6 साल बाद BJP के साथ आया अकाली दल, इन 5 मुद्दों पर जवाब देना हो जाएगा मुश्किल
6 साल बाद बीजेपी और अकाली दल फिर से साथ आ गए हैं। इस गठबंधन के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं जिनमें पांच प्रमुख मुद्दों पर अपना पक्ष रखना भी शामिल है।

साथ आ गए बीजेपी और अकाली दल, Photo Credit: PTI
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) का गठबंधन हो गया है। 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर अलग होने के बाद अब करीब छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर एक साथ चुनाव लड़ेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद मंगलवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गठबंधन का ऐलान हुआ। इस गठबंधन की घोषणा का इंतजार पंजाब के तमाम राजनीतिक दल कर रहे थे और घोषणा के तुरंत बाद दोनों दलों पर विपक्षी पार्टियों ने सवाल उठाना शुरू कर दिए।
एक तरफ गठबंधन के सामने सीटों के बंटवारे की चुनौती है तो वहीं विपक्ष के सवालों के जवाब देना भी बड़ी चुनौती है। दोनों पार्टियों को अपने पुराने शासन, किसान आंदोलन और सिख समुदाय से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर भी जवाब देना होगा। खासकर अकाली दल के लिए 2007 से 2017 तक की सरकार का रिकॉर्ड और बीजेपी के लिए केंद्र सरकार के फैसले चुनावी बहस का हिस्सा बन सकते हैं। विपक्ष के पास कई ऐसे बड़े मुद्दे हैं, जिन पर वह दोनों दलों को घेरने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में BJP का 'सेवा दूत' प्लान, डोटासरा ने 2028 को लेकर किया बड़ा दावा
नशे का मुद्दा
गठबंधन के ऐलान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नशे को खत्म करना बड़ी प्राथमिकता बताया। उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा। लेकिन विपक्ष इसी मुद्दे पर दोनों दलों को घेरना शुरू कर चुका है। 2007 से 2017 तक अकाली-बीजेपी सरकार के दौरान भी पंजाब में नशे का मुद्दा बड़ा राजनीतिक विवाद बना था। वहीं NCRB के 2024 के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में नशे की ओवरडोज से 106 लोगों की मौत हुई, जबकि 2023 में यह संख्या 89 थी। कांग्रेस और AAP सवाल उठा सकती हैं कि दस साल सत्ता में रहने के बाद भी दोनों दल नशे पर लगाम क्यों नहीं लगा पाए।
इसके साथ ही विपक्ष सवाल उठा रहा है कि बिक्रम सिंह मजीठिया जैसे लोगों के साथ मिलकर कैसे नशा खत्म किया जा सकता है। बिक्रम सिंह मजीठिया अकाली दल के सीनियर नेता हैं और अकाली सरकार के दौरान मंत्री रहते हुए उन पर नशा बेचने के आरोप लगे थे। अब विपक्ष इसी मुद्दे पर गठबंधन पर हमलावर है।
बेअदबी और बहिबल कलां गोलीकांड
2015 में फरीदकोट के बरगाड़ी में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी और उसके बाद बहिबल कलां व कोटकपूरा में पुलिस फायरिंग की घटनाएं अकाली दल की राजनीति पर बड़ा दाग बनी हुई हैं। बहिबल कलां में पुलिस फायरिंग में दो लोगों की मौत हुई थी। मार्च 2026 में सामने आए पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, 2015 के बाद पंजाब में बेअदबी की 597 घटनाएं दर्ज हुईं और 544 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन केवल 44 मामलों में सजा हुई। विपक्ष अकाली दल से पूछ सकता है कि 10 साल सत्ता में रहने के बावजूद पीड़ितों को इंसाफ क्यों नहीं मिला। बीजेपी के लिए भी इस मुद्दे पर अकाली दल का बचाव करना आसान नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: 'अलग-अलग लड़ेंगे चुनाव', सपा-कांग्रेस के बीच जारी खींचतान पर बोले चंद्रशेखर आजाद
किसान आंदोलन और तीन कृषि कानून
बीजेपी-अकाली गठबंधन टूटने की सबसे बड़ी वजह तीन कृषि कानून थे। किसान आंदोलन के कारण सितंबर 2020 में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने इस्तीफा दे दिया था। अब दोनों पार्टियां फिर साथ हैं तो कांग्रेस और AAP किसानों की मौतों और MSP की कानूनी गारंटी का सवाल उठा रही हैं।
अरविंद केजरीवाल ने गठबंधन पर हमला करते हुए कहा, 'लोग किसानों के उस आंदोलन को नहीं भूले हैं, जिसमें 700 से ज्यादा किसानों की मौत हुई थी।' किसान संगठनों की MSP की कानूनी गारंटी और कर्ज माफी जैसी मांगों पर भी केंद्र की बीजेपी सरकार घिरी है। इसके साथ ही विपक्ष सवाल उठा रहा है कि क्या जिस मुद्दे पर दोनों दल अलग हुए थे वह हल हो गया है।
बंदी सिखों की रिहाई
सिख बंदियों की रिहाई का मुद्दा अकाली दल लंबे समय से उठाता रहा है। कई सिख संगठनों की मांग है कि सजा पूरी कर चुके बंदियों को रिहा किया जाए और इसको लेकर समय-समय पर प्रदर्शन भी होते रहे हैं। दूसरी तरफ, हरियाणा की बीजेपी सरकार द्वारा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बार-बार पैरोल दिए जाने का मुद्दा भी अकाली दल के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है। बेअदबी मामलों में राम रहीम और डेरा से जुड़े लोगों पर आरोपों की जांच हुई है। अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने कुछ महीने पहले कहा था कि गठबंधन अगर होगा तो सबसे पहले बंदी सिखों का मुद्दा केंद्र सरकार को हल करना होगा। अब अकाली दल से इस पर सवाल उठना लाजिम है।
भ्रष्टाचार और पुरानी सरकार का रिकॉर्ड, पानी और अन्य
अकाली-बीजेपी सरकार के 10 साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, नशा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कई आरोप लगे। 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इसी नाराजगी को बड़ा मुद्दा बनाया था। नतीजों में अकाली दल 15 और बीजेपी सिर्फ 3 सीटों पर सिमट गई थी। यानी गठबंधन को कुल 18 सीटें मिली थीं। अब एक बार फिर से वही गठबंधन जनता के सामने है। बीजेपी पर पंजाब यूनिवर्सिटी को हथियाने, केंद्रीयकरण, सिख संस्थाओं में RSS को घुसाने, गुरुद्वारों के मैनेजमेंट, दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी, राजधानी चंडीगढ़ और पंजाब के पानी जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखने की चुनौती होगी। इन मुद्दों के कारण पार्टी पंजाब में बैकफुट पर रही है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा विधानसभा सत्र से एक दिन पहले BJP और कांग्रेस ने की विधायक दल की बैठक
विपक्ष को दिख रहा राजनीतिक मौका
कुल मिलाकर बीजेपी-अकाली गठबंधन के सामने पांच पुराने मुद्दों का जवाब देना बड़ी चुनौती होगी। कांग्रेस और AAP इन मुद्दों को चुनावी कैंपेन में उठाकर दोनों दलों को घेर सकती हैं। हालांकि, गठबंधन के पास भी नशे, भ्रष्टाचार और किसानों के मुद्दों पर मौजूदा सरकार को घेरने का मौका है। गठबंधन के सामने इस बार एक बड़ी चुनौती अमृतपाल की पार्टी भी है। गठबंधन को पंथक वोट के लिए भी काफी मेहनत करनी होगी। हालांकि, गठबंधन से दोनों दलों के नेताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




