logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'वोट बैंक नहीं, मुसलमान सत्ता में लेगा हिस्सा', अखिलेश यादव पर भड़के ओवैसी

लखनऊ के रामाबाई अंबेडकर मैदान में ओवैसी व चंद्रशेखर आजाद ने संविधान दिवस पर बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में भीड़ जुटाकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। ओवैसी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि मुसलमान अब वोट बैंक नहीं सरकार मेें हिस्सेदारी लेगा।

Asaduddin Owaisi and Chandrashekhar Azad

रैली में भीड़ का अविभवादन करते असदुद्दीन ओवैसी व चंद्रशेखर आजाद, Photo Credit :Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में संयुक्त महारैली कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। संविधान दिवस पर आयोजित बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में डेढ़ से दो लाख तक लोगों के पहुंचने का दावा किया गया। मैदान में नीले और हरे झंडों की बड़ी संख्या दिखाई दी। 'जय भीम' और सामाजिक एकता के नारों के बीच समर्थकों ने दलित-मुस्लिम एकजुटता का संदेश दिया। रैली में आए लोगों के बीच यह चर्चा रही कि दोनों समाज साथ आकर प्रदेश की सत्ता बदलने की ताकत दिखा सकते हैं।

 

रैली में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने मुसलमानों को केवल वोट बैंक बनाकर रखा और उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं दी। वहीं, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग को साथ लाकर सत्ता में भागीदारी देने का फार्मूला पेश किया। उन्होंने एक मुस्लिम और एक पिछड़े वर्ग से उपमुख्यमंत्री बनाने, हर महिला को 25 हजार रुपये देने और किसानों-मजदूरों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेने का वादा किया।

 

यह भी पढ़ें: सीट शेयरिंग पर जारी बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

नीले-हरे झंडों से पटा मैदान, एकजुटता का संदेश

रमाबाई आंबेडकर मैदान में सुबह से ही समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के कार्यकर्ता प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बसों और दूसरे वाहनों से पहुंचे। मैदान में नीले और हरे झंडे दिखाई दिए। मंच के आसपास और रैली स्थल पर लगे पोस्टरों में ‘दलित का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा और अब्दुल का बेटा उपमुख्यमंत्री बनेगा’ का नारा प्रमुखता से नजर आया। रैली में पहुंचे दलित और मुस्लिम समाज के लोगों ने राजनीतिक बदलाव और सत्ता में भागीदारी की बात कही। समर्थकों के बीच यह संदेश दिखाई दिया कि अब केवल चुनाव में वोट देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार और सत्ता के फैसलों में भी उनकी भागीदारी होनी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: संविधान रक्षा मार्च पर योगी की रोक, खड़गे की मौजूदगी में ताकत दिखाएगी कांग्रेस

ओवैसी बोले- अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, अपना हिस्सा लेगा

असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों का वोट तो लेती है, लेकिन उन्हें राजनीतिक नेतृत्व और हिस्सेदारी नहीं देती। उन्होंने कहा कि अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि अपना हिस्सा लेगा और नेता बनेगा। ओवैसी ने अखिलेश यादव को करहल से मुस्लिम प्रत्याशी उतारने की चुनौती भी दी। ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलित और मुसलमान अगर परेशान हैं तो इसकी जिम्मेदारी उन नेताओं की भी है, जिन्होंने उनके वोटों का इस्तेमाल किया, लेकिन उन्हें बराबर की भागीदारी नहीं दी। उन्होंने सपा और कांग्रेस के नेताओं को मुकाबले की चुनौती देते हुए कहा कि वे सामने आकर बात करें। उनके भाषण का मुख्य संदेश यही रहा कि मुस्लिम समाज अब किसी दल का केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा।

