महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की 'ऑपरेशन देवेंद्र' वाली टिप्पणी को तवज्जो न देते हुए कहा कि उनके पास राज्य के 14 करोड़ लोगों और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद है, इसलिए कोई भी उनके पंख नहीं काट सकता।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने पूर्व सहयोगी और अब प्रतिद्वंद्वी उद्धव ठाकरे के साथ मुंबई से नागपुर के लिए एक ही विमान में यात्रा करने के बाद शुरू हुईं राजनीतिक अटकलों को भी खारिज कर दिया और इसे महज एक 'इत्तेफाक' बताया।
'यह महज एक इत्तेफाक था'
महाराष्ट्र के राजनीतिक हलकों में चल रही कयासबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा, 'यह महज एक इत्तेफाक था। दो नेताओं का एक ही विमान में सफर करने में कुछ भी असामान्य नहीं है। कभी-कभी मुझे आश्चर्य होता है कि हम राजनीति में हैं या 'वेड्यांचा बाजार' (पागलों के बाजार) में।'
यह भी पढ़ें: अखिलेश का BJP पर 'चंदा चोरी' का आरोप, योगी बोले- सपा ने राम भक्तों पर गोली चलाई
'पंख को कोई उन्हें काट भी नहीं सकता'
फडणवीस ने ठाकरे की 'ऑपरेशन देवेंद्र' वाली टिप्पणी को भी खारिज करते हुए तंज कसा कि चूंकि उनके पंख ही नहीं हैं, इसलिए कोई उन्हें काट भी नहीं सकता। वाढवण बंदरगाह और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के लिए पालघर जिले के दौरे के बाद फडणवीस ने संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।
'ऑपरेशन टाइगर' वास्तव में 'ऑपरेशन देवेंद्र' था
उद्धव ठाकरे ने शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए यह कहकर सियासी हलचल पैदा कर दी थी कि 'ऑपरेशन टाइगर' वास्तव में 'ऑपरेशन देवेंद्र' था, जिसका मकसद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का कद छोटा करना था, ताकि वह (भविष्य में) प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल न हो सकें। ठाकरे की इस टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, 'मेरे लिए राजनीतिक मुद्दे गौण हैं। मेरा पूरा ध्यान विकास पर है।'
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर, शहादत और राजनाथ सिंह के संसद में बयान पर बवाल क्यों मचा है?
अपने वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त
उन्होंने कहा, 'मैं एक इंसान हूं। मेरे पंख नहीं हैं, तो उन्हें कौन काट सकता है? मुझे महाराष्ट्र के 14 करोड़ लोगों और अपने वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।'
ऑपरेशन टाइगर, शिवसेना (UBT) में फूट डालने के लिए दिया गया एक कूट नाम है, जिसके तहत पिछले हफ्ते उसके नौ लोकसभा सांसदों में से छह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए थे। शुक्रवार को उद्धव ठाकरे के साथ एक ही विमान में सफर करने पर मची राजनीतिक सरगर्मी पर फडणवीस ने आश्चर्य जताया।