उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ओम प्रकाश राजभर ने अपनी सीट बदलने के संकेत दिए हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष राजभर ने कहा है कि वह गाजीपुर की जहूराबाद सीट छोड़कर अंबेडकरनगर की अकबरपुर सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अकबरपुर में उनकी तैयारी 100 फीसदी है। जहूराबाद सीट से उनकी जगह कोई दूसरा उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा।
एक इंटरव्यू में राजभर ने इसकी वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि पिछली बार अंबेडकरनगर, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, मऊ और बस्ती की कई सीटों पर समाजवादी पार्टी को जीत मिली थी। इस बार वह इन सीटों पर सपा को हराना चाहते हैं। इसी वजह से वह अकबरपुर में सक्रिय हैं। राजभर ने यह भी बताया कि उनके परिवार से अभी एक ही बेटा विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।
यह भी पढ़ें: 'सपा तो BJP को जिताने के लिए काम करती है, कांग्रेस भ्रम में है...', राजभर का तंज
क्या है जहूराबाद सीट का समीकरण?
ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर जिले की जहूराबाद सीट से दो बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां जीत दर्ज की थी। 2022 में उन्होंने सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। फिलहाल वह इसी सीट से विधायक हैं। जहूराबाद में दलित और राजभर मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा मानी जाती है। इनके अलावा यादव, चौहान और मुस्लिम वोटर भी चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं।
अलग-अलग चुनावी आकलनों के अनुसार, इस सीट पर करीब 70 से 75 हजार दलित मतदाता हैं। राजभर मतदाताओं की संख्या 66 से 70 हजार के बीच है। वहीं, करीब 44 हजार यादव और 34 से 35 हजार चौहान मतदाता हैं। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या करीब 28 से 30 हजार बताई जाती है। इस सीट पर जीत के लिए राजभर और दलित वोटों के साथ दूसरे समुदायों का समर्थन भी जरूरी है।
क्या है अकबरपुर सीट का हाल?
अब ओम प्रकाश राजभर की नजर अंबेडकरनगर की अकबरपुर सीट पर है। यहां भी कई जातियों के वोट चुनाव का रुख बदल सकते हैं। इस सीट पर दलित, राजभर, कुर्मी और मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी संख्या है। एक चुनावी आकलन के अनुसार, अकबरपुर में करीब 81 हजार दलित मतदाता हैं। राजभर मतदाताओं की संख्या करीब 44 हजार और कुर्मी मतदाताओं की संख्या 37 हजार बताई गई है। मुस्लिम मतदाता करीब 35 हजार हैं।
यह भी पढ़ें: UP में BJP के 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी तुम्हारा' फॉर्मूले पर भी राजी नहीं सहयोगी
इसके अलावा करीब 20 हजार यादव, 18 हजार ब्राह्मण, 18 हजार निषाद और 16 हजार वैश्य मतदाता होने का अनुमान है। ठाकुर, विश्वकर्मा, नाई, पाल और चौहान समाज के वोट भी चुनाव में असर डाल सकते हैं। हालांकि, ध्यान रहे कि ये जातिवार आंकड़े अनुमान पर आधारित हैं। चुनाव आयोग विधानसभा सीटों के हिसाब से जातियों के मतदाताओं की संख्या जारी नहीं करता है।
अकबरपुर से सपा के राम अचल राजभर विधायक
अकबरपुर सीट पर फिलहाल समाजवादी पार्टी का कब्जा है। यहां से राम अचल राजभर विधायक हैं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के धर्मराज निषाद को 12,336 वोटों से हराया था। राम अचल राजभर पहले बहुजन समाज पार्टी में थे। वह इस सीट से कई बार विधायक चुने जा चुके हैं।
अकबरपुर में दलित, राजभर और कुर्मी वोट चुनाव में अहम माने जाते हैं। मुस्लिम और दूसरे पिछड़े वर्गों के वोट भी नतीजे पर असर डाल सकते हैं। ऐसे में अगर ओम प्रकाश राजभर यहां से चुनाव लड़ते हैं। फिर उनका मुकाबला मौजूदा विधायक राम अचल राजभर से भी हो सकता है। दोनों नेताओं का एक ही समुदाय से होना इस चुनाव को और दिलचस्प बना सकता है।
2027 में CM योगी की वापसी का किया दावा
इंटरव्यू में राजभर से 2027 के चुनाव को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के नतीजों का गणित अलग होता है। उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल की 82 विधानसभा सीटों पर उनकी पार्टी का प्रभाव है। राजभर ने कहा कि उनके समुदाय का वोट शेयर 12 से 22 फीसदी तक है। इसे और बढ़ाने की तैयारी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2027 के चुनाव के बाद
योगी आदित्यनाथ
तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।