उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में सीटों को लेकर सहयोगी दलों के बीच खींचतान तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बीच आजमगढ़ की अतरौलिया और गोरखपुर की चौरीचौरा सीट को लेकर टकराव सामने आ गया है। राजभर इन दोनों सीटों पर अपनी पार्टी की दावेदारी जता रहे हैं, जबकि संजय निषाद इन्हें निषाद पार्टी का पुराना अधिकार बता रहे हैं।
मामला इतना बढ़ गया है कि अतरौलिया में राजभर के बेटे अरुण राजभर की चुनावी सक्रियता और निषाद पार्टी की ओर से प्रशांत सिंह को आगे करने की तैयारी ने गठबंधन के भीतर नई सियासी लड़ाई छेड़ दी है। अब बीजेपी के सामने दोनों सहयोगियों को साधने की चुनौती है।
यह भी पढ़ें: बोर्ड की वेबसाइट पर मिलेंगे प्रश्नपत्र, रिजल्ट सुधारने के लिए BSEH का प्लान
क्या बोले ओम प्रकाश राजभर?
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि उनकी पार्टी अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में पिछले ढाई साल से मेहनत कर रही है। यहां राजभर और निषाद समाज के वोट लगभग बराबर हैं। उनका तर्क है कि जब दोनों समाजों का राजनीतिक आधार मौजूद है तो सुभासपा को इस सीट पर दावेदारी करने का पूरा अधिकार है।राजभर ने गोरखपुर की चौरीचौरा सीट पर भी दावा पेश किया है। उनका कहना है कि यहां राजभर समाज के करीब 50 हजार वोट हैं। ऐसे में पार्टी को इस सीट पर भी अपना दावा रखने का अधिकार है। राजभर के बेटे अरुण राजभर की अतरौलिया में बढ़ती सक्रियता को इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
संजय निषाद का पलटवार
राजभर की दावेदारी पर निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कड़ा ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि जब एनडीए में अभी सीटों का बंटवारा ही नहीं हुआ है तो कोई सहयोगी दल अपने स्तर पर किसी सीट को अपना कैसे घोषित कर सकता है।संजय निषाद ने अतरौलिया के पिछले चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि आजमगढ़ की दस सीटों पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन अतरौलिया में निषाद पार्टी को सबसे ज्यादा वोट मिले थे।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सबसे ज्यादा वोट देने वाले समाज और पार्टी की अनदेखी की जाएगी तो बाकी सीटों पर गठबंधन को समर्थन कैसे मिलेगा?उन्होंने यह भी दावा किया कि आजमगढ़ की किसी भी विधानसभा सीट पर निषाद समाज के 50 से 60 हजार वोटों से कम नहीं हैं। संजय निषाद ने अतरौलिया में पिछली हार को अगली बार जीत में बदलने का भरोसा जताया है। साथ ही ओम प्रकाश राजभर को सलाह दी कि वह अपने समाज को अनुसूचित जाति में शामिल कराने और आरक्षण के मुद्दे पर भी संघर्ष करें।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: दलित वोटों पर नजर या अखिलेश यादव को सियासी संदेश?
प्रशांत सिंह को आगे कर निषाद पार्टी ने बढ़ाई सक्रियता
अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी भी पीछे हटने के मूड में नहीं है। पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह को संभावित उम्मीदवार के तौर पर आगे किया जा रहा है। संजय निषाद ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश दिया है। पार्टी की ओर से इस मामले को बीजेपी नेतृत्व के सामने भी उठाए जाने की बात सामने आई है।
रविवार को अतरौलिया में निषाद पार्टी ने संवैधानिक सुरक्षा अधिकार सम्मेलन भी आयोजित किया। इस कार्यक्रम में निषाद और राजभर समाज के आरक्षण से जुड़े मुद्दे उठाए गए और सुभासपा को भी इस लड़ाई में साथ आने का आह्वान किया गया। इसे राजभर की दावेदारी के बीच निषाद पार्टी की अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
2022 के चुनाव ने बढ़ाई दावेदारी की लड़ाई
दोनों सीटों का पिछला चुनावी इतिहास भी इस विवाद की बड़ी वजह है। 2022 में अतरौलिया और चौरीचौरा दोनों सीटें एनडीए के सीट बंटवारे में निषाद पार्टी के हिस्से में आई थीं। अतरौलिया में निषाद पार्टी के प्रशांत सिंह को सपा के संग्राम यादव ने हराया था। प्रशांत सिंह को 74,255 वोट मिले थे, जबकि संग्राम यादव को 91,502 वोट हासिल हुए थे।दूसरी तरफ चौरीचौरा में निषाद पार्टी ने जीत दर्ज की थी। यहां संजय निषाद के बेटे सरवन निषाद विधायक बने थे। ऐसे में संजय निषाद के लिए दोनों सीटों पर अपनी पुरानी दावेदारी छोड़ना आसान नहीं होगा। वहीं राजभर जातीय समीकरण और क्षेत्र में संगठन की मेहनत को अपना आधार बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार वाला दांव यूपी में भी चलेगी BJP? महिलाओं को मिल सकते हैं 20 हजार
BJP के सामने सहयोगियों को एकजुट रखने की चुनौती
इस पूरे विवाद में बीजेपी की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है। एनडीए में निषाद पार्टी और सुभासपा दोनों की अपनी राजनीतिक उपयोगिता है। एक तरफ संजय निषाद निषाद समाज के वोटों के आधार पर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहते हैं, दूसरी तरफ ओम प्रकाश राजभर पूर्वांचल में राजभर समाज के समर्थन को गठबंधन की ताकत बता रहे हैं।अभी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीटों का अंतिम बंटवारा नहीं हुआ है। ऐसे में दोनों नेताओं की दावेदारी को अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। लेकिन चुनाव से पहले ही सहयोगी दलों के बीच शुरू हुई यह खींचतान बीजेपी के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकती है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अतरौलिया में अरुण राजभर की तैयारी चलेगी या निषाद पार्टी के प्रशांत सिंह को मौका मिलेगा? चौरीचौरा में संजय निषाद अपना पुराना कब्जा बरकरार रख पाएंगे या राजभर की दावेदारी भारी पड़ेगी? फिलहाल दो सीटों की लड़ाई ने यूपी चुनाव से पहले एनडीए के भीतर सीटों की राजनीति को गरमा दिया है।