उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम से गठबंधन बनाया। इस गठबंधन ने यूपी की सियासत में हलचल पैदा कर दी है।
दोनों नेताओं का कहना है कि गठबंधन के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। सपा अध्यक्ष
अखिलेश यादव
ने गठबंधन को बधाई दी। कांग्रेस भी गठबंधन पर टिप्पणी करने से बच रही है। उसका कहना है कि हर दल अपने हिसाब से गठबंधन करने को आजाद है।
मेरठ में आयोजित एक रैली में ओवैसी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। कांग्रेस के शासन में हाशिमपुरा और मलियाना में मुसलमानों के कत्लेआम का आरोप लगाया। अपनी जनसभा में ओवैसी ने यह भी कहा कि ये लोग आपसे वोट तो मांगते हैं, लेकिन आपके लिए करते क्या है? मुझे हर एक चीज याद है और ताउम्र याद रहेगी।
यह भी पढ़ें: ईरान में इराक सीमा पर कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 की मौत; 16 घायल
जब इससे जुड़ा सवाल यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'वे (असदुद्दीन ओवैसी) बस वही स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं, जो उनको लिखकर दी गई है। इसमें कोई दिक्कत की बात नहीं।'
'हमारा कोई लेना-देना नहीं है'
जब उनसे पूछा गया कि चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन से आप लोगों के लिए कोई चिंता की बात है? जवाब में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, 'हमें चिंता क्यों होनी चाहिए। हम अपना काम कर रहे हैं। हजारों पार्टी देश के अंदर रजिस्टर्ड हो रखी है। हर पार्टी को चुनाव लड़ने और गठबंधन बनाने का अधिकार है। इससे हमे कोई लेना देना नहीं है। न ही इस पर कुछ बोलने की जरूरत है। अपने भविष्य का निर्णय जनता लेगी।'
यह भी पढ़ें: तुर्की-लीबिया में कौन सा समझौता हुआ? जिससे इजरायल-अमेरिका भड़क उठे
सपा के सीटों पर कांग्रेस कर रही मंथन
यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के मुताबिक कांग्रेस ने 181 सीटें मांगी है। हालांकि अभी तक सीटों पर कोई सहमति नहीं बनी है। कांग्रेस ने पिछला विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ा था। पार्टी को सिर्फ दो विधानसभा सीटों पर जीत मिली थी। 2024 में सपा के साथ गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ा। कांग्रेस को छह सीटों पर कामयाबी मिली, जबकि 2019 में सिर्फ रायबरेली सीट पर ही पार्टी जीती थी।