MGNREGA के बहाने पंजाब में खोई जमीन तलाश रही कांग्रेस? प्लान समझिए
पंजाब में कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाओ रैलियों के जरिए 2027 चुनाव के लिए पिच तैयार करने में जुट गई है। कांग्रेस ने राज्य में आयोजित 9 रैलियों में एकजुटता दिखाई, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

पंजाब कांग्रेस, Photo Credit: SORA
संसद के शीतकालीन सत्र में केंद्र सरकार ने कांग्रेस सरकार के समय में लाई गई मनरेगा योजना की जगह VB–G RAM-G बिल लाया। अब संसद में तो यह बिल पास हो गया है लेकिन कांग्रेस की तरफ से अभी पंजाब के अलग अलग हिस्सों में रोष प्रदर्शन रैलियां की जा रहीं हैं। कांग्रेस मनरेगा के जरिए पंजाब में अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। कांग्रेस की रैलियों को जनता की तरफ से भी जमकर समर्थन मिल रहा है। रैलियों में आ रही भीड़ देखकर कांग्रेसी खुश हैं और कांग्रेस के नेता मंच से 2027 चुनाव का एजेंडा भी रख रहे हैं।
'मनरेगा बचाओ' रैलियों के जरिए कांग्रेस अपना शक्ति प्रदर्शन भी कर रही है। रैलियों में मंच पर कांग्रेस के सभी नेता एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं और कांग्रेस एकजुटता का संदेश भी दे रही है। रैली में कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी हर हाल में नए कानून को वापस करवाएगी। केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार को घेरते हुए कांग्रेसी नेता कह रहे हैं कि बीजेपी ने नए कानून के तहत 40 प्रतिशत फंड राज्यों के हिस्से में रखा है। वहीं, पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार तो महिलाओं से किया वादा पूरा नहीं कर पा रही तो इस कानून के तहत 40 प्रतिशत हिस्सेदारी कैसे देगी।
यह भी पढ़ें-- माघी मेले के दिन बिछ जाएगी 2027 की सियासी बिसात, पंजाब एंट्री के लिए तैयार BJP

सीएम फेस पर एकजुट कांग्रेस?
कांग्रेस पार्टी 2022 में पंजाब की सत्ता से बाहर हो गई थी। बुरी तरह चुनाव हारने का एक मुख्य कारण कांग्रेस के अंदर की गुटबाजी को माना गया। 2022 के चुनाव में कांग्रेस के कई नेता खुद को सीएम फेस प्रोजेक्ट कर रहे थे। चुनाव हार के बाद अब कांग्रेसी कह रहे हैं कि 2022 के विधानसभा चुनावों में जो गलतियां कांग्रेस से हुईं, उन्हें दोबारा दोहराया नहीं जाएगा। राज्य के प्रभारी भूपेश बघेल ने साफ किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बिना सीएम चेहरे की घोषणा किए ही सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी।
लंबे समय के बाद पहली बार कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक मंच पर एक सुर में बात करते नजर आ रहे हैं। पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िग ने मंच से भूपेश बघेल से कहा कि उनका मकसद मुख्यमंत्री बनना नहीं बल्कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने मंच से कहा, 'मैं सीएम कैंडिडेट नहीं हूं। मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना। झाडू और बीजेपी वाले प्रोपेगेंडा बना रहे हैं कि कांग्रेस में पांच सीएम कैंडिडेट हैं, ऐसा कुछ नहीं है।'
https://twitter.com/dineshdangi84/status/2009651293716164839
कांग्रेस के सीनियर लीडर सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी राजा वड़िंग के सुर में सुर मिलाए। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस एकजुट है। भूपेश बघेल जी हम में से किसी को भी चीफ मिनिस्ट्री नहीं चाहिए। हमें पंजाब में कांग्रेस का राज चाहिए, सीएम चाहे कोई भी बन जाए।'
एकजुटता का दिया संदेश
