यादव vs धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सियासी लड़ाई, अखिलेश यादव को उम्मीद क्या?
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इन दिनों बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ मोर्चा खोल बैठे हैं। यह विवाद यूपी से लेकर मध्य प्रदेश तक फैल गया है।

अखिलेश यादव और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। Photo Credit: Social Media
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री राम कथा करने वाले हैं। 17 नवंबर से लेकर 20 नवंबर तक होने वाली इस कथा से पहले ही विवाद शुरू हो गया है। उनसे यदुवंशी कथा से पहले ही नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में कथा सुनाते हुए राम और कृष्ण की ऐसी तुलना की, जो अब उनके गले की फांस बन गई है। यूपी से लेकर मध्य प्रदेश तक यादव उनका विरोध कर रहे हैं।
29 अक्तूबर को उन्होंने करैरा की कथा में भगवान कृष्ण को टेढ़ा बता दिया, जिसके बाद से ही यादव समाज उनसे नाराज है। समाजवादी पार्टी के राषट्रीय अध्यक्ष
अखिलेश यादव
बार-बार कह रहे हैं कि ऐसे कथावाचकों का बहिष्कार होना चाहिए, जो भगवान को बांट रहे हैं। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर ईशनिंदा का आरोप लगाया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज थाने में शिकायत देकर FIR की मांग की है।
यह भी पढ़ें: 'चंदा चोरों का होगा रावण जैसा अंत', राम मंदिर कांड पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
क्यों बागेश्वर धाम पर ईशनिंदा के आरोप लगा रही सपा?
अखिलेश यादव का कहना है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने लिखा कि शास्त्री को न ब्रज में आने दिया जाएगा और न अवध में। उनका बहिष्कार होना चाहिए। एक तरफ अखिलेश यादव जहां अपने समर्थकों को साफ संदेश दे चुके हैं कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा नहीं होने दें, दूसरी तरफ वह 17 नवंबर से प्रतापगढ़ में रामकथा सुनाने जा रहे हैं। वहां स्थानीय स्तर पर सपा नेता विरोध भी कर रहे हैं। यह कथा कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैजा आयोजित करा रहे हैं।
धीरेंद्र शास्त्री कहा क्या था?
धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना की थी। उन्होंने कहा था, 'ठाकुर जी की एक तस्वीर देखिए, वे खड़े होकर भी तीन जगह से टेढ़े हैं। कभी एक पैर पर दूसरा पैर, कभी कमर लचकाते और गर्दन टेढ़ी कर बांसुरी बजाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे रामजी सीधे हैं।'
ब्रज वासियों और संतों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयानों पर कोई आपत्ति नहीं जताई थी। उनका कहना था कि कथा में इस तरह के प्रतीकों का इस्तेमाल पहले भी होता आया है। भगवान को सखा भाव से लोग पूजते हैं और ऐसा कहने का उन्हें अधिकार है।
अखिलेश यादव क्या चाहते हैं?
अखिलेश ने लिखा कि अब न कोई सच्चा रघुवंशी और न कोई सच्चा यदुवंशी शास्त्री का स्वागत करेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर एक बोर्ड लगाने की बात कही। इस पर लिखा होना चाहिए कि ईशनिंदा करने वालों के लिए उत्तर प्रदेश की धार्मिक धरती में प्रवेश वर्जित है।
धीरेंद्र कृष्ण के खिलाफ सपा की तैयारी क्या?
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव प्रवेश यादव ने शास्त्री के खिलाफ लिखित शिकायत दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, नाम और बांसुरी बजाने के तरीके पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शास्त्री ने कृष्ण की राम से तुलना की और अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया।
समाजवादी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस टिप्पणी से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। प्रवेश यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण के व्यक्तित्व का मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए और न किसी से उनकी तुलना होनी चाहिए। उनके मुताबिक कृष्ण प्रेम, करुणा, न्याय, अच्छे मूल्यों, साहस और धर्म की रक्षा के प्रतीक हैं।
प्रवेश यादव ने कहा कि सनातन धर्म में राम और कृष्ण, दोनों का बहुत सम्मान है। हर एक का अपना महत्व, दिव्य कथाएं और शिक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि एक देवता को बड़ा बताने के लिए दूसरे का अपमान करना गलत है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले, FIR दर्ज करे और शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करे। अब तक FIR दर्ज नहीं हो पाई है।
क्यों समाजवादी पार्टी कर रही है ऐसा?
समाजवादी पार्टी के ही एक पदाधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव इस मुद्दे का इस्तेमाल अपने कोर वोट बैंक को संभालने के लिए कर रहे हैं। अखिलेश यादव के इस रुख से दो समीकरण सध रहे हैं।
पहला समीकरण यह है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हिंदुत्व और हिंदू राष्ट्र की मांग करते हैं। वह भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करते हैं। कई विवादित बयान दे चुके हैं जिनकी वजह से मुस्लिम नेता असहज होते हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बहिष्कार से अखिलेश यादव का यह समीकरण भी सध रहा है।
दूसरा समीकरण यादव समाज को एकजुट करना है। वह खुद को यदुवंशी बताते हैं, खुद को कृष्ण भक्ति से जोड़कर दिखाना चाहते हैं। वह बीजेपी के हिंदुत्व अभियान को चुनौती देने की कोशिश भी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सत्ता से जुड़े कथावाचकों के बयानों से यदुवंशियों की आस्था आहत हो रही है। इससे पहले भी उन्होंने कथावाचकों की फीस और जातिगत भेदभाव का मुद्दा उठाया था। समाजवादी पार्टी इसे ओबीसी अस्मिता और सामाजिक सम्मान से जोड़ रही है।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने क्यों कहा बीजेपी 80 सीटों पर ही लड़ने लायक बचेगी?
यादव महासभा की मांग क्या है?
यादव महासभा और कृष्ण भक्त संगठनों का साफ कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। उनकी अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनकी मुख्य मांग एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की है। वे यह संदेश देना चाहते हैं कि यादव समाज एकजुट है और उनकी धार्मिक भावनाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
अगर अखिलेश का यह दांव चला तो क्या हो सकता है?
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम समुदाय की आबादी करीब 17 से 20 फीसदी है। ओबीसी वर्ग की आबादी करीब 55 प्रतिशत है, जिसमें 19 से 20 फीसदी यादव हैं। राज्य में कुल आबादी 5 फीसदी से लेकर 8.5 प्रतिशत के बीच में मानी जाती है। उत्तर प्रदेश की लगभग 15 लोकसभा सीटें और करीब 91 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां यादव और मुस्लिम मतदाता निर्णायक या प्रभावी भूमिका निभाते हैं। अगर यह समीकरण सधा तो अखिलेश इन सीटों पर और मजबूत हो सकते हैं।
धीरेंद्र शास्त्री और हिंदूवादी संगठनों का रुख क्या है?
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लंबे समय से जातिवाद से ऊपर उठकर हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करते रहे हैं। उनके समर्थक इस मुद्दे को ब्राह्मण बनाम यादव या राम बनाम कृष्ण का टकराव बनने से रोकना चाहते हैं। शास्त्री ने साफ कहा कि राम और कृष्ण दोनों सनातन परंपरा के अभिन्न अंग हैं। दूसरी ओर, कुछ हिंदूवादी संगठनों ने अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। उनका आरोप है कि समाजवादी पार्टी धार्मिक मामलों पर चुनिंदा राजनीति करती है। इन संगठनों को उम्मीद है कि इस मुद्दे से हिंदू वोटों का ध्रुवीकरण विपक्ष के खिलाफ हो सकता है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




