logo

मूड

ट्रेंडिंग:

अमरिंदर सिंह फोन पर, राजीव-सोनिया में हुई थी बहस, राहुल गांधी ने सुनाया किस्सा

राहुल गांधी ने बताया कि एक बार राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। इसी दौरान सोनिया गांधी से उनकी बहस हो गई थी। राहुल गांधी ने बताया कि यह वह पहला मौका था जब उन्होंने दोनों को झगड़ते देखा था।

विमोचन के दौरान बोलते राहुल गांधी की तस्वीर

नेता विपक्ष राहुल गांधी, Photo Credit- PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित आईटीसी मौर्य होटल में सोमवार को सोनिया गांधी की किताब का औपचारिक विमोचन हुआ। इस दौरान राहुल गांधी ने पिता राजीव गांधी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को सिर्फ एक बार झगड़ते देखा था। उस दिन राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। इसी दौरान सोनिया गांधी उनसे कुछ कहना चाह रही थीं। वह एक ही बात तीन-चार बार दोहरा रही थीं। राजीव गांधी पहले से तनाव में थे। ऐसे में उन्हें गुस्सा आ गया और दोनों के बीच बहस हो गई। राहुल गांधी ने बताया कि यह वह पहला मौका था जब उन्होंने दोनों को लड़ते देखा था। 

 

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' 10 नवंबर 2026 को बाजार में आई थी। इसे हार्परकॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित किया है। 16 नवंबर को इसका औपचारिक विमोचन किया गया। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी, राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते और परिवार से जुड़ी कई बातें बताई हैं। साथ ही अपने राजनीतिक सफर के अनुभव भी साझा किए हैं। विमोचन के दौरान राहुल गांधी मंच पर बोलने आए तो उन्होंने कुछ मजेदार और भावुक किस्से सुनाएं।

'पहली बार दोनों को झगड़ते देखा'

राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने बचपन में अपने माता-पिता को बहस करते तो देखा था, लेकिन झगड़ते सिर्फ एक बार देखा। उन्होंने कहा, 'देखिए, अमरिंदर सिंह यहां मौजूद हैं। आप मेरी बात पर यकीन नहीं करेंगे, लेकिन आप मेरी बहन से भी पूछ सकते हैं। हमने पापा और मम्मा को बहस करते तो देखा था, लेकिन उन्हें झगड़ते सिर्फ एक बार देखा। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। सोनिया गांधी उनसे कुछ कहना चाहती थीं। वह अपनी बात बार-बार दोहरा रही थीं। राजीव गांधी तनाव में थे। इसी वजह से उन्हें गुस्सा आ गया।'

खाते वक्त दिखता था दोनों का प्यार

राहुल गांधी ने बताया कि उनके घर में प्यार जताने का तरीका दूसरे परिवारों से अलग था। खाने के समय राजीव गांधी मौजूद होते थे और सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठती थीं। राहुल को लगता था कि हर घर में ऐसा ही होता है। वह जब दोस्तों के घर जाते और उनके माता-पिता को इस तरह नहीं देखते, तो उनसे सवाल करते थे कि उनकी मां खाने के समय पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं। उन्होंने कहा कि बचपन से उन्होंने अपने माता-पिता को इसी तरह देखा था, उनके लिए यह बिल्कुल सामान्य बात थी।

 

यह भी पढ़ें: चंचल यादव कौन हैं, जिनके खिलाफ राहुल गांधी ने पूरे देश में FIR कराने की बात कही?

'मां पहले जैसी नहीं रहीं'

राहुल गांधी ने बताया कि राजीव गांधी को खोने के बाद सोनिया गांधी का जीवन कैसे बदला। राहुल ने कहा, 'मैंने आंखों के सामने माता-पिता के खूबसूरत रिश्ते को बदलते देखा। यह बदलाव अचानक नहीं हुआ। धीरे-धीरे सब कुछ बदलता चला गया।  पहले परिवार का एक सहारा छिना और फिर उन्होंने अपने सबसे बड़े सहारे को भी टूटते देखा।' राहुल गांधी ने कहा पिता राजीव गांधी के निधन के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। राहुल ने कहा कि पहले उनकी मां हमेशा हंसती और मुस्कुराती थीं लेकिन पिता के जाने के बाद वह पहले जैसी नहीं रहीं। उनकी जगह एक बिल्कुल अलग मां ने ले ली।

 

यह भी पढ़ें: रामलीला मैदान: सड़कों पर सपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उमड़ा हुजूम, बाकी दल कहां?

राजीव के निधन की यादें भूलीं सोनिया

राहुल गांधी ने बताया कि उनकी और सोनिया गांधी की अक्सर याददाश्त को लेकर बहस होती है। सोनिया गांधी कहती हैं कि उन्हें कुछ खास याद नहीं रहता। लेकिन राहुल के मुताबिक वह कोई भी बात नहीं भूलतीं। हालांकि, राजीव गांधी के निधन के समय की घटनाएं उन्हें याद नहीं हैं। राहुल ने कहा कि उस दौर के बारे में किताब में पढ़ने को मिलेगा। उन यादों को प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी ने मिलकर जोड़ने की कोशिश की है।

उन्होंने बताया कि राजीव और सोनिया गांधी की जिंदगी प्यार और खुशियों से भरी थी। लेकिन एक ही दिन में सब कुछ बदल गया। वह दौर परिवार के लिए बहुत डरावना था। सोनिया गांधी को पहले से पता था कि ऐसा होने वाला है।


और पढ़ें