पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि रेप और हत्या के आरोपियों, नशीले पदार्थों के कारोबार और बांग्लादेश से घुसपैठ के मामलों में पुलिस को खुली छूट दी गई है। उत्तर दिनाजपुर में एक नाबालिग से रेप और हत्या के 47 साल के आरोपी दिलीप रॉय की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई है। इस एनकाउंटर को लेकर राज्य में सियासी शोर मचा है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि क्या पुलिस अपने ऊपर हमला करने वालों को रसगुल्ले खिलाएगी। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस के पास बंदूकें किसलिए हैं। उनके मुताबिक अफसर ऐसे मामलों में अपने स्तर पर फैसला ले सकते हैं और उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति का इंतजार नहीं करना होगा। उन्होंने कहा कि वह पुलिस के साथ खड़े रहेंगे।
यह भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़ में 19 की मौत, 1 की हालत गंभीर; CM शुभेंदु अधिकारी ने क्या बताया?
दिनाजपुर में हुआ था रेप के आरोपी का एनकाउंटर
उत्तर दिनाजपुर के एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि दिलीप रॉय पेशे से राजमिस्त्री था। वह उस किशोरी की हत्या और रेप का संदिग्ध था, जिसका शव 5 नवंबर को कुलिक जंगल के अंदर मिला था। लड़की 3 नवंबर को साइकिल लेकर कुछ खरीदने घर से निकली थी और उसके बाद लापता हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक दिलीप रॉय पर POCSO एक्ट के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई चल रही थी। पुलिस का कहना है कि वह बिहार में दाखिल होने के लिए जंगल के रास्ते भागने की कोशिश कर रहा था। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस उसका पीछा कर रही थी।
पुलिस ने एनकाउंटर पर क्या कहा है?
पुलिस का आरोप है कि उसने 9 एमएम की पिस्तौल से गोली चलाई, जो मौके से बरामद हुई। उसकी गोलियां पुलिस की गाड़ी को लगीं। जवाबी फायरिंग में वह घायल हुआ। उसे रायगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम जांच में संकेत मिला कि किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ हो सकता है। पुलिस ने यह भी पाया कि पीड़िता आरोपी की पड़ोसी थी और उसे अंकल कहकर बुलाती थी। पीड़िता के परिवार ने पुलिस को बताया कि दिलीप रॉय ने उन्हें गुमराह किया और लड़की को बिहार में ढूंढने का वादा कर उनसे 300 रुपये लिए।
यह भी पढ़ें: 'आपका टेस्ट है कि आप हमारे साथ हो या नहीं', अल्पसंख्यकों से बोले शुभेंदु अधिकारी
बंगाल में एनकाउंटर पर मचा है बवाल
यह बंगाल की पहली BJP सरकार बनने के बाद पांच महीनों में रेप और हत्या के किसी संदिग्ध की पुलिस एनकाउंटर में चौथी मौत है। पहली घटना 7 जुलाई को दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में हुई थी। दूसरी घटना 27 अक्टूबर को उत्तर 24 परगना के गायघाटा में हुई। कुछ घंटे बाद मुर्शिदाबाद के धुलियान में तीसरी घटना हुई। बाकी तीन आरोपियों की मौत पुलिस हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश के दौरान हुई थी।
बार-बार रेप के बाद छूट जाता था आरोपी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों का दावा है कि दिलीप रॉय पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है और हर बार गिरफ्तारी से बच जाता था। लोगों के मुताबिक करीब 16 साल पहले उस पर गांव की एक नाबालिग से रेप का आरोप लगा था।
तब एक पंचायत ने उसके जमीन बेचकर परिवार को मुआवजा देने के बाद उसे छोड़ दिया था। अधिकारी ने यह भी कहा कि करीब 18 महीने पहले हेमताबाद में एक नाबालिग लड़के के साथ मारपीट का एक और मामला सामने आया था जिसका केस भी दर्ज नहीं हुआ था। इन दावों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA रहे चंद्रनाथ रथ की मां नंदीग्राम से लड़ेंगी चुनाव
क्या कह रहा है पीड़ित परिवार?
पीड़िता के पिता ने मीडिया से कहा कि उनकी बेटी को तड़पाने वाले के साथ जो हुआ, उससे वह खुश हैं। रिपोर्ट के मुताबिकदिलीप रॉय की मां ने भी कहा कि पुलिस ने सही किया। TMC सांसद सौगत रॉय ने एनकाउंटर की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम संदिग्धों को मारना नहीं, बल्कि अदालत में पेश करना है। उनके मुताबिक इस चलन से कानून-व्यवस्था चरमरा जाएगी।