logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'न्याय नहीं मिला तो हाई कोर्ट जाएंगे', MLC के शपथ ग्रहण के बाद बोले तेजस्वी यादव

बिहार विधान परिषद के 8 सदस्यों के शपथ ग्रहण के दौरान तेजस्वी यादव ने दो निर्दलीय एमएलसी के बीजेपी में शामिल होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सदस्यता रद्द नहीं हुई तो हाई कोर्ट जाएंगे।

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तस्वीर

तेजस्वी यादव, Photo Credit- PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार विधान परिषद में आज यानी 23 नवंबर को 8 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को शपथ दिलाई गई। विधान परिषद के उप भवन में सोमवार को माहौल कुछ अलग ही था। जहां सत्ता पक्ष के चेहरों पर मुस्कान थी, वहीं विपक्ष के तेवर तीखे थे। इसकी वजह नतीजे आने के बाद दो निर्दलीय एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज का कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होना था। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर दोनों सदस्यों की सदस्यता रद्द नहीं की गई तो वह हाई कोर्ट जाएंगे। इस गहमागहमी के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे। कार्यकारी सभापति प्रोफेसर रामवचन राय ने सभी 8 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सभी ने मुख्यमंत्री के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।

 

शपथ लेने वाले विधान पार्षदों में डॉ. संजीव कुमार, सुरेश प्रसाद राय, नरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. राहुल राज, नीरज कुमार, अनिल कुमार झा, बंशीधर बृजवासी और डॉ. एनके यादव शामिल थे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मंत्री श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, राम कृपाल यादव, डॉ. दिलीप जायसवाल और लेशी सिंह मौजूद रहे। इनके अलावा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल सहित कई मंत्री, विधायक और विधान पार्षद भी समारोह में शामिल हुए। हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह खत्म होते ही सदन के बाहर सियासत गरमा गई।

'न्याय नहीं मिला तो हाई कोर्ट जाएंगे'

शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी वंशीधर बृजवासी और राहुल राज की सदस्यता का मामला फिर उठाया। उन्होंने साफ कहा कि दोनों की सदस्यता रद्द कराने की मांग को लेकर पहले ही सभापति के सामने शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। यदि वहां से न्याय नहीं मिला तो आरजेडी हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। तेजस्वी ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और अदालत का जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार करेंगे।

 

RJD ने दोनों के बीजेपी से जुड़ने को लेकर विपक्ष ने दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग उठाई है। तेजस्वी ने कहा कि उनकी लड़ाई इन दोनों नेताओं की सदस्यता समाप्त कराने को लेकर है। वहीं, तेजस्वी ने शपथ लेने वाले सभी नवनिर्वाचित एमएलसी को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीतकर आए सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। तेजस्वी के इस बयान से साफ है कि विपक्ष इस मुद्दे को कानूनी लड़ाई के जरिए आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

 

यह भी पढ़ें: MLC चुनाव में सिर्फ 1 सीट जीती JDU, समीक्षा बैठक से गायब रहे नीतीश-निशांत और ललन

शपथ से पहले ही BJP पर भड़के संजीव कुमार

शपथ लेने से पहले ही आरजेडी के नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. संजीव कुमार के तेवर तल्ख नजर आए। उन्होंने साफ कहा कि शिक्षकों की जो भी समस्याएं होंगी, उन्हें सरकार के सामने मजबूती से उठाया जाएगा और उनका समाधान कराने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर वह चुप बैठने वाले नहीं हैं। वहीं, निर्दलीय एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के बीजेपी में शामिल होने के विवाद को लेकर भी उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले पार्टी में शामिल कराया जाता है और जब मामला सुर्खियों में आता है, तब सफाई दी जाती है। 

उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी विधान परिषद के सभापति को दिए जाने और दोनों की सदस्यता पर सवाल उठाए जाने का भी जिक्र किया। डॉ. संजीव कुमार ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के लोग कुछ भी करवा सकते हैं। ऐसे में शपथ ग्रहण से पहले ही शिक्षकों के मुद्दे और निर्दलीय एमएलसी के दल बदल विवाद को लेकर उनका बयान बिहार की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।

'तंत्र बेलगाम है'

शपथ लेने के बाद आरजेडी एमएलसी अनिल कुमार झा ने सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने अपनी जीत को 30 वर्षों के संघर्ष और सामाजिक सरोकारों का परिणाम बताया। अनिल झा ने कहा कि जनता ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। उन्होंने सरकार को निरंकुश बताते हुए कहा कि बिहार से लेकर देश तक भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने चुनाव परिणाम की घोषणा से पहले ही विरोधियों को जीत की बधाई देने और जश्न मनाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब करीब 60 से 70 प्रतिशत मतगणना बाकी थी, तब ही जीत की बधाइयां दी जाने लगीं और पटाखे फोड़े गए। जबकि उन्होंने 4,110 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। 

अनिल छा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत तमाम नेताओं का आभार जताया। अनिल कुमार झा ने पेपर लीक, नौकरी में भ्रष्टाचार और सरकारी संस्थानों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों की जिम्मेदारी भ्रष्टाचार खत्म करना और समाज में सद्भाव कायम करना है, न कि दूसरों पर आरोप लगाना। उन्होंने कहा कि मिथिला की संस्कृति में बड़ों से आशीर्वाद लेना और एक-दूसरे को सम्मान देना परंपरा है। राजनीतिक मतभेद के बावजूद मानवीय संबंध बने रहने चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: पार्टी, बंगला और कैंडिडेट की हार; MLC चुनाव में अनंत सिंह ने क्या-क्या खोया?

नीरज कुमार को खली नीतीश की कमी

शपथ के बाद जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार का बयान भी सामने आया। उन्होंने चौथी बार सदन में पहुंचने का श्रेय गुरुजनों, अभिभावकों और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया। नीरज कुमार ने कहा कि उच्च सदन वेतन लेने की जगह नहीं, बल्कि अपनी प्रभावकारी भूमिका निभाने का मंच है। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार के सदन में नहीं होने पर पीड़ा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिनके अभिभावकत्व में उन्होंने राजनीति का ककहरा सीखा, आज वही नीतीश कुमार सदन के सदस्य नहीं हैं। उनके राज्यसभा जाने से पीड़ा जरूर है, लेकिन उनके रोडमैप पर राजनीति को आगे बढ़ाया जाएगा। 

 

नीरज कुमार ने सम्राट चौधरी, निशांत कुमार और बीजेपी नेतृत्व के विजन के साथ विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने की बात कही। उन्होंने रोजगार को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सरकार का संकल्प एक करोड़ रोजगार देने का है। वहीं, मंत्री लेशी सिंह ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि सभी विजयी प्रत्याशी एनडीए का हिस्सा हैं। वंशीधर और राहुल राज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, टेक्निकल टीम ही बेहतर जानकारी दे सकती है। मंत्री श्रवण कुमार ने भी 8 नवनिर्वाचित MLC को नसीहत दी कि चाहे सत्ता पक्ष के हों या विपक्ष के, सभी को जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना सभी की जिम्मेदारी है।


और पढ़ें