logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'मैं CM पद की रेस में नहीं', पहले यात्रा रोकी गई; ठंडे पड़े हरीश रावत के तेवर?

कुछ दिनों पहले अकेले ही यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता हरीश रावत ने अब कहा है कि वह मुख्यमंत्री पद की रेस में नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि कांग्रेस में कई योग्य लोग हैं।

हरीश रावत

हरीश रावत, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तेवर अब बदले-बदले नजर आ रहे हैं। कुछ दिनों पहले एक यात्रा निकालने की वजह से उन्हें दिल्ली तलब किया गया था। उसके बाद उनकी यात्रा रोक दी गई। अब वही हरीश रावत लिख रहे हैं कि वह मुख्यमंत्री पद की रेस में नहीं हैं। हरीश रावत का कहना है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए कई योग्य और सक्षम लोग हैं। हरीश रावत का कहना है कि उनका लक्ष्य 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना है।

 

अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में हरीश रावत की ओर से हरिद्वार जिले की खानपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताए जाने के बाद कांग्रेस में इन चर्चाओं को बल मिला था। इसके बाद ही उन्होंने यह पोस्ट की। हरीश रावत 2014 से 2017 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने स्कूली बच्चों के मिड डे मील और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले राशन में कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया।

 

यह भी पढ़ें: 'दलाली करते हो तुम', थाना प्रभारी पर क्यों भड़के बीजेपी सांसद साक्षी महाराज?

 

रोचक बात है कि पार्टी की सहमति के बिना ही यात्रा निकाल रहे हरीश रावत को कांग्रेस की ओर से नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की थी। इसके बाद जब वह लौटे तब उन्होंने अपनी यात्रा आगे नहीं बढ़ाई। कांग्रेस की ओर से उन्हें सख्त हिदायत दी गई थी कि वह पार्टी की ओर से किए जाने वाले कार्यक्रमों को ही आगे बढ़ाए और व्यक्तिगत तौर कोई यात्रा ना निकालें।   

हरीश रावत ने क्या लिखा?

हरीश रावत ने अपने फेसबुक पोस्ट में बुधवार को लिखा, 'मेरा अभीष्ट 2027 में उत्तराखंड में सरकार लाना है। 2027 में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूं और न ही किसी अन्य पद का। कांग्रेस पार्टी की कृपा से मैं एक छोटे से बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री तक रह चुका हूं और राज्य का मुख्यमंत्री भी बना हूं। मुझे जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष से लेकर कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव और कांग्रेस कार्य समिति का सदस्य तक बनाया गया है। इससे अधिक न मुझमें योग्यता और क्षमता थी और न ही मेरी कोई आकांक्षा है।'

 

यह भी पढ़ें: 'सूखकर हड्डी हो गए सुंदर सिंह ठाकुर', ऐसा क्यों बोले पूर्व CM जयराम ठाकुर?

 

उन्होंने आगे लिखा है, 'मेरे सीएम की रेस में होने की कानाफूसियां बेवजह हैं; हमारी पार्टी में इस पद के लिए योग्य और सक्षम लोग हैं। ​हमारा लक्ष्य है कि 2027 में कांग्रेस की सरकार बने! हमारा लक्ष्य बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकना और कांग्रेस की सरकार बनाना है! इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मैं निरंतर कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को- जिनमें मेरे मुख्यमंत्री काल की उपलब्धियां भी सम्मिलित हैं- जनता की स्मृति में बार-बार लाने का प्रयास करता हूँ और तुलना में BJP सरकार की नाकामियों को गिनाता हूं।'

 

हरीश रावत बीजेपी को घेरते हुए लिखते हैं, '​हमारा लक्ष्य है कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाया जाए और उसकी हत्या के कारक बने VIP को कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके। इसके साथ ही, स्कूल के बच्चों का निवाला और गर्भवती बहनों का भोजन छीनकर सैकड़ों करोड़ के मध्याह्न भोजन व खाद्यान्न घोटाले (जिसमें 210 करोड़ के घोटाले की स्वीकृति है) करने वाले तथा बरेली में आलीशान फार्म हाउस और महल बनाने वाले 'बंटी-बबली' को कानून के शिकंजे में लाना है! और मेरा लक्ष्य उत्तराखंडियत को उत्तराखंड सरकार की नीति और कार्यक्रमों का अनिवार्य हिस्सा बनाना भी है।'  

 

 


और पढ़ें