यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस (UPA) की चेयरपर्सन और कांग्रेस की सांसद
सोनिया गांधी
की किताब इन दिनों खूब चर्चा में है। सोनिया गांधी ने 'Belonging: A Journey of Love' नाम से अपनी आत्मकथा लिखी है। अब इसके हिस्से धीरे-धीरे बाहर आ रहे हैं। इस किताब में उन्होंने अपने निजी जीवन का जिक्र ज्यादा और राजनीति का जिक्र कम किया है। इसके बावजूद इस किताब में मौजूदा प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि वह नरेंद्र मोदी के सीधे संपर्क में नहीं हैं और बस किसी मीटिंग में ही मुलाकात हो जाती है। उन्होंने कुछ बातों के लिए नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की है लेकिन यह भी लिखा है कि जब भी वह उनसे मिलते हैं तो नजरें मिलाने से बचते हैं। सोनिया गांधी ने यह भी लिखा है कि अब वैसी बात नहीं है, जैसे पहले थी और अलग-अलग दलों के लोग भी आत्मीयता से मिलते थे।
544 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने नरेंद्र मोदी के संघर्ष और उनके विजन के बारे में भी लिखा है। वह लिखती हैं कि उनका विचार और नजरिया नरेंद्र मोदी से बिल्कुल अलग है लेकिन कुछ बातें एक जैसी हैं। उनका कहना है कि सत्ता पर काबिज एलीट लोगों से दोनों (नरेंद्र मोदी और सोनिया गांधी) असहज रहे हैं। सोनिया गांधी ने नरेंद्र मोदी की यात्रा के बारे में लिखा है कि उन्होंने एक पिछड़े समाज से आकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से होते हुए सत्ता तक अपना रास्ता बनाया।
यह भी पढ़ें: 81 की उम्र में एम. जॉन हैरिसन ने जीता बुकर प्राइज, किस किताब के लिए मिला खिताब?
मोदी से मुलाकातों पर सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया इस किताब में लिखती हैं, 'आज भी मेरा उनसे कोई संपर्क नहीं है। हम कई बार कुछ बैठकों में जैसे कि स्पीकर के चेंबर में मिल जाते हैं। जब भी वह मेरे सामने आते हैं, हम एक-दूसरे को औपचारिक तौर पर नमस्ते करते हैं। यह पहले से काफी अलग है जब दूसरी पार्टी के लोगों से भी लोग आत्मीयता से मिलते थे। वह (नरेंद्र मोदी) अलग देखने लगते हैं, नजरें मिलाने से बचते हैं।'
नरेंद्र मोदी के बारे में सोनिया गांधी आगे लिखती हैं, 'वह अपने आइडिया ऑफ द इंडिया के लिए लड़ रहे हैं और मैं अपने। मेरा आइडिया नफरत के खिलाफ भारत का है। एक ऐसा भारत जो धर्म निरपेक्ष हो, सामाजिक न्याय वाला हो और सबको साथ लेकर चलने वाला हो। यह निजी लड़ाई नहीं है।'
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी vs जेनी कांड, उत्तराखंड में BJP को दांव मिल गया?
सोनिया गांधी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणियों के लिए उनकी आलोचना भी की है। उनका कहना है कि यह उनकी RSS वाली परवरिश का असर है।