कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) के संस्थापक
अभिजीत दीपके
की दादी सावित्रीबाई का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में परिवार के घर पर दोपहर करीब 12.30 बजे अंतिम सांस ली। अभिजी दीपके को उसी दिन सुबह दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में लिया था। परिवार को नहीं पता कि वह रविवार सुबह होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल हो पाएंगे या नहीं।
अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके ने बताया कि उनकी मां लंबे समय से बीमार थीं और बिस्तर पर थीं। उन्होंने कहा कि अभिजीत अपने दादी के बेहद करीब हैं। भगवानराव के मुताबिक हिरासत के बाद से परिवार की बेटे से बात नहीं हो सकी है। उन्हें यह भी नहीं पता कि अभिजीत कहां हैं।
यह भी पढ़ें: LIVE: जंतर मंतर की किले जैसी घेराबंदी, मजिस्ट्रेट के सामने पेश होगी CJP लीडरशिप
अभिजीत ने कौन सा अपराध किया है? परिवार का सवाल
मां के अंतिम संस्कार के लिए हिंगोली जाते समय भगवानराव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि दिल्ली पुलिस बेटे को हिरासत में लेने के कानूनी आधार बताए। उन्होंने पूछा कि अभिजीत ने कौन सा अपराध किया है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि परिवार बेटे के साथ खड़ा रहेगा। उनके मुताबिक अभिजीत ने खुद यह मुद्दा चुना है और उन्हें उसकी चिंता नहीं है।
'रेप के आरोपियों को छूट, बेटे को क्यों किया गिरफ्तार'
अभिजीत दीपके की मां अनीता ने भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी विमान के अंदर जाकर उन्हें हिरासत में ले गए। उनका सवाल था कि यह कैसा शासन है। उन्होंने यह भी पूछा कि सरकार दुष्कर्म के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही, तो अभिजीत को क्यों हिरासत में ले रही है।
यह भी पढ़ें: Jantar Mantar Protest: आंदोलन से कौन उपजेगा नेता, किसके हाथ होगी कमान?
हिरासत से पहले अभिजीत दीपके ने मां से क्या कहा?
अनीता ने बताया कि एक यात्रा से पहले उन्होंने बेटे को चेताया था कि उसे कभी भी हिरासत में लिया जा सकता है। इस पर अभिजीत ने कहा था कि वे देश के लिए कुछ करना चाहते हैं और इसी देश के हैं।
दादी के अंतिम संस्कार में नहीं हो पाएंगे शामिल?
दिल्ली आने से पहले अभिजीत दीपके ने कहा था कि वह गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। परिवार के लिए शनिवार का दिन राजनीतिक टकराव के साथ-साथ निजी क्षति का भी रहा। अब अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच यह अनिश्चितता बनी हुई है कि अभिजीत अपनी दादी को अंतिम विदाई दे पाएंगे या नहीं।