logo

मूड

ट्रेंडिंग:

अरविंद प्रताप कौन हैं? जिन्होंने कन्नौज में मुलायम को दी थी चुनौती

मुलायम सिंह यादव ने वर्ष 1999 में कन्नौज लोकसभा चुनाव जीता था लेकिन कन्नौज सदर विधान सभा इलाके में पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह ने उनको पीछे कर दिया था।

सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव व पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, Photo Credit : Social Media

सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव व पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश की सियासत में कन्नौज का एक ऐसा चुनावी इतिहास है, जिसमें समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने लोकसभा चुनाव तो जीत लिया था, लेकिन एक विधानसभा क्षेत्र में उनसे ज्यादा वोट उनके प्रतिद्वंद्वी अरविंद प्रताप सिंह को मिले थे। वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव ने अरविंद प्रताप सिंह को कुल 79,139 वोटों से हराया था। हालांकि, कन्नौज विधानसभा क्षेत्र में अरविंद प्रताप सिंह ने मुलायम सिंह को 2,961 वोटों से पीछे छोड़ दिया था।

 

अब एक बार फिर अरविंद प्रताप सिंह का नाम चर्चा में है। बीजेपी की ओर से विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के चयन के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इस सर्वे में भोजपुर विधानसभा सीट से अरविंद प्रताप सिंह का नाम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर अरविंद प्रताप सिंह कौन हैं, जिन्होंने कभी मुलायम सिंह यादव को कन्नौज विधानसभा क्षेत्र में पीछे छोड़ दिया था और अब बीजेपी की संभावित दावेदारी को लेकर चर्चा में हैं।

1999 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सामने अखिल भारतीय लोकतांत्रिक कांग्रेस के प्रत्याशी अरविंद प्रताप सिंह मैदान में थे। इस चुनाव में मुलायम सिंह यादव को 2,91,617 वोट मिले, जबकि अरविंद प्रताप सिंह ने 2,12,478 वोट हासिल किए। मुलायम सिंह ने 79,139 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। बहुजन समाज पार्टी के सुघर सिंह पाल 1,18,492 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। अरविंद प्रताप सिंह के लिए यह मुकाबला इसलिए भी अहम था, क्योंकि उन्होंने मुलायम सिंह यादव जैसे बड़े राजनीतिक चेहरे के सामने दो लाख से ज्यादा वोट हासिल किए थे।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में पहला डंकी फार्म, गधी के दूध की मार्केटिंग, क्या हासिल होगा?

कन्नौज विधानसभा में मुलायम से 2,961 वोट आगे निकले

इस लोकसभा चुनाव के विधानसभा क्षेत्रवार नतीजे बेहद दिलचस्प थे। उस समय कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल थे। इनमें भरथना, बिधूना, कन्नौज, उमर्दा और छिबरामऊ शामिल थे।भरथना में मुलायम सिंह यादव को 82,353 वोट मिले, जबकि अरविंद प्रताप सिंह को 25,731 वोट हासिल हुए। यहां मुलायम सिंह 56,622 वोटों से आगे रहे।
बिधूना में मुलायम सिंह को 55,391 और अरविंद प्रताप सिंह को 39,601 वोट मिले। यहां भी मुलायम सिंह की बढ़त 15,790 वोट रही।

 

 कन्नौज विधानसभा क्षेत्र में मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। यहां मुलायम सिंह यादव को 42,906 वोट मिले, जबकि अरविंद प्रताप सिंह ने 45,867 वोट हासिल किए। इस तरह अरविंद प्रताप सिंह ने मुलायम सिंह को 2,961 वोटों से पीछे छोड़ दिया था।उमर्दा में मुलायम सिंह को 54,644 और अरविंद प्रताप सिंह को 52,359 वोट मिले। यहां मुलायम सिंह 2,285 वोटों से आगे रहे।वहीं, छिबरामऊ में मुलायम सिंह यादव को 56,304 वोट मिले, जबकि अरविंद प्रताप सिंह ने 48,888 वोट हासिल किए। यहां मुलायम सिंह की बढ़त 7,416 वोट रही।इस तरह पांच विधानसभा क्षेत्रों में से चार पर मुलायम सिंह यादव आगे रहे, जबकि कन्नौज विधानसभा क्षेत्र में अरविंद प्रताप सिंह ने उनसे ज्यादा वोट हासिल कर राजनीतिक मुकाबले को दिलचस्प बना दिया था।

 

यह भी पढ़ें: 2 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें, अखिलेश यादव मान जाएंगे?

