रायबरेली से सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर सियासी हंगामा मच गया। बीजेपी के कई नेताओं ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी हताश हैं। उन्हें दिमागी दिवालियापन हो गया है। उन्हें इलाज की जरूत है। कोई भी विपक्षी नेता ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करता है।
यूपी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और उन्हें बेवकूफ तक कह डाला। दिनेश सिंह ने कहा, 'राहुल गांधी को यही अक्ल नहीं है कि लोग अपने संसदीय क्षेत्र में क्या करने जाते हैं और किस रूप में जाते हैं। राहुल गांधी सांसद के रूप में आये थे, नेता प्रतिपक्ष के रूप में आए थे या विदेशी दलाल के रूप में? मुझे दुख इस बात का है कि अगर वो रायबरेली आएं है तो रायबरेली के लोगों का सुख-दुख पूछना चाहिए था। रायबरेली में आकर मोदी को गाली देंगे और अदाणी व अंबानी का नाम लेंगे तो इससे रायबरेली के मतदाता का क्या लेना-देना है? उन्होंने तत्काल मोदी को गाली देना शुरू कर दिया।'
गद्दार के घर गद्दार पैदा होगा: दिनेश सिंह
दिनेश सिंह ने आगे कहा, 'मैं यह मानता हूं कि राहुल गांधी लोकप्रियता मोदी के सामने बहुत घटती चली जा रही है।' उन्होंने राहुल गांधी पर नमक मिर्च लगाकर सस्ती लोकप्रियता पाने का आरोप लगाया और कहा, 'मुझे दुख है कि मैं रायबरेली में नहीं हूं। नहीं तो राहुल गांधी के मुंह के सामने ईंट का जवाब पत्थर से देता। तुम्हारी पीढ़ियों ने भारत के साथा गद्दारी की है। गद्दार के घर गद्दार पैदा होगा। गद्दार के घर मोदी पैदा होने वाले नहीं है।'
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बदले शराब रखने और ले जाने के नियम, दिल्ली और पंजाब वाले जान लें
राहुल गांधी आदतन अपराधी हैं: बीजेपी
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'उनके शब्द और भाव भंगिमा से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी कितनी खराब स्थिति में है। वह एक आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ कई अदालती मामले हैं। देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा कि नेता विपक्ष ऐसी भाषा का इस्तेमाल करें। राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को इसका परिणाम भुगतना होगा।'
राजनाथ सिंह के बेटे ने क्या कहा?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और बीजेपी नेता नीरज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल न केवल राजनीतिक अपरिपक्वता को दिखता है, बल्कि मानसिक दिवालियापन का भी संकेत है। मुझे लगता है कि कांग्रेस नेतृत्व आज बेनकाब, परेशान और बहुत हताश है। यह उनकी भाषा में भी झलक रहा है और अगर उनमें कोई समझदारी बची है तो उन्हें तुरंत बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी और उनकी मंडली के बयान इतने घटिया हैं कि अगर अदालत ऐसे लापरवाह बयान पर स्वत: संज्ञान ले तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा।
राहुल के समर्थन में उतरे अजय राय
इस बीच यूपी कांग्रेस ने राहुल गांधी के बयान बचाव किया। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, 'क्या यह सच नहीं है कि देश के हितों पर आघात हुआ है। पिछले कुछ वर्षों में जब से मोदी की बीजेपी केंद्र की सत्ता में आई है तब से देश को भारी नुकसान हुआ है? उनका गेम प्लान बढ़ती बेरोजगारी, किसान अशांति, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेज वृद्धि जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाना है।'
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बदले शराब रखने और ले जाने के नियम, दिल्ली और पंजाब वाले जान लें
राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं। बुधवार को यहां एक कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को 'गद्दार' कह दिया। राहुल गांधी का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) हर दिन 'संविधान पर हमला' कर रहे हैं और चुनिंदा उद्योगपतियों को 'देश के हितों को बेच दिया है'।
जब ये आरएसएस के कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे। नरेंद्र मोदी की बात करेंगे। अमित शाह की बात करेंगे। उनके सामने आप कहो कि आपका प्रधानमंत्री गद्दार है। आपका होम मिनिस्टर गद्दार है। आपका संगठन गद्दार है। आप ने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया। आप ने हमारे संविधान पर आक्रमण किया। आप ने अंबेडकर जी पर आक्रमण किया। आप ने वीरा पासी जी पर आक्रमण किया। आप ने गांधी जी पर आक्रमण किया। खुलकर उनसे कहिए। राहुल गांधी, रायबरेली के सांसद।