SAD-BJP गठबंधन तो हो गया, कांग्रेस AAP और NDA से कैसे निपटेगी?
पंजाब कांग्रेस चुनाव समिति की पहली बैठक SAD-BJP गठबंधन के एलान के कुछ घंटे बाद हुई है। अब कांग्रेस नई रणनीति की तलाश में है।

अमित शाह, नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल। Photo Credit: BJP/X
पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन हो गया है। कांग्रेस के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ एनडीए गठबंधन है, दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अब मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। पंजाब कांग्रेस की चुनाव समिति की पहली बैठक हुई। यह बैठक शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन के एलान के कुछ घंटे बाद हुई। बैठक में कई चेहरे ऐसे नजर आए, जिनके बीच अनबन सुर्खियों में रही है।
बैठक की अध्यक्षता पंजाब के प्रभारी सचिन पायलट ने की है। प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई नेता शामिल हुए। बैठक में बीजेपी को घेरने की रणनीति तैयार हुई है। "
यह भी पढ़ें: 'निगम चुनाव में भी जीतेंगे', चंडीगढ़ में BJP-अकाली दल के गठबंधन का जश्न
6 साल पहले पड़ी दरार, अब कैसे सधेंगे रिश्ते?
SAD और BJP ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दल 6 साल पहले कृषि कानूनों को लेकर अलग हुए थे। दिल्ली में BJP मुख्यालय में गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने यह घोषणा की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस गठबंधन से पार्टी को चुनाव में फायदा हो सकता है। उनके मुताबिक दोनों दल अपनी कमजोर स्थिति के कारण साथ आने को मजबूर हुए हैं। पार्टी का मानना है कि अकाली वोट एकजुट होने से भी उसे लाभ मिलेगा।
कांग्रेस किस उम्मीद में है?
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि ग्रामीण सीटों के नेताओं को भरोसा है कि इस गठबंधन और AAP सरकार के खिलाफ नाराजगी की वजह से वह अपनी सीटें बचा लेंगे। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह गठबंधन दिखाता है कि दोनों दलों को अकेले अपने दम पर भरोसा नहीं है। उन्होंने इसे राजनीतिक सुविधा की मजबूरी में हुई शादी बताया और कहा कि इसका चुनावी गणित, शून्य प्लस शून्य बराबर शून्य है।
प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि सुखबीर बादल चुनाव में हार चुकी BJP को पंजाब में पैर जमाने का पिछला रास्ता दिला रहे हैं। प्रताप सिंह बाजवा ने अग्निपथ योजना और जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा खत्म किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचा।
यह भी पढ़ें: पंजाब में फिर साथ चलेंगे अकाली दल और BJP, अमित शाह और सुखबीर बादल ने किया एलान
सचिन पायलट को क्या उम्मीद है?
सचिन पायलट ने कहा कि गठबंधन के दोनों दलों ने अलग होने की वजहों पर जवाब नहीं दिया। उन्होंने कृषि कानूनों, आंदोलन में किसानों की मौत और MSP की कानूनी गारंटी का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या केंद्र सरकार या BJP ने MSP की गारंटी दी है और क्या कानूनों के लिए माफी मांगी है।
सचिन पायलट ने यह भी पूछा कि दिल्ली की सीमाओं पर जान गंवाने वाले सैकड़ों लोगों पर अकाली दल का रुख क्या है।
सचिन पायलट ने कहा कि इस गठबंधन से कांग्रेस के चुनावी आकलन में बदलाव की संभावना नहीं है। उनके मुताबिक इन दलों के पास अब पंजाब में राजनीतिक जगह नहीं बची है। उन्होंने कहा कि जनता तय करेगी कि बेहतर विकल्प कौन है।
किसान आंदोलन को भूल जाएंगे लोग? उठे सवाल
परगट सिंह ने कहा कि गठबंधन किसान आंदोलन की यादें नहीं मिटा सकता। उन्होंने कहा कि किसानों की शहादत को राजनीतिक सौदे की भेंट चढ़ाना पंजाब के साथ विश्वासघात है। आंदोलन के दौरान 700 से ज्यादा किसानों की मौत हुई थी।
राजा वड़िंग ने क्या कहा?
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि दोनों दल पंजाब में औपचारिक दूरी रखने के बावजूद कई मुद्दों पर राजनीतिक रूप से साथ रहे। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव और समान नागरिक संहिता पर उनके BJP को समर्थन का जिक्र किया। उनके मुताबिक 2020 में अलग होने की वजह बने मुद्दे अब भी हल नहीं हुए हैं। इनमें कृषि कानून और बंदी सिखों की रिहाई की मांग शामिल हैं। वड़िंग ने दावा किया कि कांग्रेस 2027 में इस गठबंधन को हराएगी, जैसा उसने 2002 और 2017 में किया था।
गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि BJP और SAD को पहले यह तय करना चाहिए कि BJP शासित राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टरों को मोबाइल फोन की खुली पहुंच न मिले। उन्होंने कहा कि जब तक रिमोट कंट्रोल दूसरी जगह से चलेंगे, पंजाब में गैंगस्टरवाद खत्म नहीं हो सकता।
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि गठबंधन को किसानों की मौत और RSS और गुरुद्वारों पर नियंत्रण से जुड़े अपने पुराने रुख पर जवाब देना होगा। पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु ने कहा कि SAD और BJP अलग होने और साथ आने का ड्रामा सालों से मतदाताओं को गुमराह करने के लिए करते रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 5 बातें कर रही हैं इशारा, पंजाब में तय है BJP और अकाली दल का गठबंधन
चुनाव समिति की बैठक में क्या हुआ?
सचिन पायलट ने X पर लिखा कि समिति में उम्मीदवारों के चयन और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतकर सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस किस तैयारी में है?
परगट सिंह ने बयान में बताया कि 41 सदस्यों की समिति ने 2027 के चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में संगठन मजबूत करने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने और सीधे मतदाताओं से संपर्क बनाने पर जोर दिया गया। उम्मीदवार चयन, चुनाव प्रचार की रूपरेखा और जनहित के मुद्दों को उठाने के तरीकों पर भी बात हुई।
परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने तैयारी काफी पहले शुरू कर दी थी। उन्होंने संगठन की ताकत, जमीनी कार्यकर्ताओं और जनता से जुड़ाव को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया। इधर गठबंधन की घोषणा के दौरान अमित शाह ने नशा मुक्त और सुरक्षित पंजाब पर जोर दिया। अमित शाह ने कहा कि NDA पंजाब में सरकार बनाएगा।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




