समाजवादी पार्टी के मुखिया हाल ही में गोरखपुर के दौरे पर गए थे। इसी दौरान एक लड़के की मौत को लेकर
योगी आदित्यनाथ
उन पर भड़क गए। JCB से कुचले जाने के चलते हुई इस मौत के बहाने सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा को घेरते हुए इसे हत्या तक करार दे दिया। इसी पर पहले तो
अखिलेश यादव
ने सफाई दी और अब वह योगी आदित्यनाथ पर भड़क गए हैं। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि झूठ का भंडाफोड़ होने के बाद मुख्यमंत्री बौखला गए हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए लिखा है कि इतनी कमजोर स्थिति किसी मुख्यमंत्री की नहीं हुई। उन्होंने लिखा है कि इनको प्रदेश अध्यक्ष धमका रहे हैं, दिल्ली वाले बुलाकर हाजिरी लगवा रहे हैं और डिप्टी सीएम तक इनकी बात काट दे रहे हैं।
अखिलेश यादव के रोडशो के दिन ही 14 साल के लड़के आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। इस मामले में जब सपा पर आरोप लगे तो अखिलेश यादव ने एक वीडियो पोस्ट करके सफाई भी दी थी। इस केस में अभी तक गोरखपुर पुलिस ने JCB ड्राइवर समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज किया है। अखिलेश यादव ने इन गिरफ्तारियों के बारे में लिखा है कि झूठ का भंडाफोड़ सीसीटीवी के वीडियो से हो गया है तो मुख्यमंत्री बौखला गए हैं और पूरी दुनिया में बदनाम होने की हताशा से अब हमारे पीडीए कार्यकर्ताओं के घर-परिवार को परेशान कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने क्या लिखा है?
सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को हिम्मत देते हुए लिखा है, 'हम अपने साहसी कार्यकर्ताओं से कहेंगे कि वे इस जुल्म और नाइंसाफ़ी से डरें नहीं क्योंकि अब बस दो-तीन महीनों के मेहमान मुख्यमंत्री जी की शक्ति बची ही कितने दिनों की है। ये बुरी तरह हारकर हमेशा के लिए हटने वाले हैं, इसीलिए हताशा में ऐसे उत्पीड़न पर उतारू हैं।'
यह भी पढ़ें: लोकसभा में अखिलेश का जलवा, विधानसभा में BJP का दबदबा… 2027 में कन्नौज किसका?
इसके बाद अखिलेश यादव ने हाल की कुछ घटनाओं के बहाने योगी आदित्यनाथ को घेरा है। कुछ दिन पहले ही योगी आदित्यनाथ मथुरा से सीधे दिल्ली गए थे और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि बीजेपी से अलग होकर कोई भी नेता सफल नहीं हुआ। इसके अलावा, 209 उम्मीदवारों की एक कथित लिस्ट भेजे जाने को लेकर बीजेपी की ओर से जारी स्पष्टीकरण पर योगी आदित्यनाथ के दस्तखत भी हुए थे।
इन सब घटनाओं के बारे में अखिलेश यादव ने लिखा है, 'दिल्लीवाले इनको अपने दरबार में बुलवाकर हाज़िरी लगवा रहे हैं। उन्हीं के शहर के उन्हीं के दल के प्रदेश अध्यक्ष अलग दल बनाने की साज़िश करने पर उन्हें धमका रहे हैं। प्रदेश संगठन उनकी बनाई प्रत्याशियों की लिस्ट को फ़र्ज़ी बताने के लिए ‘नकार-पत्र’ पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करवा रहा है। उनके साथ उनके अपने ही दल के 10 विधायक भी नहीं हैं। नौकरशाही और पुलिस महकमे में कुछ गिने-चुने महाभ्रष्ट सजातीय अधिकारियों को छोड़कर इनके अन्याय और जुल्म में कोई साथ नहीं दे रहा है। इनकी अपनी ही सरकार के उप मुख्यमंत्री इनकी बात को काटते हुए कह रहे हैं कि कोई वोट नहीं कटा है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी तक इनकी बात को ये कहकर नकार रहे हैं कि हम तो धर्म पर आधारित कोई आंकड़ा देते ही नहीं हैं। जनता न इनके साथ कभी थी न आज है। लखनऊ के अग्निकांड में युवा मृतक की माँ के साथ किए गए इनके दुर्व्यवहार की वजह से अब पूरे प्रदेश की महिलाएं इनके ख़िलाफ़ हो गई हैं।'
यह भी पढ़ें: 'सपा के गुंडों ने हत्या की', गोरखपुर में बच्चे के परिजन से मिलकर बोले CM योगी
अखिलेश यादव ने लिखा है, 'पूरा उत्तर प्रदेश देख रहा है कि मुख्यमंत्री जी ने सरेआम हत्या करनेवाले ‘जेल में बंद अपराधी’ को ‘अच्छे आचरण’ के नाम पर बाहर निकाला है। जिसने सरेआम क़ानून-व्यवस्था की गोलियों से धज्जियाँ उड़ाई हों, उसका आचरण अच्छा कैसे हो सकता है। याद रहे मुख्यमंत्री जी ने ख़ुद पर से भी मुक़दमे हटाए थे। सत्ता-सजातीय माफ़ियाओं पर डर के मारे इनकी घिग्घी बंध जाती है क्योंकि आधे से ज़्यादा सजातीय माफ़िया ही इनके अहंकारी दुर्व्यवहार से अंदर-ही-अंदर इनके ख़िलाफ़ हो गए हैं।'
इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी और इस घटना को हत्या बताया था। उन्होंने सपा को घेरते हुए कहा था कि इन लोगों में फिर से गर्मी चढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को सबक सिखाएंगे।