकिन सुबह और शाम गुलाबी सर्दी का एहसास हो रहा है। दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिन में उत्तर प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी यानी गर्मी और ज्यादा बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अभी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।
बिहार की बात करें तो यहां भी उत्तर प्रदेश की तरह ही मौसम साफ है। दिन के समय करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। इस पूरे हफ्ते राज्य में बारिश की कोई भी संभावना मौसम विभाग की और से नहीं जताई गई है। इसका मतलब है कि तापमान में हो रही बढ़ोतरी आगे भी जारी रहेगी और गर्मी लोगों को परेशान करना शुरू कर देगी।
हिमाचल और कश्मीर में ठंड
एक तरफ देश के अधिकतर राज्यों में तापमान बढ़ना शुरू हो गया है और गर्मी का एहसास होने लगा है। वहीं, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 3 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो 5 मार्च तक बना रहेगा। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे भागों पर बारिश हो रही है। वहीं, लद्दाख, पीर पंजाल और शिवालिक की पहाड़ियों पर छिटपुट बर्फबारी की संभावना है। हालांकि, दोनों राज्यों के मैदानी इलाकों पर इस पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें: आसान नहीं CM नीतीश कुमार को बदलना, ट्रैक रिकॉर्ड और समीकरण क्या कहते हैं?
मौसम विभाग के अनुसार, 7 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा और इसका असर 12 मार्च तक रहेगा। इस विक्षोभ के कारण हिमाचल और कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तराखंड की बात करें तो अभी एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ का वहां कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है लेकिन 8 मार्च से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू हो गया है।
अन्य राज्यों का हाल
देश के ज्यादातर राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हिमालयी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है जिससे हल्की राहत जरूर मिली है। उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली में तो आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का दौर शुरू हो गया है। आज अरुणाचल प्रदेश और केरल के कुछ भागों पर तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना भी है।