logo

मूड

ट्रेंडिंग:

अखिलेश के बाद अब दिग्विजय सिंह से मिलीं रोहिणी ,क्या कांग्रेस में करेंगी एंट्री?

UP विधानसभा चुनाव से पहले दलित राजनीति में पहचान बनाने की कोशिश कर रही रोहिणी घावरी ने पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तारीफ की और अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मुलाकात कर नए राजनीतिक दांव खेला है।

Rohini Ghavri,former Chief Minister Digvijaya Singh

दिग्विजय सिंह के साथ रोहिणी घावरी। (Photo Credit: X/Rohini)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए सियासी समीकरण बनने लगे हैं। दलित राजनीति में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहीं सामाजिक कार्यकर्ता रोहिणी घावरी एक बार फिर चर्चा में हैं। पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तारीफ और अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मुलाकात ने उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें तेज कर दी हैं।

 

रोहिणी ने इंदौर में दिग्विजय सिंह से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे खास मुलाकात बताया। इसके बाद सवाल उठने लगा है कि क्या रोहिणी घावरी कांग्रेस के करीब जा रही हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी नए राजनीतिक दल के साथ अपनी पारी शुरू करने की तैयारी में हैं?

रोहिणी घावरी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह से इंदौर में मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि दिग्विजय सिंह के साथ खास मुलाकात हुई और कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि अब कुछ लोगों को यह तस्वीर देखकर बड़ी वाली मिर्ची लगेगी।

 

रोहिणी की इस टिप्पणी ने मुलाकात को और ज्यादा चर्चा में ला दिया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि बातचीत किन मुद्दों पर हुई और क्या कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कोई चर्चा हुई है, लेकिन यूपी की राजनीति में उनकी लगातार सक्रियता को देखते हुए इस मुलाकात के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: अरविंद प्रताप कौन हैं? जिन्होंने कन्नौज में मुलायम को दी थी चुनौती

पहले अखिलेश की तारीफ, अब कांग्रेस नेता से मुलाकात

रोहिणी घावरी पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय दिखाई दे रही हैं। दलित समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर वह लगातार अपनी आवाज उठा रही हैं। पहले उन्होंने बहुजन समाज पार्टी और मायावती के समर्थन में अपनी बात रखी। वहीं, चंद्रशेखर आजाद और उनकी आजाद समाज पार्टी को लेकर भी वह कई बार हमलावर रही हैं।

 

हाल ही में जब चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के बीच गठबंधन की चर्चा सामने आई तो रोहिणी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने ओवैसी को निशाने पर लिया और अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने कभी चंद्रशेखर आजाद को अपने साथ खड़ा तक नहीं होने दिया। इसके बाद उनके समाजवादी पार्टी के करीब जाने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब दिग्विजय सिंह से मुलाकात के बाद कांग्रेस के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

2027 के चुनाव में उतरने के दे चुकी हैं संकेत

रोहिणी घावरी के बयान और राजनीतिक गतिविधियों से संकेत मिले हैं कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा सकती हैं। उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जनसभाएं और सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए अपनी सक्रियता बढ़ाई है। वाल्मीकि मंदिरों में पहुंचकर भी उन्होंने दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की है। इंदौर के सफाईकर्मी की बेटी रोहिणी घावरी स्विट्जरलैंड से पीएचडी पूरी कर चुकी हैं। अब वह उत्तर प्रदेश की दलित राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं।

 

यह भी पढ़ें: 2 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें, अखिलेश यादव मान जाएंगे?

चंद्रशेखर के खिलाफ चुनाव लड़ने का भी एलान

रोहिणी घावरी इससे पहले चंद्रशेखर आजाद को लेकर भी बड़ा बयान दे चुकी हैं। उन्होंने एलान किया था कि चंद्रशेखर आजाद जहां से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, वह भी उसी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी। इस बयान के बाद हस्तिनापुर विधानसभा सीट को लेकर भी राजनीतिक चर्चा तेज हुई थी।

 

अब दिग्विजय सिंह से मुलाकात ने उनकी राजनीतिक रणनीति को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या रोहिणी घावरी कांग्रेस के जरिए यूपी की राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करेंगी या फिर 2027 के चुनाव से पहले किसी अन्य राजनीतिक विकल्प पर दांव लगाएंगी? फिलहाल कांग्रेस में शामिल होने को लेकर उनकी ओर से कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन उनकी ताजा मुलाकात ने यूपी के सियासी गलियारों में चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।


और पढ़ें