logo

ट्रेंडिंग:

'गांधी परिवार देश छोड़ता दिखेगा', Gen Z वाले बयान पर राहुल पर बरसी BJP

राहुल गांधी के GenZ वाले पोस्ट पर बीजेपी सांसद निशिकांत दूबे ने तगड़ा पलटवार किया है। निशिकांत दूबे ने कहा कि अगर GenZ विरोध में आए तो राहुल के परिवार को देश छोड़ना पड़ेगा।

rahul gandhi and nishikant dubey

राहुल गांधी और निशिकांत दूबे: Photo Credit: Khabargaon

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में 'Gen Z' यानी नई पीढ़ी के युवाओं से अपील की कि वे वोट चोरी रोकें और लोकतंत्र की रक्षा करें। उन्होंने कहा था कि देश के छात्र और युवा संविधान को बचाएंगे और वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि Gen Z भ्रष्टाचार और वंशवाद के खिलाफ है। निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के परिवारवाद और घोटालों से परेशान लोग राहुल गांधी को भी बर्दाश्त नहीं करेंगे और कांग्रेस को देश छोड़ना पड़ेगा।

 

इसी मामले पर जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीरज कुमार ने कहा, 'भारत लोकतंत्र की धरती है, नेपाल या बांग्लादेश जैसा नहीं है। यहां लोग तानाशाही सोच को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। भारत की मजबूती उसकी जनता और उसकी अर्थव्यवस्था है, इसलिए इसकी तुलना दूसरे देशों से नहीं की जानी चाहिए। नेपाल में हाल ही में Gen Z के आंदोलन से सरकार गिरी थी और देश ने अपनी पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री को चुना है। इसी घटना का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने युवाओं को संदेश दिया था।'

 

यह भी पढ़ें-- सुबह की बजाय रात 1 बजे क्यों किया PAK पर अटैक? CDS चौहान ने बताया राज

राहुल गांधी के बयान पर क्या बोले निशिकांत दूबे?

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'Gen Z' वाले पोस्ट पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा 'राहुल गांधी भारत में गृहयुद्ध भड़काना चाहते हैं। वह सोरोस फाउंडेशन के साथ मिलकर देश को बांटने की साजिश कर रहे हैं। अगर भारत में Gen Z खड़ा हो गया, तो कांग्रेस और उसके सहयोगी देश छोड़कर भागते नजर आएंगे।'

 

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'Gen Z यानी नई पीढ़ी, युवा, जो देश को बदलना और सरकार तय करना चाहती है। भारत में Gen Z पहले भी बदलाव ला चुका है, अन्ना आंदोलन और अरविंद केजरीवाल का आंदोलन भी Gen Z की ही देन था। 2013 में निर्भया केस के दौरान एक लाख लोग सड़कों पर थे लेकिन बीजेपी ने हिंसा भड़काने का काम नहीं किया। राहुल गांधी अब खुद को नेपाल और बांग्लादेश की घटनाओं से जोड़ना चाहते हैं, जहां Gen Z परिवारवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ा हुआ था।'

 

उन्होंने कहा, 'परिवारवाद तो गांधी परिवार में ही दशकों से चला आ रहा है। अगर राहुल गांधी Gen Z को भड़काना चाहते हैं, तो हम उनके साथ हैं क्योंकि इसका नतीजा यह होगा कि कांग्रेस को देश से भागना पड़ेगा।'

 

निशिकांत दुबे ने आगे कहा, 'बांग्लादेश में Gen Z इस्लामी राष्ट्र चाहता था और नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग हुई। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है लेकिन अगर यहां का Gen Z हिंदू राष्ट्र की मांग कर दे, तो राहुल गांधी क्या करेंगे? कांग्रेस ही नहीं, उसके सहयोगी दल भी वंशवाद से भरे हैं। कांग्रेस पर ही हर बड़े घोटाले का आरोप है, जबकि पिछले 11 सालों में बीजेपी पर कोई बड़ा घोटाला साबित नहीं हुआ है। राहुल गांधी देश को बांटना चाहते हैं, ठीक वैसे ही जैसे उनके दादा जवाहरलाल नेहरू ने गृहयुद्ध का इस्तेमाल कर देश का बंटवारा किया था। राहुल गांधी सोरोस फाउंडेशन के साथ मिलकर यही कर रहे हैं। बीजेपी Gen Z के साथ खड़ी है और आने वाले समय में कांग्रेस और उसके सहयोगी भागते नजर आएंगे।'

 

यह भी पढ़ें-- 7 गैंग, 58 ठिकाने और 6 गिरफ्तार; रातभर चले सर्च ऑपरेशन की पूरी कहानी

 

राहुल के बयान पर क्या बोले जेडीयू नेता नीरज कुमार?

 

राहुल गांधी के 'Gen Z' वाले बयान पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा,  'नेपाल जैसे देशों में राजनीति धर्म के आधार पर चलती है, इसलिए वहां समस्याओं से निपटने का तरीका अलग होता है लेकिन भारत देश एक लोकतंत्र की धरती है, यह न तो बांग्लादेश है और न ही नेपाल। हमारे देश के लोग तानाशाही सोच को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। अगर भारत की तुलना नेपाल से कर रहे हैं, तो इसमें भारत की आर्थिक मजबूती और हमारी जनता की सहनशीलता को देख लीजिए। उन्होंने कहा, अगर आप भारत की तुलना नेपाल से कर रहे हैं, तो आप भारत के पुरुषार्थ को चुनौती दे रहे हैं।  

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap