logo

मूड

ट्रेंडिंग:

जेल से खूब चिट्ठियां लिखने वाले सुकेश चंद्रशेखर को 8 साल की सजा क्यों हुई?

खुद को सुप्रीम कोर्ट का जज बताकर एक न्यायिक अधिकारी को फोन करने और धमकाने के मामले में सुकेश चंद्रशेखर को 8 साल की सजा सुनाई गई है। 

sukesh chandrashekhar

सुकेश चंद्रशेखर, File Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

सुकेश चंद्रशेखर का नाम पिछले कई साल से सुर्खियों में है। जेल में बंद यह ठग कभी अभिनेत्री जैक्लीन फर्नांडीस को लव लेटर लिखता तो कभी दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के बारे में चिट्ठियां लिखता था। अब दिल्ली की एक अदालत ने सुकेश को 8 साल का सुनाई है। सुकेश के खिलाफ कई अन्य मामले भी चल रहे हैं जिनमें लोगों से ठगी करने के आरोप भी शामिल हैं। जिस मामले में सुकेश को सजा हुआ है, वह एक न्यायिक अधिकारी को धमकाने का है। पूर्व में यह भी देखा गया था कि कई हाई प्रोफाइल लोग सुकेश से मिलने जेल जाते रहे हैं और वह खुद भी ऐसे लोगों के संपर्क में होने का दावा करता रहा है।

 

दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हर्षिता मिश्रा ने चंद्रशेखर को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 170 के तहत दो साल के कठोर कारावास और 5,000 रुपये के जुर्माने, धारा 189 के तहत दो साल के कठोर कारावास और 5,000 रुपये के जुर्माने और धारा 507 के तहत चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। यह आदेश 29 अगस्त को आया था लेकिन अब उपलब्ध हुआ है। यह सजा सुप्रीम कोर्ट का जज बनकर एक अन्य आपराधिक मामले की कार्यवाही प्रभावित करने के मामले में सुनाई गई है।

कोर्ट ने अपने आदेश में क्या कहा?

इस फैसले में अदालत ने कहा, ‘सजा से यह स्पष्ट होना चाहिए कि आपराधिक न्याय व्यवस्था एक बार किए गए सामान्य गैरकानूनी कृत्य और सार्वजनिक संस्थाओं के कामकाज को जानबूझकर प्रभावित करने, डराने या उसमें दखल देने के लिए लगातार और सुनियोजित तरीके से किए गए कृत्यों के बीच अंतर करती है।’ अदालत ने निर्देश दिया कि तीनों सजाएं एक के बाद एक लगातार चलेंगी, जिससे कुल जेल की सजा आठ साल होगी। जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में चंद्रशेखर को एक महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। इसी अदालत ने 20 अगस्त को चंद्रशेखर को IPC की धारा 170, 189 और 507 के तहत दोषी ठहराया था। ये धाराएं किसी अन्य व्यक्ति या पदाधिकारी का रूप धारण करने और धमकी देने से संबंधित हैं।

 

यह भी पढ़ें: 293 गुना ज्यादा अपराध, ढाई गुना कम है पुलिस, स्पेन की तुलना में कहां है गोरखपुर?

 

सजा संबंधी आदेश के अनुसार, चंद्रशेखर ने 28 अप्रैल, 2017 को न्यायिक अधिकारी पूनम चौधरी को कई फोन किए थे। उसने खुद को दक्षिण भारत से सुप्रीम कोर्ट का जज बताया और अपने दावे को विश्वसनीय बनाने के लिए उसी क्षेत्र के लहजे में बात की। अदालत ने कहा कि उसका उद्देश्य एक अन्य आपराधिक मामले में अपनी जमानत से जुड़ी न्यायिक कार्यवाही को प्रभावित करना था। अदालत ने उसके इस कृत्य को न्यायिक प्रक्रिया की शुचिता और निष्पक्षता पर हमला बताया। अदालत ने कहा, ‘जिस व्यक्ति का रूप धारण किया गया, उसका चयन संयोग से नहीं हुआ था।’ अदालत के मुताबिक, चंद्रशेखर ने जानबूझकर संवैधानिक पद से जुड़ी विश्वसनीयता का लाभ उठाने की कोशिश की।

सुकेश ने शिकायतकर्ता पर ही उठाए सवाल

अदालत ने इस दलील को भी खारिज कर दिया कि न्यायिक अधिकारी को धोखा देने या जमानत हासिल करने में नाकाम रहने को सजा कम करने के आधार के रूप में देखा जाना चाहिए। अदालत ने कहा कि कोशिश असफल हो जाने से किसी दूसरे व्यक्ति का रूप धारण करने का कृत्य कम गंभीर या महत्वहीन नहीं हो जाता। अदालत ने यह भी कहा कि सुनवाई के दौरान चंद्रशेखर ने वास्तव में अपने कृत्य पर कोई पछतावा या पश्चाताप नहीं दिखाया, बल्कि शिकायतकर्ता न्यायिक अधिकारी की विश्वसनीयता पर ही सवाल उठाए।

 

यह भी पढ़ें: जीतन राम मांझी और चिराग पासवान फिर उलझे, झगड़ा किस बात का है?

 

अदालत ने कहा कि मौजूदा तकनीकी दौर में यह मामला विशेष रूप से चिंताजनक है क्योंकि डीपफेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार ऑडियो-वीडियो सामग्री, किसी व्यक्ति की आवाज की हूबहू नकल और फर्जी तरीके से भेजे गए संदेश या संचार का इस्तेमाल करके संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों का रूप धारण करना पहले की तुलना में कहीं अधिक विश्वसनीय बनाया जा सकता है। अदालत ने न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास की रक्षा करने की जरूरत पर जोर दिया।

 

तीस हजारी कोर्ट सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की सूची पर भी विचार किया लेकिन कहा कि वे मामले अभी विचाराधीन हैं और उनमें कोई दोषसिद्धि नहीं हुई है। इसलिए उसकी सजा तय करते समय उन मामलों को आधार नहीं बनाया जा सकता। अदालत ने निर्देश दिया कि चंद्रशेखर को पहले ही हिरासत में बिताई गई अवधि का लाभ दिया जाए। यानी जितना समय वह जेल में बिता चुका है, उतना समय 8 साल में से कम हो जाएगा।

Related Topic:#Delhi News

और पढ़ें