logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पंजाब कांग्रेस की कलह ने हिमाचल का कैबिनेट विस्तार रोका, अब कब होगा?

हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार एक बार फिर लटक गया है। पंजाब कांग्रेस में जारी कलह के कारण केसी वेणुगोपाल हिमाचल नहीं पहुंच पाए जिसके कारण पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की मीटिंग स्थगित हो गई है।

Himachal Pradesh Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, Photo Credit: ANI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

हिमचाल प्रदेश में  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कैबिनेट के विस्तार को लेकर होने वाली कांग्रेस पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की मीटिंग स्थिगित हो गई है। यह मीटिंग 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में होनी थी लेकिन केसी वेणुगोपाल फिलहाल हिमाचल नहीं आएंगे। सूत्रों के अनुसार, पंजाब कांग्रेस में जारी गुटबाजी के कारण केसी वेणुगोपाल को अपना हिमाचल दौरा रद्द करना पड़ा है। वह दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ आज मीटिंग कर रहे हैं। इसके चलते हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कैबिनेट विस्तार अटक चुका है। 

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कैबिनेट के विस्तार को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। विधानसभा चुनाव में डेढ साल का समय बचा है ऐसे में पार्टी के पास अब कम समय बचा है। कांग्रेस पार्टी कैबिनेट में विस्तार के साथ-साथ बोर्ड और निगमों में नियुक्ति करने पर भी चर्चा करेगी, जिससे सीनियर नेताओं को एडजस्ट किया  जा सके। 

 

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के फैसले के खिलाफ जाकर क्या चन्नी ने अपनी ही मुश्किलें बढ़ा लीं?

कब होगा कैबिनेट विस्तार?

सूत्रों के अनुसार, हिमचाल प्रदेश में  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कैबिनेट का विस्तार विधानसभा के मॉनसून सत्र से पहले होना तय है। हालांकि, केसी वेणुगोपाल पंजाब के मामलों में व्यस्त हैं और अभी उनके हिमाचल दौरे को लेकर नई तारीख नहीं आई है। इसलिए अब कैबिनेट विस्तार कुछ हफ्ते आगे हो सकता है। पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की मीटिंग अगले कुछ हफ्तों में हो सकती है, जिसके बाद कैबिनेट में विस्तार होगा। 

कब आएंगे केसी वेणुगोपाल?

अगले साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। ऐसे में पार्टी इस कैबिनेट विस्तार में तमाम नेताओं को साधना चाहती है और क्षेत्रीय समीकरणों को साधना चाहती है। यह कैबिनेट विस्तार काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसी टीम के साथ कांग्रेस चुनावी मैदान में कूद सकती है। इस पर विस्तार से चर्चा करने के लिए पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक होगी जिसकी अध्यक्षता केसी वेणुगोपाल करेंगे। सूत्रों के अनुसार, केसी वेणुगोपाल पंजाब कांग्रेस में जारी कलह को खत्म करने के बाद हिमाचल प्रदेश जाएंगे और पीएसी की मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। 

 

 मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी दिल्ली कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करने जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, सुखविंदर सिंह सुक्खू 18 या 19 जुलाई को दिल्ली जा सकते हैं। यहां उनकी मुलाकात सोनिया गांधी से हो सकती है। इसके बाद हिमाचल में कैबिनेट विस्तार पर मुहर लग सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: जींद के बाद और कहां-कहां चल सकती है हाइड्रोजन वाली ट्रेन? देखें संभावित रूट

कैबिनेट में क्या फेरबदल होंगे?

हिमाचल प्रदेश की कैबिनेट में सीएम समेत कुल 12 मंत्री हो सकते हैं। अभी सीएम समेत कुल 11 मंत्री हैं यानी 1 मंत्री पद अभी भी खाली है। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कुल्लू से एक विधायक का मंत्री बनना तय है। कुल्लू सदर से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है क्योंकि सीएम सुक्खू खुद इस बारे में संकेत दे चुके हैं।

 

कांगड़ा जिले में 15 विधानसभा सीटें हैं और इस जिले से अभी सिर्फ एक मंत्री है। ऐसे में इस जिले से किसी विधायक को मंत्री बनाया जाना भी तय माना जा रहा है और इसकी रेस में कई नाम चल रहे हैं। इसके अलावा एक मंत्री को हटाए जाने की भी चर्चा है और डिप्टी स्पीकर का पद भी खाली है। इन सभी नियुक्तियों के साथ-साथ बोर्ड और निगमों में भी ताजपोशी होगी और इन सभी नियुक्तियों पर पीएसी की मीटिंग में चर्चा होगी। 

 


और पढ़ें