कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पद संभालने के दो महीने बाद डी के शिवकुमार को सोमवार को अपना मंत्रिपरिषद का विस्तार करने की मंजूरी मिल गई। कांग्रेस आलाकमान ने राज्य में 20 नए मंत्रियों के नामों की घोषणा कर दी। इन 20 विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन में आयोजित किया जाएगा।
ये हैं नए मंत्रियों के नाम
कांग्रेस आलाकमान ने जिन 20 नामों पर स्वीकृति दी है उनमें पीएम नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगडागी, रुद्रप्पा लामानी, केएस बसवंतप्पा, बी नागेंद्र, टी रघुमूर्ति, बीजेड जहीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, पुट्टुरंगाशेट्टी, मंकाला वैद्य, अजय सिंह, एन चालुवराय स्वामी, के एम शिवलिंगे गौड़ा, एच सी बालकृष्ण, गायत्री शांतिगौड़ा, बसवराज रायरेड्डी, विजयानंद काशप्पनावर और लक्ष्मण सावदी शामिल हैं।
कांग्रेस महासचिव ने दी जानकारी
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री शिवकुमार को पत्र भेजकर मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने के लिए कांग्रेस आलाकमान द्वारा इन 20 नामों को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी है। कांग्रेस नेतृत्व ने जीएस पाटिल के नाम को कर्नाटक विधानसभा के नए अध्यक्ष और एएस पोन्नन्ना के नाम को उपाध्यक्ष के रूप में भी स्वीकृति दी है।
राज्य विधान परिषद सभापति का नाम घोषित
पार्टी ने सलीम अहमद को राज्य विधान परिषद का नया सभापति और उमाश्री को उपसभापति नियुक्त करने का भी निर्णय लिया है। सीएम डीके शिवकुमार ने 28 मई को सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद तीन जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ 13 मंत्रियों ने भी शपथ लिया था। कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद की स्वीकृत संख्या 34 है।