योगी-मोदी पर भी निशाना, चंद्रशेखर को सीएम बनाने की बात

ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान कमजोर हुआ तो इसका सबसे ज्यादा असर दलितों, मुसलमानों और कमजोर वर्गों पर पड़ेगा। उन्होंने बुलडोजर और एनकाउंटर की कार्रवाई को न्याय का विकल्प मानने से इनकार किया। ओवैसी ने कहा कि लोगों को अपने वोट की ताकत समझनी होगी और संविधान से मिले अधिकारों के लिए राजनीतिक रूप से मजबूत होना होगा।उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की बात दोहराई। ओवैसी ने कहा कि वह उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने दोनों नेताओं के गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि दिलों का मिलन बताया।

चंद्रशेखर ने बताया सत्ता में हिस्सेदारी का फार्मूला

चंद्रशेखर आजाद ने रैली में दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग को साथ लाने की रणनीति सामने रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलित समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा, जबकि एक मुस्लिम और एक पिछड़े वर्ग से उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उनके इस बयान के साथ ही रैली में लगे पोस्टरों का नारा भी चर्चा में रहा। इसके जरिए मोर्चे ने साफ संदेश देने की कोशिश की कि वह सत्ता में सामाजिक हिस्सेदारी को अपना प्रमुख मुद्दा बनाएगा।चंद्रशेखर ने महिलाओं को 25 हजार रुपये देने का वादा किया। इसके साथ ही किसानों और मजदूरों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेने की बात कही। उन्होंने सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर तबकों को न्याय दिलाने तथा उन्हें राजनीतिक ताकत देने का मुद्दा उठाया।

रैली में पहुंचे लोगों ने कहा- अबकी बार मोर्चे की सरकार

रैली में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे समर्थकों ने दलित-मुस्लिम एकजुटता को प्रदेश की राजनीति में बदलाव का आधार बताया। नगीना से आए रहमान ने कहा कि इस बार दलित और मुस्लिम समाज एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की सरकार बनाएगा। बुलंदशहर से पहुंचे राम प्रकाश ने कहा कि अखिलेश यादव और कांग्रेस ने अब तक मुसलमानों के वोट लिए, लेकिन उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं दी। अब लोग इस राजनीति को समझ चुके हैं।

 

सहारनपुर से आए विनोद जाटव ने कहा कि पहली बार दलित और मुस्लिम समाज के बड़े नेता एक मंच पर आए हैं। दोनों समाज मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सत्ता बदलकर दिखाएंगे। लखनऊ से पहुंचे दिनेश दिवाकर ने कहा कि अब दलित और मुस्लिम समाज किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। दोनों मिलकर अपनी सरकार बनाएंगे। कानपुर से आए महेश कुमार ने भी कहा कि सपा और कांग्रेस ने मुसलमानों के वोट लेकर उन्हें गुमराह किया। अब दलित और मुस्लिम समाज एक साथ खड़ा है और 2027 में मोर्चा मजबूत प्रदर्शन कर सरकार बनाएगा।

403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के बैनर तले एक साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसमें आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम शामिल हैं। दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी आबादी को देखते हुए इस गठबंधन की रणनीति को अहम माना जा रहा है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश से सपा के पीडीए समीकरण को भी चुनौती देने का प्रयास दिखाई दे रहा है।

 

यह भी पढ़ें: UP में BJP के 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी तुम्हारा' फॉर्मूले पर भी राजी नहीं सहयोगी

2027 से पहले नए राजनीतिक समीकरण की कोशिश

रमाबाई आंबेडकर मैदान की रैली में ओवैसी ने जहां सपा और बीजेपी दोनों पर निशाना साधा, वहीं चंद्रशेखर ने सत्ता में हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय का एजेंडा सामने रखा। भीड़, झंडों और समर्थकों के नारों के जरिए गठबंधन ने अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की। अब सवाल यह है कि रैली में दिखी एकजुटता और सत्ता बदलने का संकल्प 2027 के विधानसभा चुनाव में कितने वोटों में बदल पाता है।


और पढ़ें