उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल की अगली राजनीतिक चाल पर सबकी नजरें टिकी हैं। सवाल है कि वह समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी या अलग रास्ता चुनेंगी? पल्लवी ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए मोर्चे से दूरी बनाई है और सपा के साथ तालमेल की संभावना खुली रखी है।
दूसरी ओर उनकी पार्टी करीब 60 विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी कर रही है। इसी बीच उनकी मां कृष्णा पटेल की ओर से बड़ी बेटी पारुल पटेल के लिए भी गठबंधन में टिकट की मांग की चर्चा ने सियासी समीकरण को और दिलचस्प बना दिया है।
पल्लवी पटेल की पार्टी पूर्वांचल और बुंदेलखंड की 60 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने में जुटी है। इन क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन, संगठन की समीक्षा और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जा रही है। हालांकि, 60 सीटों पर तैयारी का मतलब यह नहीं है कि समाजवादी पार्टी ने इतनी सीटें देने पर सहमति जता दी है। गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला होना बाकी है।
ओवैसी-चंद्रशेखर के मोर्चे से बनाई दूरी
12 नवंबर को असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नए राजनीतिक मोर्चे का एलान किया था। पल्लवी पटेल के भी इस मोर्चे में शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने इसमें शामिल होने से दूरी बना ली। 2024 के लोकसभा चुनाव में पल्लवी और ओवैसी ने मिलकर पीडीएम न्याय मोर्चा बनाया था। इस बार पल्लवी ने संकेत दिया है कि उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी के साथ चुनावी तालमेल कर सकती है। गठबंधन पर अंतिम फैसला पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में होना है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की रैली से दूरी पड़ी भारी, UP युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारी निलंबित
सिराथू से फिर चुनाव लड़ने की तैयारी
पल्लवी पटेल की नजर कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट पर भी है। 2022 में उन्होंने इसी सीट से सपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़कर उपमुख्यमंत्री
केशव प्रसाद मौर्य
को 7,337 वोटों से हराया था। इसके अलावा वाराणसी की रोहनिया और अजगरा सीटों पर भी अपना दल (कमेरावादी) की सक्रियता रही है। ऐसे में गठबंधन होने पर इन सीटों को लेकर सपा और पल्लवी के बीच बातचीत अहम होगी।
मां कृष्णा पटेल ने भी बढ़ाई दावेदारी
इस पूरे घटनाक्रम में पल्लवी की मां और अपना दल (कमेरावादी) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। कृष्णा पटेल 2027 के चुनाव में अपनी बड़ी बेटी पारुल पटेल के लिए सपा नेतृत्व वाले गठबंधन से टिकट चाहती हैं। पारुल को भी मां और बहन के साथ पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में देखा गया है। ऐसे में गठबंधन की बातचीत में पल्लवी की सीटों की मांग के साथ पारुल की दावेदारी भी चर्चा का विषय बन सकती है।
अखिलेश के सामने सीटों का गणित
समाजवादी पार्टी के सामने चुनौती सहयोगियों को साथ रखने और सीटों का संतुलन बनाने की है। कांग्रेस समेत दूसरे संभावित सहयोगियों के साथ भी सीटों की हिस्सेदारी तय करनी है। ऐसे में पल्लवी पटेल की 60 सीटों पर तैयारी, सिराथू से उनकी दावेदारी और पारुल पटेल के लिए टिकट की मांग को एक साथ साधना आसान नहीं होगा।
पल्लवी पटेल का कुर्मी समाज के बीच राजनीतिक आधार है और पूर्वांचल-बुंदेलखंड में उनकी पार्टी अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर
अखिलेश यादव
का पीडीए समीकरण पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को साथ लाने पर केंद्रित है। ऐसे में दोनों दलों के बीच तालमेल की बातचीत में सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ सीटों का बंटवारा भी अहम रहेगा।
यह भी पढ़ें: BJP या सपा, किसकी टेंशन बढ़ाएगा ओवैसी और चंद्रशेखर का नया गठबंधन?
अलग चुनाव या सपा के साथ गठबंधन?
फिलहाल पल्लवी पटेल ने अलग चुनाव लड़ने का अंतिम एलान नहीं किया है और न ही सपा के साथ गठबंधन पर कोई औपचारिक समझौता हुआ है। उनकी पार्टी अपनी तैयारियां जारी रखे हुए है। अब नजरें राष्ट्रीय कार्यसमिति के फैसले और अखिलेश यादव के साथ होने वाली संभावित बातचीत पर हैं। 2027 के चुनाव से पहले यह तय होना बाकी है कि पल्लवी पटेल सपा के साथ मिलकर मैदान में उतरेंगी या अपनी पार्टी की अलग रणनीति पर आगे बढ़ेंगी।