अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (RSS) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने 21 जून को पूरे उत्तर प्रदेश में भिक्षाटन आंदोलन का ऐलान किया है। इस दौरान प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और प्रमुख चौराहों पर कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए 'चंदा चोरों गद्दी छोड़ो' का नारा बुलंद करेंगे। पार्टी का दावा है कि रामभक्तों द्वारा मंदिर निर्माण के लिए दिए गए चंदे में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ यह आंदोलन किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को प्रतीकात्मक रूप से 420 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भेजा जाएगा। इसके जरिए पार्टी कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी और मंदिर के चढ़ावे में पारदर्शिता की मांग करेगी।
यह भी पढ़ें: 7 महारथी, मिशन एक, क्या समाजवादी पार्टी ब्राह्मणों को साध पाएगी? रणनीति समझिए
संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और संघ पर साधा निशाना
AAP सांसद संजय सिंहने आरोप लगाया कि राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने उदारतापूर्वक सहयोग दिया था। उन्होंने कहा कि चंदे के उपयोग को लेकर उठ रहे सवाल करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं से जुड़े हैं और इनका जवाब दिया जाना चाहिए।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि भिक्षाटन कार्यक्रम के जरिए जनता के बीच जाकर अपने आरोपों और मांगों को रखा जाएगा। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि कथित भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे: कनेक्टिविटी से विकास तक, क्या बदलने वाला है?
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
राम मंदिर और चढ़ावे को लेकर छिड़ा यह विवाद अब राजनीतिक रंग लेता दिखाई दे रहा है। एक तरफ आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन की तैयारी कर रही है, तो दूसरी ओर इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। ऐसे में 2027 के चुनावी माहौल से पहले यह मुद्दा उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है।