प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब के लिए 5,470 करोड़ रुपये की रेलवे और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं।
इसी कार्यक्रम में पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी और उसकी सरकार के ऊपर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करने के लिए ईमानदार इरादे और ईमानदारी की भावना चाहिए लेकिन पंजाब में अभी जो पार्टी सत्ता में है, उसके पास दोनों में से कुछ भी नहीं है।
यह भी पढ़ें: BJP से बगावत या सीटें बढ़वाने का प्लान, अचानक शिवपाल से क्यों मिले संजय निषाद?
AAP को बताया कट्टर बेईमान पार्टी
पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी के लिए कहा, 'इसे 'कट्टर बेईमान पार्टी' के नाम से जाना जाता है। केंद्र सरकार यह पक्का करने की पूरी कोशिश कर रही है कि पंजाब के लोगों को उसकी सभी योजनाओं का फायदा मिले। फिर भी इस कट्टर बेईमान पार्टी के राज में लूट का खुला खेल चल रहा है।'
पैसे का सही इस्तेमाल नहीं कर रही AAP
उन्होंने कहा, 'पिछले 12 सालों में केंद्र ने पंजाब को लाखों करोड़ रुपये का फंड भेजा है। पंजाब सरकार पैसे का सही इस्तेमाल करने में नाकाम रही। और तो और यह लूट उधार लिए गए पैसों से हो रही है। पंजाब के नाम पर लोन लिए जा रहे हैं। जबकि राज्य का बजट इस कर्ज के ब्याज में खर्च हो रहा है, सरकार चलाने वाले उसी पैसे से ऐश कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: 'हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़ने की बात गलत है', CM योगी के दावे पर बोले बृजभूषण सिंह
विज्ञापनों के दम पर तस्वीर छिपाई जा रही
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में आज क्या हो रहा है ये किसी से छिपा नहीं है। यहां विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है। पीएम ने कहा कि आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है। कब कहां गैंगवॉर हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता। यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो गया है। सरेआम लोगों से फिरौती मांगी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन थानों पर हमले होते हैं और सबसे दुखद तो ये है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है। यहां नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं। पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है।