उत्तर प्रदेश के सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद अपनी बयानबाजी के लिए मशहूर हैं। इन दिनों उनकी यही बयानबाजी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबंधन के लिए मुश्किल बन रही है। अब इमरान मसूद ने सपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि वह मुसलमानों का ऐसा नेता बर्दाश्त नहीं कर पाती है, जो बोलता हो। इमरान मसूद का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सब ठीक नहीं है। इमरान मसूद का कहना है कि सपा को इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए सब उसकी वजह से है। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 में सपा की 37 सीटें भी कांग्रेस के दम पर ही आई हैं।
इससे पहले सपा के नेता उदयवीर सिंह ने कहा था कि इमरान मसूद को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए क्योंकि गठबंधन की कोई भी बात उऩसे नहीं होती है। उदयवीर सिंह ने कहा था कि ये बातें दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व करता है। इसी पर जवाब देते हुए इमरान मसूद भड़क गए और सपा को जमकर सुनाया। दरअसल, इमरान मसूद कांग्रेस के उन नेताओं में हैं जो कभी 100 सीट तो कभी 200 सीटें मांगने लगते हैं। बता दें कि इमरान मसूद 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सपा में शामिल हुए थे लेकिन उसी साल वह बसपा में चले गए थे। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए और 2024 में उसी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव जीते।
यह भी पढ़ें: 'दाढ़ी रखो, टोपी रखो, चरित्र तो पूर्वजों जैसा रखो...', क्या बोल गए रामदेव?
सपा पर भड़क गए इमरान मसूद
इमरान मसूद ने कहा, 'मैं कब उनसे कह रहा हूं कि मेरा सपोर्ट करो या मुझे टिकट दो। हर बार वही गठबंधन-गठबंधन कर रहे हैं। हमारी अपनी पहचान है, हम कांग्रेस हैं। कांग्रेस के दम पर ही आप 37 सीटें लेकर आए। 2022 में आप 120 भी नहीं जीत पाए थे। गलतफहमी में मत रहिए कि आपकी वजह से सबकुछ है। देश में एक माहौल है और वह
राहुल गांधी
के नेतृत्व में है। समाजवादी पार्टी को बोलता हुआ मुसलमान नेता बर्दाश्त नहीं है। आजम खान का इलाज कराने में कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह सबको पता है। आजम साहब बोलते थे और अब मेरे पीछे लगे हुए हैं। मैं तो कांग्रेस से मांग रहा हूं, मैं तो कभी गठबंधन-गठबंधन नहीं करता। पिटता अब्दुल है, आपको फर्क नहीं पड़ता है।'
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: कहां खर्च हुए लाड़की बहिन योजना के 3541 करोड़? CAG ने खोली पोल
इस पर समाजवादी पार्टी के नेता आई पी सिंह ने कहा है कि इस बयान के बारे में कांग्रेस को सफाई देनी चाहिए। उनका कहना है, 'इमरान मसूद जैसे लोग हर चुनाव से पहले लगाए जाते हैं। 2022 में प्रियंका वाड्रा आईं तो कांग्रेस को 1 सीट मिली। 38 साल हो गए कांग्रेस को यूपी से बाहर हुए। 138 साल और लग जाएंगे, अस्तित्व खत्म हो जाएगा लेकिन वापसी नहीं हो पाएगी। इमरान मसूद कभी सपा में जाते हैं, कभी कांग्रेस में जाते हैं, पता नहीं इनके पीछे कौन हैं।'