logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'सपा के गुंडों ने हत्या की', गोरखपुर में बच्चे के परिजन से मिलकर बोले CM योगी

गोरखपुर में JCB की चपेट में आने से बच्चे की मौत के बाद योगी आदित्यनाथ ने परिजन से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के गुंडों ने बच्चे की निर्मम हत्या की है।

Yogi Adityanath with a picture of Arya Bardhan Singh

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

अखिलेश यादव मंगलवार (18 नवंबर) को गोरखपुर में 'PDA रथ यात्रा' लेकर पहुंचे थे। इस दौरान JCB की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे आर्य बर्धन सिंह की मौत हो गई थी। अब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्चे की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। मुलाकात के बाद सीएम योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के गुंडों ने बच्चे की निर्मम हत्या की है। योगी ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बीजेपी सांसद रवि किशन भी उनके साथ मौजूद रहे।

 

वहीं, इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। योगी ने बच्चे की मौत के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया और इसे स्वतंत्रता सेनानी परिवार के साथ क्रूरता कहा। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक CCTV वीडियो शेयर किया और योगी आदित्यनाथ के आरोपों को गलत और निंदनीय बताया। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की।

'सपा के गुड़ों ने की निर्मम हत्या'

योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मिलने के बाद समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा, 'समाजवादी पार्टी के गुंडों ने कल एक नाबालिग बच्चे को यहां पर कुचल करके उसकी निर्मम हत्या की है। पीड़ित परिवार से मिलने के लिए मैं आया हूं।'

 

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पीड़ित परिवार चौरी-चौरा कांड से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, 'यह परिवार गोरखपुर के चौरी-चौरा से जुड़ा हुआ है। जिन 172 लोगों को ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ते हुए फांसी की सजा हुई थी और जिनकी पैरोकारी महामना मदन मोहन मालवीय जी ने की थी, उन लोगों की सजा आजीवन कारावास में बदली गई थी। उन 172 लोगों में इस परिवार के बुजुर्ग भी शामिल थे। एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के साथ इस प्रकार की क्रूरता अक्षम्य है। और यह समाजवादी पार्टी का इतिहास रहा है।'

 

यह भी पढ़ें: BJP पूछती थी राम मंदिर कब जाएंगे अखिलेश यादव? सपा ने तारीख बता दी

'यह निम्नस्तरीय राजनीति'

मामले पर अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक सीसीटीवी वीडियो शेयर कर सफाई दी है। उन्होंने लिखा, 'ये वीडियो गवाह है कि गोरखपुर में एक युवक की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के बारे में यूपी के मुख्यमंत्री जिस प्रकार बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, वो बेहद निंदनीय है और एक बेहद निम्नस्तरीय राजनीति का उदाहरण भी।'

 

यह भी पढ़ें: 'दुआ नहीं, दुश्मनों की दवा थी', जेल से निकलते ही ओवैसी पर भड़के आजम खान

 

'न रोड शो है, न रैली'

अखिलेश यादव ने लिखा कि जहां घटना हुआ है वहां रैली नहीं हो रही थी। उन्होंने लिखा, 'इस वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वहां न कोई रोड शो है, न रैली, जिस पर यूपी के मुख्यमंत्री जी दोष मढ़ रहे हैं। इस हादसे पर सियासत का खेल खेलने से मृतक के शोक संतप्त परिवारवालों के साथ भी अन्याय हो रहा है। इस हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच हो और सच को उजागर किया जाए। हृदयहीन-असंवेदनशील लोग सिर्फ राजनीति करते हैं, एक बच्चे के जाने का दुख परिवारवाले ही समझ सकते हैं।'


और पढ़ें