दिल्ली सरकार में मंत्री रहे सत्येंद्र जैन एक बार फिर से गिरफ्तार हो गए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनके साथ पांच और लोग गिरफ्तार किए गए हैं जिनमें 3 कारोबारी भी शामिल हैं। इन्हीं कारोबारियों में एक नाम राज कुमार कुर्रा का भी है। उनकी कंपनी पूरे देश में कारोबार करती रही है और अभी भी कई दिग्गज कंपनियां और संस्थाएं उसकी क्लाइंट हैं। सत्येंद्र जैन पर आरोप है कि उन्होंने और उनके सहयोगियों ने इसी कंपनी को फायदा पहुंचाने और टेंडर दिलाने के लिए नियमों और शर्तों में बदलाव किया।
इन्हीं आरोपों के चलते सत्येंद्र जैन गिरफ्तार किए गए हैं। वजह है कि जिस समय का यह मामला है तब सत्येंद्र जैन ही दिल्ली के जल मंत्री थी। इस केस में 11 मई 2024 को भ्रष्टाचार विरोधी कानून, 1988 के तहत FIR दर्ज हुई थी। यह FIR विजिलेंस की शिकायत पर दर्ज कराई गई थी। विजिलेंस का आरोप है कि दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP)को अपग्रेड करने के लिए जारी किए गए टेंडरों में धांधली की गई।
यह भी पढ़ें: 'पिछला केस भी फर्जी था, यह भी होगा', सत्येंद्र जैन की गिरफ्तार पर भड़के केजरीवाल
सत्येंद्र जैन के अलावा उस समय दिल्ली जल बोर्ड के CEO रहे IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय को भी गिरफ्तार किया गया है। उनके अलावा, दिल्ली जल बोर्ड के लिए संविदा सलाहकार रहे अंकित श्रीवास्तव को भी ACB ने गिरफ्तार किया है। तीन कारोबारियों में पहला नाम यूरोटेक के मालिक राज कुमार कुर्रा, दूसरा नाम AN एंटरप्राइजेज के नागेंद्र यादव और तीसरा नाम सृजनहार के पंकज वर्मा का है।
क्या है Euroteck Evnironment की कहानी?
राज कुमार कुर्रा की कंपनी का नाम है Euroteck Evnironment प्राइवेट लिमिटेड। राज कुमार कुर्रा इसी तरह की कुल 4 कंपनियों में पार्टनर, एक में मैनेजिंग डायरेक्टर, एक में अडिशनल डायरेक्टर और कुल 8 कंपनियों में डायरेक्टर हैं। पूर्व में वह 5 और कंपनियों में डायरेक्टर या पार्टनर जैसे पदों पर रह चुके हैं। राज कुमार जिन कंपनियों से जुड़ी रही हैं उनमें रियल एस्टेट, इंजीनियरिंग और टेक कंपनियां शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन फिर गिरफ्तार, जल बोर्ड केस में एक्शन
अगर बात सिर्फ यूरोटेक की करें तो राज कुमार कुर्रा इस कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। 2008 के अक्तूबर महीने में बनी यह कंपनी हैदराबाद में रजिस्टर्ड है। इसका मौजूदा शेयर कैपिटल 20 करोड़ और पेड अप कैपिटल 12.27 करोड़ रुपये है। 17 साल पुरानी यह कंपनी दो बार अपने नाम में छोटे-मोटे बदलाव भी कर चुके हैं। ये बदलाव स्पेलिंग से जुड़े रहे हैं। राज कुमार कुर्रा की पत्नी हीरल इसी कंपनी की होल टाइम डायरेक्टर हैं। बता दें कि ये दोनों 12 मार्च 2019 से इस पद पर हैं।
बड़े-बड़े दिग्गज हैं यूरोटेक के क्लाइंट
यह कंपनी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने, उन्हें चलाने, पंपिंग स्टेशन बनाने, इंडस्ट्रियल एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट बनाने और चलाने का काम करती है। यह काम अलग-अलग राज्यों की सरकारें, नगर निगम और अन्य संस्थाएं भी कराती हैं। यूरोटेक डेयरी, केमिकल, फूड एंड बेवरेज, पेपर, पेट्रोकेमिकल, तेल और गैस, फार्मा और टेक्स्टाइल जैसे सेक्टर में काम करती रही है। यह कंपनी अलग-अलग तरह से होने वाली सफाई से जुड़ी मशीनें और उनसे बनने वाले प्रोजेक्ट भी बनाती है।
फार्मा सेक्टर की सन फार्मा, सिप्ला, लूपिन और जायडस जैसी बड़ी कंपनियां भी इसकी क्लाइंट हैं। इसके अलावा, अमूल, बनास डेयरी, गोकुल, रिलायंस, ओरिएंट पेपर, आदित्य बिरला ग्रासिम जैसी कंपनियां भी यूरोटेक की सेवाएं लेती हैं।
सरकारी क्षेत्र में देखें तो दिल्ली जल बोर्ड के अलावा, GHMC, HMDA, विशाखापत्तनम नगर निगम, पिंपरी चिंचवड महानगर पालिका और इसरो जैसे संस्थान भी इस कंपनी की सेवाएं लेते रहे हैं।