पंजाब के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को छात्रों ने रेप की अफवाह पर जमकर हंगामा किया है। छात्रों में यह खबर फैली कि किसी बाहरी शख्स ने कैंपस की एक छात्रा रेप किया है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कैंपस के अंदर की संपत्तियों को जमकर तोड़ा और भीषण आगजनी की।
प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी के बाहर जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को भी जाम कर दिया, जिससे ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। हंगामे से एक दिन पहले चितकारा यूनिवर्सिटी में भी इसी तरह का प्रदर्शन हुआ था। पुलिस ने अभी तक रेप की किसी शिकायत की पुष्टि नहीं की थी।
यह भी पढ़ें: बाढ़ के पानी में नहाना 6 बच्चों को पड़ा भारी, भागलपुर में एक साथ 6 की मौत
लड़कियों के हॉस्टल से शुरू हुआ हंगामा
लड़कियों के हॉस्टल के पास सबसे पहले नारेबाजी और तोड़फोड़ शुरू हुई। देखते ही देखते अलग-अलग हॉस्टलों के छात्र इसमें शामिल होते गए। मामला गंभीर होता चला गया। रात करीब 2 बजे तक बड़ी संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए और यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट की ओर बढ़ने लगे।
छात्रों ने कैंपस के अंदर वीडियो बनाकर शेयर किया। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर हंगामा बरपा है। कैंपस से कई डराने वाले वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी मॉल और दूसरे हॉस्टलों से गुजरते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह आगजनी भी की।
यह भी पढ़ें: 'खराब लाइटिंग, टूटी दीवारें' गैंगरेप के बाद आस्था कुंज पार्क में सुरक्षा का खतरा
कैंपस में क्यों हुई नारेबाजी?
कैंपस के बाहर छात्रों ने सुबह करीब 4 बजे नेशनल हाईवे जाम कर दिया, जिससे जालंधर-फगवाड़ा के व्यस्त हिस्से पर ट्रैफिक बाधित हो गया। प्रदर्शनकारी 'हमें न्याय चाहिए, वी वॉन्ट जस्टिस' के नारे लगाते हुए कथित घटना पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मुद्दा क्या है?
द इंडियनन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक छात्रा से कथित यौन उत्पीड़न की खबर सामने आई। छात्रों के बीच उस घटना को लेकर अलग-अलग अफवाहें और अपुष्ट खबरें पहुंची। खबरों को देखने के बाद छात्र भड़क गए और इंसाफ की मांग को लेकर हॉस्टल के बाहर आए।
पुलिस ने क्या बताया है?
स्थिति बिगड़ने पर कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव तूरा मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की। पुलिस को कथित यौन उत्पीड़न को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली थी। इसके बावजूद छात्र लगातार प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग कर रहे थे कि आखिर हुआ क्या और अगर आरोप सही साबित होता है तो कार्रवाई की जाए।