राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने मुझे मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर दिया था। यह खुलासा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किया है। उन्होंने कहा कि अगर आप 2020 की सुर्खियों को टटोलेंगे तो आपको इस बात की जानकारी मिल जाएगी। चिराग पासवान ने बताया कि उन्हें 2020 के साथ-साथ 2024 में भी राष्ट्रीय जनता दल और विपक्षी गठबंधन की तरफ से ऐसे प्रस्ताव मिले थे। इन प्रस्तावों में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान सीटों की पेशकश भी शामिल थी। चिराग का यह बयान उस सवाल के जवाब में आया, जिसमें उनसे पूछा गया था कि अगर बिहार में विपक्ष उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर दे और एनडीए छोड़ने को कहे तो वह क्या करेंगे।
चिराग पासवान ने इन प्रस्तावों को लेकर अपना रुख भी साफ किया। उन्होंने कहा कि उनका समर्पण प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
के प्रति है। वह कोई ऐसा फैसला नहीं लेंगे, जिससे प्रधानमंत्री की सोच को नुकसान पहुंचे। चिराग ने 2020 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने तब भी अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया था। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि उनकी कोशिश लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की है।
यह भी पढ़ें: 'कुछ लोग भारत की तुलना बांग्लादेश से कर रहे', विपक्ष पर भड़के चिराग पासवान
'2020 और 2024 में भी मिला था प्रस्ताव'
एक पत्रकार ने चिराग पासवान से सवाल किया कि अगर बिहार में विपक्ष उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर देता है और एनडीए छोड़कर आने को कहता है, तो वह कौन सा विकल्प चुनेंगे? पत्रकार ने यह भी पूछा कि अगर एक तरफ विपक्ष उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की बात करे और दूसरी तरफ बीजेपी उन्हें उत्तर प्रदेश में ज्यादा सीटें देने का प्रस्ताव दे, तो वह किसे चुनेंगे?
इस पर चिराग ने कहा कि विपक्ष की तरफ से उन्हें पहले भी ऐसे प्रस्ताव मिल चुके हैं। उन्होंने कहा, 'विपक्ष की तरफ से 2020 को एक बार टटोलकर देखेंगे। अगर आप 2024 की सुर्खियों को भी देखेंगे तो इसी तरह का प्रस्ताव मुझे मिला है। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से लोकसभा की सीटें हों या विधानसभा की सीटें, गठबंधन की तरफ से यह प्रस्ताव मुझे हमेशा मिला है।'
चिराग ने आगे कहा, 'मेरा समर्पण मेरे प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के प्रति है। मैं कतई कोई ऐसा फैसला नहीं लूंगा, जिससे मेरे प्रधानमंत्री की सोच को नुकसान पहुंचे। इसलिए 2020 में भी मैंने चुनाव अकेले लड़ा।'
यह भी पढ़ें: 'न्याय नहीं मिला तो हाई कोर्ट जाएंगे', MLC के शपथ ग्रहण के बाद बोले तेजस्वी यादव
'मैं खुद को एक राज्य तक सीमित क्यों रखूं'
पत्रकार ने चिराग से यह भी पूछा कि क्या बिहार का मुख्यमंत्री बनना उनकी अंतिम इच्छा है? इस पर उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि आपने मुझे सीमित कर दिया है। मैं अपने आप को एक राज्य में सीमित क्यों करना चाहूंगा?
चिराग ने कहा कि वह अपनी पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना चाहते हैं। उनकी सोच अलग-अलग राज्यों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का विस्तार करने की है।
उन्होंने कहा, 'मैं पैन इंडिया पार्टी को बढ़ाने की कोशिश करूंगा। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विस्तार की सोच रख रहा हूं। अलग-अलग राज्यों में क्यों लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुख्यमंत्री नहीं हो सकते?' चिराग ने आगे कहा कि अभी उनकी उम्र लंबी है। अगर महाकाल और महादेव का आशीर्वाद रहा तो वह पार्टी का विस्तार करेंगे। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ आगे बढ़ेंगे।