logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'1962 की हार के लिए माफी मांगेंगे?', राहुल गांधी के बयान पर रिजिजू के 4 सवाल

राहुल गांधी के 'Compromised PM' वाले बयान पर किरेन रिजिजू ने पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस से 1962 के युद्ध, गरीबी और भारतीय अर्थव्यवस्था की छवि को लेकर चार सवाल पूछे।

Kiren Rijiju And Rahul Gandhi

राहुल गांधी और किरेन रिजिजू की तस्वीर।(Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर राहुल गांधी के 'Compromised PM' वाले बयान पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव बढ़ गया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी से चार सवाल पूछे। इनमें 1962 के भारत-चीन युद्ध, देश की गरीबी और भारतीय अर्थव्यवस्था की छवि से जुड़े सवाल शामिल हैं। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कांग्रेस से इन सवालों का जवाब मांगा।

 

रिजिजू ने लिखा, 'कांग्रेस को चार सवालों के जवाब देने चाहिए। पहला, 1962 में चीन ने मेरे गांव पर कब्जा कर लिया था। क्या कांग्रेस 1962 की हार और अपमान के लिए माफी मांगेगी? दूसरा, कांग्रेस ने भारत को गरीब देश बनाए रखा। ऐसा क्यों हुआ? तीसरा, भारत को सपेरों का देश क्यों कहा जाता था? चौथा, भारतीय अर्थव्यवस्था को 'हिंदू ग्रोथ रेट' कहकर उसका मजाक क्यों उड़ाया गया?'

राहुल गांधी के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद

रिजिजू का यह हमला राहुल गांधी के उस पोस्ट के बाद आया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था। राहुल ने गुरुवार को चीन में हुए एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) सम्मेलन के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप , चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात की तस्वीर साझा की थी।

 

राहुल गांधी ने लिखा था, 'अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते। समझौता कर चुका प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।' इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी पर हमला बोला।

भारत के खिलाफ बयान न दें राहुल- रिजिजू

शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को देश के अंदर या विदेश में भारत के खिलाफ बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने राहुल पर विदेश में मौजूद भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर काम करने और देश के लोकतंत्र व अर्थव्यवस्था को लेकर गलत बातें फैलाने का आरोप लगाया।

 

यह भी पढ़ें: UP चुनाव में BJP का गठबंधन गणित, योगी समेत 4 दिग्गज संभालेंगे सीटों की बातचीत

 

रिजिजू ने कहा, 'यह भी हो सकता है कि विदेश में मौजूद भारत विरोधी ताकतें उन्हें लगातार उकसाती हों। राहुल गांधी की सोच भी भारत विरोधी हो गई है। उनका ध्यान भारत, उसकी सभ्यता, परंपराओं, लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने पर है। राहुल गांधी ने इन संस्थाओं के खिलाफ पहले ही मोर्चा खोल रखा है।' ये रिजिजू के आरोप हैं।

विदेश नीति पर भी बीजेपी ने घेरा

इससे पहले राहुल गांधी ने भारत को वैश्विक राजनीति में एक 'साइड प्लेयर' बताया था। उनका कहना था कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी स्वतंत्र भूमिका बनाने की क्षमता खो दी है। उन्होंने यह भी कहा था कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान जैसी बड़ी ताकतों के साथ बातचीत कर रहा है।

 

राहुल के इस बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया। पार्टी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें 'पाकिस्तान फैनबॉय' कहा। भंडारी ने X पर लिखा, 'राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना लगाव क्यों है? हर वैश्विक मंच पर राहुल पाकिस्तान के प्रशंसक की तरह व्यवहार करते हैं।' इस तरह विदेश नीति को लेकर भी दोनों पार्टियों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।


और पढ़ें