logo

मूड

ट्रेंडिंग:

1.27 करोड़ वोटरों का मुद्दा , BJP का बड़ा दांव; योगी-पंकज ने संभाला मोर्चा

UP विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने की बात कही थी। इसको लेकर शुक्रवार को बीजेपी प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में प्रत्येक बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया।

Pankaj Chaudhary

कार्यशाला में बोलते बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) बीजेपी के लिए बड़ा राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दा बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने का सवाल उठाए जाने के बाद पार्टी ने इस मामले में संगठन को मैदान में उतारने की तैयारी तेज कर दी है।

 

इसी रणनीति के तहत शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बीजेपी की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से बुलाई गई इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। पार्टी का जोर उन पात्र मतदाताओं तक पहुंचने पर है, जिनके नाम किसी वजह से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।

कार्यशाला में प्रदेशभर से 700 से अधिक पदाधिकारियों को बुलाया गया। इनमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला और विधानसभा स्तर के मतदाता प्रमुख तथा आईटी संयोजक शामिल रहे। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर समेत संगठन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

 

बैठक का मुख्य उद्देश्य एसआईआर के दौरान छूटे मतदाताओं की पहचान करना और पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपना है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि अभियान केवल प्रदेश और जिला स्तर की बैठकों तक सीमित न रहे, बल्कि हर बूथ पर कार्यकर्ता सक्रिय होकर लोगों से संपर्क करें।

1.27 करोड़ नामों का मुद्दा, योगी ने जताई थी चिंता

मतदाता सूची में नामों की कमी का मुद्दा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी उठा चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं। इस आंकड़े को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हुई है।

 

विपक्ष ने इस पर सवाल उठाए हैं, जबकि बीजेपी संगठन इसे गंभीरता से लेते हुए छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की तैयारी कर रहा है। पार्टी के सामने चुनौती उन लोगों तक पहुंचने की है, जो एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से छूट गए हैं या जिनके नाम और विवरण में गलती रह गई है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने और जरूरतमंद मतदाताओं को नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में मदद करने के निर्देश दिए जाने की तैयारी है।

 

यह भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर की दोस्ती, अखिलेश के लिए खतरा? अब टिकैत के सहारे सपा

हर बूथ पर नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य

कार्यशाला में बूथ स्तर पर मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पार्टी ने हर बूथ पर 100 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही छूटे हुए मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल कराने और गलत प्रविष्टियों को ठीक कराने की रणनीति पर चर्चा हुई।

 

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाने और प्रदेश के करीब 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर प्रति बूथ 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य भी बताया गया है। इससे साफ है कि बीजेपी एसआईआर के साथ नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए भी अलग-अलग स्तर पर अभियान की तैयारी कर रही है।

पंकज चौधरी ने पहले ही सौंपी थी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मतदाता सूची में नाम छूटने का मुद्दा उठाए जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भरोसा दिया था कि विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचेंगे। उन्होंने छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपने की बात कही थी।

 

अब लखनऊ की कार्यशाला के जरिए इस अभियान को व्यवस्थित रूप देने की कोशिश की जा रही है। जिलाध्यक्षों से लेकर विधानसभा और बूथ स्तर के मतदाता प्रमुखों तक जिम्मेदारी तय करने पर जोर है। पार्टी चाहती है कि मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों और छूटे हुए नामों की जानकारी समय रहते जुटाई जाए।

 

यह भी पढ़ें: 26 जनवरी के बाद UP में चुनावी बिगुल? योगी के बयान के बाद अटकलें तेज

2027 की तैयारी से भी जुड़ा है पूरा अभियान

बीजेपी की यह कवायद केवल मतदाता सूची में सुधार तक सीमित नहीं मानी जा रही है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर पर अपने संगठन को सक्रिय करने और मतदाताओं से सीधा संपर्क बढ़ाने में जुटी है। एसआईआर के बहाने कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचाने, नए मतदाताओं को जोड़ने और संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश हो रही है।

 

ऐसे में लखनऊ की यह कार्यशाला बीजेपी के लिए अहम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि पार्टी का यह अभियान मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जुड़वाने और चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में कितना सफल रहता है।

Related Topic:#UP News#BJP

और पढ़ें