यूपी चुनाव से पहले मुस्लिम मतदाताओं पर सभी दलों की निगाह टिक गई। डिप्टी सीएम
केशव प्रसाद मौर्य
ने मुस्लिम मतदाताओं से कमल का बटन दबाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को अपने आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य की खातिर बीजेपी को वोट देना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम मतदाता हमेशा ही बीजेपी के विरोध में जाता है।
जब डिप्टी सीएम केशव मौर्य से पूछा गया कि आजम खान बाहर आ चुके हैं। क्या मुस्लिम मतदाता सपा के साथ जाएगा? जवाब में उन्होंने कहा, 'हमें यह मालूम है कि सबसे अधिक संख्या में मुस्लिम मतदाता भाजपा के विरोध में जाता है। अब वह भाजपा के विरोध में सपा गठबंधन में जाएगा, ओवैसी गठबंधन में जाएगा या बसपा गठबंधन में जाएगा। या अन्य कोई गठबंधन बनने पर जाएगा। लेकिन वह जाएगा भी तो हमारे पास इतना वोट है कि हम उस वोट के आधार पर पहले भी जीते हैं और आगे भी जीतेंगे।'
यह भी पढ़ें: 2027 चुनाव से पहले BJP को झटका, विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द
'कमल का बटन दबाने में करंट नहीं लगना चाहिए'
केशव प्रसाद मौर्य ने मुस्लिम मदाताओं से बीजेपी को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने तर्क दिया कि मुस्लिम समाज ने सभी दलों को वोट देकर देख लिया है। अब आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए बीजेपी को वोट देना चाहिए।
उन्होंने कहा, 'उनको सबको (मुस्लिम) हम जरूर यह कहना चाहते हैं कि सपा, बसपा और कांग्रेस सबको आजमाए हुए हो, अपने और अपने आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित भविष्य के लिए कमल का बटन दबाइये। कमल का बटन दबाने से करंट नहीं लगना चाहिए। जैसे गरीब को खुशी होती है, वैसे सभी को होनी चाहिए। हम लोग हर हाल में एक संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश को एक नई ऊंचाई की ओर ले जाएंगे।'
'जहां बीजेपी एक बार जीतती है, वहां तीसरी बार जरूर जीतती है'
केशव प्रसाद मौर्य से जब पूछा गया कि लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी बीजेपी में सीटों को लेकर काफी उथल-पुथल देखने को मिली। सत्ताविरोधी लहर भी दिखाई दी। जवाब में उन्होंने कहा, '2024 लोकसभा चुनाव के बाद हम हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। तीसरी बार हम असम और पुडुचेरी में चुनाव जीत चुके हैं। बीजेपी जहां एक बार जीतती है, वहां बार-बार जीतती है। तीसरी बार जरूर जीतती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, दो प्रदेश उपाध्यक्षों को पद से हटाया
लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने झूठ फैलाया
केशव प्रसाद ने विपक्ष पर लोकसभा चुनाव के दौरान आरक्षण और संविधान के नाम पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, '2024 के चुनाव में जैसा झूठा घोषणा पत्र लाए हैं। ढकोसला पत्र लाए। जैसे फर्जी वादे किए हैं। इसी प्रकार से दुष्प्रचार किया था कि अगर बीजेपी 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी तो आरक्षण और संविधान को खत्म करेगी।'
'दुष्प्रचार से इंडी गठबंधन को फायदा'
आगे कहा, 'इस दुष्प्रचार के सहारे लोकसभा में तो इंडी गठबंधन को फायदा तो मिला गया, लेकिन जनता जाग गई कि यह तो प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
को सत्ता से हटाने के लिए झूठे वादे किए थे। जैसे ही यह पता चला, लोगों ने फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत बनाने के लिए, कमल खिलाने और भाजपा की सरकार बनाने के लिए आशीर्वाद दिया। लगातार यह आशीर्वाद बढ़ रहा है।'