दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के DUSU अध्यक्ष आर्यन मान के जबरन प्रवेश को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आर्यन ने अपने दर्जनों साथियों के साथ गार्गी कॉलेज में जैसे ही एंट्री की कॉलेज का माहौल गरमा गया। सैकड़ों महिला छात्राओं ने आर्यन का विरोध किया, जिसको देखते हुए उन्हें अपने साथियों के साथ में कॉजेप परिसर से बाहर जाना पड़ा। कॉलेज में आर्यन मान और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों के जबरन एंट्री करने का मामला अब राजनीतिक एंगल ले चुका है।
विपक्षी दलों के छात्र संघ इस कदम का खुलकर विरोध कर रहे हैं, जबकि ABVP ने अपने कदम को सही ठहराया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर यह पूरी विवाद क्या है और इसपर इतना बवाल क्यों हो रहा है...
यह भी पढ़ें: संसद में 33% महिला आरक्षण पर रार, राज्यों में 10% महिलाएं भी नहीं बन पा रही MLA
महिला कॉलेज है गार्गी
दरअसल, गार्गी कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय का महिला कॉलेज है। गार्गी में शुक्रवार को छात्र परिषद चुनाव हो रहे थे। यह मामला भी इसी चुनाव से जुड़ा हुआ है। कॉलेज परिषद के चुनाव में खड़ी एक उम्मीदवार ने DUSU अध्यक्ष आर्यन मान से संपर्क किया और आरोप लगाया कि वोटिंग प्रक्रिया उसके साथ निष्पक्ष नहीं हो रही है। यह सूचना मिलते ही आर्यन मान अपने दर्जनों साथियों के साथ गार्गी कॉलेज पहुंच गए। वह जैसे ही कॉलेज के गेट पर कॉलेज प्रशासन ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
गर्ल्स कॉलेज के नियमों के मुताबिक, पुरुषों की एंट्री केवल खास परिस्थितियों में और पूरी जांच के बाद ही दी जाती है। इसके बावजूद भी आर्यन मान और उनके साथ आए कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में जबरदस्ती घुस गए। गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की मगर आर्यन ने दावा किया कि वह और उनके साथी उम्मीदवार के समर्थन में आए हैं।
DUSU टीम को 'गो बैक' के लगे नारे
घटना के दौरान कई छात्राओं ने इसका विरोध किया और नारे भी लगाए। इस घटना का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें आर्यन अपने साथियों के साथ में तेजी से बाहर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। गार्गी की छात्राओं ने ABVP और DUSU टीम को 'गो बैक' और 'हाय-हाय' के नारे लगाए। आखिरकार उन्हें कैंपस से बाहर जाने के लिए मजबूर कर दिया।
कॉलेज की एक छात्रा ने कहा कि DUSU अध्यक्ष की कॉलेज में सीमित भूमिका होती है। छात्र ने कहा, 'जिस तरह से वे अंदर आए, उनका व्यवहार डराने वाला था। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और सभी लोगों को बाहर निकाल दिया।'
यह भी पढ़ें: BJP महिला सांसदों ने राहुल गांधी के घर का किया घेराव, पुलिस ने हिरासत में लिया
छात्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्यन मान करीब 50–60 लोगों के साथ परिसर के अंदर आ गए। उनके परिसर में आते ही माहौल तनावपूर्ण और आक्रामक हो गया। ABVP के कार्यकर्ता नारे लगने लगे। गार्गी की कुछ छात्राओं ने इसे डराने और दबाव बनाने की कोशिश बताया है।
विपक्ष की तीखी प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि यह सिर्फ नियम तोड़ने का मामला नहीं, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि 'बेटी बचाओ' जैसे नारे जमीन पर नजर नहीं आते। इस घटना के बाद एक महिला कॉलेज में ही सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने इस पूरी घटना को उदाहरण बताते हुए नरेंद्र मोदी, बीजेपी और और एबीवीपी पर सवाल उठाए और पूछा कि क्या यही बीजेपी और एबीवीपी के संस्कार हैं?
एबीवीपी ने क्या कहा?
इस मामले में DUSU अध्यक्ष आर्यन मान ने तो सीधे तौर पर खुलकर कुछ नहीं कहा लेकिन ABVP के नेता सार्थक शर्मा ने कहा कि शुरुआत में वे लोग सिर्फ शांति से विरोध कर रहे थे। मगर, एक ऐसी छात्रा ने शिकायत की थी जो किसी भी संगठन से नहीं जुड़ी थी और उसे लग रहा था कि उसके साथ सही व्यवहार नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि पहले वे लोग बाहर बैठकर धरना दे रहे थे, लेकिन जब एक स्टाफ सदस्य ने उनसे गलत तरीके से और अभद्र भाषा में बात की तब माहौल बिगड़ गया और कुछ लोग अंदर चले गए।