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब में मौजूदा समय में सबसे मजबूत पार्टी कांग्रेस ही है। हालांकि, पार्टी के भीतर गुटबाजी के कारण पार्टी 2022 के चुनाव में बुरी तरह हार गई लेकिन इन चुनावों के बाद पार्टी ने अपनी गलतियों को सुधारने की कोशिश की है। कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल लगातार गुटबाजी कम करने की कोशिश कर रहे हैं और कांग्रेस को एकजुट दिखाने की कोशिश भी कर रहे हैं। मनरेगा बचाओ रैली के जरिए वह पंजाब कांग्रेस को एकजुट दिखाने में कामयाब भी रहे। कांग्रेस के दिग्गज नेता एक मंच पर एक साथ, एक दूसरे के सुर में सुर मिलाते नजर आ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग और रणजीत सिंह, राणा गुरजीत के अलावा कांग्रेस के मौजूदा और पूर्व विधायक और सांसद एक मंच पर नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की इस एकजुटता को देखकर कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।
यह भी पढ़ें-- किन शर्तों पर BJP के साथ NDA में वापसी चाहता है अकाली दल? मुश्किलें समझिए
9 रैलियों में जुटी भीड़
पंजाब कांग्रेस मनरेगा के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने की कोशिश कर रही है। बीते हफ्ते कांग्रेस ने पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में 9 रैलियां की और संदेश दिया कि आने वाले दिनों में संघर्ष और उग्र होगा। पंजाब के गुरुहरसहाय में पार्टी ने अपनी 9वीं मनरेगा बचाओ रैली का आयोजन किया। इन 9 रैलियों में पंजाब कांग्रेस के नेताओं में एकजुटता दिखाने की पूरी कोशिश की गई। आठ रैलियों में नदारद रहे पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और सीनियर नेता राणा गुरजीत सिंह भी इस 9वीं रैली में शामिल हुए।
https://twitter.com/RajaBrar_INC/status/2009934400088355204
'2022 वाली गलती नहीं करेंगे'
पंजाब कांग्रेस ने इन 9 रैलियों के सफल आयोजन के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में हुई गलतियों की वजह से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। बघेल ने संकेत दिया कि आगामी चुनावों में पार्टी किसी एक व्यक्ति को मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर नहीं उतरेगी, बल्कि सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। इसके साथ ही बघेल ने यह भी साफ किया कि फिलहाल प्रदेश नेतृत्व में किसी बदलाव की योजना नहीं है।
यह भी पढ़ेंः कांग्रेस से लाकर लगाया दांव, पंजाब में BJP के कितने काम आए 'बाहरी' नेता?
AAP-BJP पर निशाना
पंजाब कांग्रेस मनरेगा बचाओ रैली के जरिए कई निशाने साध रही है। एक तरफ तो कांग्रेस के नेता बीजेपी पर पंजाब विरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं तो वहीं आम आदमी पार्टी पर पंजाब की जनता के साथ गद्दारी करने के आरोप लगा रहे हैं। एक रैली में कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग ने कहा, 'AAP, BJP से अलग नहीं है और AAP ने सिर्फ दिखावे के लिए विधानसभा सत्र बुलाकर मनरेगा खत्म करने के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया था। मैं पूछना चाहता हूं कि जमीनी स्तर पर इससे क्या हासिल हुआ?' उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़ाकर कुल कर्ज 4.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया हो, उससे और क्या उम्मीद की जा सकती है। AAP सरकार सिर्फ दिखावटी बातें कर रही है।' कांग्रेस के नेताओं ने पंजाब सरकार का कंट्रोल दिल्ली में होने, कानून व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरा।
https://twitter.com/bhupeshbaghel/status/2010374377536454905
वहीं, कांग्रेस नेताओं के निशाने पर बीजेपी भी रही। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार पंजाब के प्रति दुश्मनी वाला रवैया अपना रही है। उन्होंने बताया कि 9000 करोड़ रुपये का ग्रामीण विकास फंड रोका गया है और अब मनरेगा खत्म होने से ग्रामीण गरीब और ज्यादा प्रभावित होंगे। पंजाब कांग्रेस अब मनरेगा बचाओ रैलियों के बाद बीजेपी ऑफिस और नेताओं का घेराव करेंगे। इसके साथ ही सड़कों पर भी बड़े प्रदर्शनों की तैयारी कांग्रेस पार्टी कर रही है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




