logo

मूड

ट्रेंडिंग:

2017 तक साथ लड़े थे BJP-अकाली दल, फिर 2027 की लड़ाई क्यों है मुश्किल?

पंजाब में अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन तो हो गया लेकिन राज्य के चुनावी समीकरण बदल गए हैं। गठबंधन के सामने 2017 के चुनाव से ज्यादा चुनौती है।

akali bjp alliance

अकाली और बीजेपी का होगा गठबंधन, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

पंजाब की राजनीति में छह साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) फिर एक साथ आ गए हैं। दोनों पार्टियों ने 24 नवंबर को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने इसकी घोषणा की। अमित शाह ने साफ किया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री भी उसी पार्टी का होगा। दोनों पार्टियां पहले भी करीब 24 साल तक साथ रही हैं, लेकिन इस बार उनके सामने चुनौतियां पहले से ज्यादा हैं। भले ही बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन लगभग पहले जैसा हो लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार, कांग्रेस और अमृतपाल सिंह की राजनीति ने पंजाब का चुनावी समीकरण बदल दिया है।

 

BJP और अकाली दल ने 1997 में औपचारिक रूप से चुनावी गठबंधन किया था। दोनों ने 2007 और 2012 में लगातार दो बार पंजाब में सरकार बनाई लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जबकि आम आदमी पार्टी को 20 सीटें मिलीं। अकाली दल सिर्फ 15 और BJP तीन सीटों पर सिमट गई। यानी दोनों पार्टियों को मिलाकर भी सिर्फ 18 सीटें मिली थीं। इसके बाद 2022 में दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। अकाली दल को तीन और BJP को दो सीटें मिलीं। 

 

यह भी पढ़ें: 'मेरी नागरिकता पर खतरा है', सौरभ दास का सरकार के LOC पर जवाब

 

किसान आंदोलन 

दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन टूटने की सबसे बड़ी वजह केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून बने। सितंबर 2020 में किसान आंदोलन के दबाव के बीच अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। पार्टी नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। अकाली दल का आरोप था कि केंद्र सरकार किसानों की मांगों और पंजाब के हितों को नजरअंदाज कर रही है। हालांकि, नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानून वापस ले लिए गए, लेकिन दोनों पार्टियों के बीच दूरियां बनी रहीं। अब गठबंधन तो फिर बन गया है और गठबंधन की शर्तें भी ज्यादातर पहले जैसी ही नजर आ रही हैं। गठबंधन में अंतर बस इतना हो सकता है कि बीजेपी को पहले की तुलना में कुछ ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। भले ही गठबंधन के बीच ज्यादा कुछ नहीं बदला लेकिन पंजाब की राजनीति में बीते 6 साल में बहुत कुछ बदल चुका है।  

अमृतपाल सिंह ने बढ़ाई मुश्किल

अकाली दल के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक अमृतपाल सिंह हैं। अमृतपाल इस समय असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। इसके बावजूद उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। उनकी राजनीति का आधार खासकर सिख समुदाय और पंथक मुद्दे हैं। अमृतपाल की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने पंजाब में चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। कई बड़े राजनेता पार्टी के साथ पिछले 2 साल में जुड़ गए हैं। इसके साथ ही अकाली दल से अलग हुए कई पंथक नेता भी अमृतपाल की पार्टी के साथ जुड़ गए हैं। आम जनता में भी पार्टी को समर्थन मिलता हुआ नजर आ रहा है। 

बेअदबी के मामले बड़ी चुनौती

अकाली दल के लिए पंजाब में सिख वोटों को दोबारा अपने पक्ष में लाना आसान नहीं होगा। 2015 के बेअदबी मामलों और बहबल कलां-कोटकपूरा पुलिस फायरिंग को लेकर बादल परिवार पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इन घटनाओं ने अकाली दल की राजनीतिक साख को नुकसान पहुंचाया। अब अमृतपाल और दूसरे पंथक संगठनों की मौजूदगी से अकाली दल के सामने अपने पुराने समर्थकों को वापस जोड़ने की चुनौती है। वहीं BJP के साथ गठबंधन को लेकर भी कुछ सिख मतदाताओं में असहजता हो सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: 'वोट बैंक नहीं, मुसलमान सत्ता में लेगा हिस्सा', अखिलेश यादव पर भड़के ओवैसी

अकाली दल पहले से कमजोर

2017 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद अकाली दल की मुश्किलें लगातार बढ़ती गईं। पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर असंतोष बढ़ा और कई बड़े नेताओं ने सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। 2020 में मनप्रीत सिंह अयाली समेत कई नेताओं की नाराजगी सामने आई, वहीं सुखदेव सिंह ढींडसा ने अलग होकर शिरोमणि अकाली दल (डेमोक्रेटिक) बना लिया। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सिर्फ तीन सीटों पर सिमट गई। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अकाली दल को सिर्फ एक सीट मिली। लगातार चुनावी हार, बेअदबी मामलों को लेकर नाराजगी और पार्टी में टूट ने अकाली दल के पुराने सियासी दबदबे को कमजोर कर दिया।

BJP का वोट प्रतिशत बढ़ा

2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे दोनों पार्टियों के लिए अलग-अलग संकेत देते हैं। BJP पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से एक भी नहीं जीत पाई, लेकिन उसका वोट प्रतिशत करीब 18.5 फीसदी रहा। दूसरी तरफ अकाली दल को सिर्फ एक सीट मिली और उसका वोट प्रतिशत करीब 13.4 फीसदी रहा। ऐसे में BJP को अकाली दल के ग्रामीण और सिख वोट बैंक की जरूरत है, जबकि अकाली दल को BJP के संगठन और शहरी हिंदू वोटों से फायदा मिलने की उम्मीद है। 

 

यह भी पढ़ें: 'मेरी नागरिकता पर खतरा है', सौरभ दास का सरकार के LOC पर जवाब

बदल गए समीकरण

BJP और अकाली दल के नेता अपने पुराने रिश्तों को फिर मजबूत करने की बात कर रहे हैं। अमित शाह ने इसे पंजाब के साथ पुराना रिश्ता बताया है, वहीं सुखबीर बादल ने गठबंधन को भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ा है। लेकिन 1997 से 2017 वाला पंजाब अब नहीं है। किसान आंदोलन, बेअदबी के मामले, AAP का उभार और अमृतपाल जैसे नए राजनीतिक चेहरों ने राज्य की सियासत बदल दी है। गठबंधन को पहले की तरह ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को जोड़ना मुश्किल होगा। इसके साथ ही धार्मिक और राज्य के अन्य मुद्दों पर बीजेपी को विरोध का सामना करना पड़ सकता है। गठबंधन के सामने इन नए समीकरणों के साथ खुद को मजबूत करना और जनता का विश्वास जीतने की चुनौती है।


और पढ़ें