उमर्दा से दो बार जीते, अब तिर्वा के नाम से जानी जाती है सीट

अरविंद प्रताप सिंह का राजनीतिक आधार कन्नौज की राजनीति में रहा है। उन्होंने तत्कालीन उमर्दा विधानसभा सीट से 1991 में जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इस चुनाव में उन्हें 31,940 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे जनता दल के देवेश्वर नारायण सिंह को 28,496 वोट हासिल हुए। अरविंद प्रताप सिंह ने 3,444 वोटों से जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा में जगह बनाई।इसके बाद 1993 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर फिर इसी सीट से चुनाव लड़ा। इस बार मुकाबला बेहद करीबी रहा। अरविंद प्रताप सिंह को 49,601 वोट मिले, जबकि बीजेपी के रामबक्स वर्मा को 49,383 वोट हासिल हुए। इस तरह उन्होंने महज 218 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया।

2002 में बीजेपी के टिकट पर लड़े, 2,175 वोट से मिली हार

अरविंद प्रताप सिंह का चुनावी सफर 1999 के लोकसभा चुनाव तक सीमित नहीं रहा। वर्ष 2002 में उन्होंने फर्रुखाबाद जिले की तत्कालीन कमालगंज विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के जमालुद्दीन सिद्दीकी से हुआ।जमालुद्दीन सिद्दीकी को 45,579 वोट मिले, जबकि अरविंद प्रताप सिंह ने 43,404 वोट हासिल किए। दोनों प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर महज 2,175 वोट रहा। बहुजन समाज पार्टी के तारिक अहमद 35,534 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
खास बात यह है कि वर्ष 2002 में इस सीट का नाम कमालगंज था। वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद इसका नाम बदलकर भोजपुर विधानसभा कर दिया गया। यानी जिस सीट से अरविंद प्रताप सिंह ने 2002 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, वह अब भोजपुर विधानसभा के नाम से जानी जाती है।

अब भोजपुर सीट पर बीजेपी के सर्वे में नाम की चर्चा

करीब दो दशक से ज्यादा पुराने इन चुनावी नतीजों के बाद अब अरविंद प्रताप सिंह का नाम एक बार फिर भोजपुर विधानसभा सीट को लेकर चर्चा में है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी संभावित प्रत्याशियों की स्थिति और उनके राजनीतिक समीकरणों को लेकर सर्वे करा रही है। इसी प्रक्रिया में भोजपुर सीट से अरविंद प्रताप सिंह का नाम भी प्रस्तावित दावेदारों में बताया जा रहा है।उनके नाम की चर्चा के पीछे उनका पुराना चुनावी प्रदर्शन भी एक अहम संदर्भ है। वर्ष 1999 में उन्होंने कन्नौज विधानसभा क्षेत्र में मुलायम सिंह यादव से ज्यादा वोट हासिल किए थे, जबकि वर्ष 2002 में बीजेपी के टिकट पर कमालगंज सीट से चुनाव लड़ते हुए वह महज 2,175 वोटों से हार गए थे।

 

यह भी पढ़ें: UP में जयंत चौधरी ने बढ़ाई BJP की टेंशन, 35 सीटों की मांग, 10-12 पर अटकी बात

दो चुनाव, दो दिलचस्प राजनीतिक नतीजे

अरविंद प्रताप सिंह के राजनीतिक सफर के दो चुनाव खास तौर पर चर्चा में रहे हैं। वर्ष 1999 में उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट पर मुलायम सिंह यादव के सामने 2.12 लाख से ज्यादा वोट हासिल किए और कन्नौज विधानसभा क्षेत्र में उनसे आगे निकल गए। वहीं, वर्ष 2002 में बीजेपी के टिकट पर कमालगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते हुए उन्हें महज 2,175 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।अब भोजपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चल रहे सर्वे में उनका नाम सामने आने से उनकी राजनीतिक दावेदारी फिर चर्चा में है। हालांकि, सर्वे में नाम शामिल होने और पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किए जाने में अंतर है। ऐसे में देखना होगा कि आगामी चुनाव में बीजेपी भोजपुर सीट से किस चेहरे पर भरोसा जताती है।


और पढ़ें