logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सपा की पहली लिस्ट आते ही कांग्रेस से ज्यादा इमरान मसूद भड़के, फिर होंगे बागी?

सपा के 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आते ही कांग्रेस सांसद और प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सबसे ज्यादा भड़के हुए हैं। उन्होंने सपा पर तीखा हमला भी बोला है।

सपा पर भड़क गए हैं इमरान मसूद, Photo Credit: Social Media

सपा पर भड़क गए हैं इमरान मसूद, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है। मंगलवार को सपा के कई नेताओं ने कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात कही। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी 26 सीटों वाली बात कही और कुछ देर बाद ही 5 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट पर कांग्रेस पार्टी की ओर से कम प्रतिक्रिया आई लेकिन सहारनपुर से कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद भड़के हुए हैं। सहारनपुर की सातों सीटों पर कांग्रेस का दावा बता रहे इमरान मसूद के लिए चिंता की बात यह है कि सपा के पांच उम्मीदवारों की लिस्ट में 2 उम्मीदवार सहारनपुर से ही हैं।

 

यह लिस्ट आते ही इमरान मसूद के भतीजे और उनके प्रतिनिध हमजा नोमान मसूद ने X पर लिखा कि सपा पहले यह तय कर ले कि उसे बीजेपी से लड़ना है या फिर इमरान मसूद से लड़ना है। इसके बाद बुधवार तड़के से ही इमरान मसूद लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। वह हैरानी जता रहे हैं कि आखिर बातचीत के बीच सपा ने ऐसा कैसे कह दिया। इसकी बड़ी वजह यही है कि वह पूरे सहारनपुर का दावा कर रहे थे। उनकी ख्वाहिश है कि सहारनपुर की सातों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़े। अगर मौजूदा वक्त की बात करें तो इन 7 में से एक भी सीट पर कांग्रेस का कब्जा नहीं है जबकि इस जिले में बीजेपी के 5 और सपा के 2 विधायक हैं।

 

यह भी पढ़ें: सीट शेयरिंग पर जारी बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

 

सपा ने भी सीटों के बंटवारे को लेकर जारी चर्चा के बीच रोचक दांव खेला है। सपा ने अपने दोनों मौजूदा विधायकों यानी बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर देहात से आशु मलिक को उतार दिया है। माना जा रहा है कि यह सपा की ओर से दबाव बनाने की रणनीति के तहत किया गया है। इसके जवाब में इमरान मसूद के भतीजे हमजा 2017 के आंकड़े दिखा रहे हैं। उनका कहना है कि 2017 में इमरान मसूद के सपा में जाने से पहले ये दोनों ही सीटें कांग्रेस के कब्जे में थीं और इमरान के चलते ही सपा ये दोनों सीटें जीत पाई। इससे पहले भी वह 2012 और 2017 के आंकड़े और इमरान मसूद की अहमियत पर जोर दे चुके हैं।

इमरान मसूद क्या बोले?

सपा की ओर से लिस्ट जारी किए जाने के मामले पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम या प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी हैं। वहीं प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा है, 'जब आप खुद से एलान कर रहे हो तो हम क्यों सूची दें। हमें आपसे क्या चाहिए? हम अपनी पार्टी देखेंगे। मैं कार्यकारी अध्यक्ष हूं तो मैं अपनी पार्टी देखूंगा। 2022 में तो आपने 35 सीट तो आरएलडी को दी थी और 26 सीट से हमारी शुरुआत कर रहे हो। आप क्या मैसेज दे रहे हो आप जानें? जो बात अंदर बैठकर होनी चाहिए, वह आप ट्विटर पर लिख रहे हो। यह दिखाता है कि आप गठबंधन के प्रति गंभीर नहीं हैं।'

 

यह भी पढ़ें: ससुर कांग्रेस में, दामाद की सपा में एंट्री और विवाद, मसूद परिवार की कहानी

सपा की ओर से 26 सीटों के प्रस्ताव पर इमरान मसूद ने कहा है, 'हमने आपसे कहा क्या कि आप हमें 26 सीटों का प्रस्ताव दें? हम आपके प्रस्ताव को क्यों लेंगे? हमें तो नहीं चाहिए। हम भिखारी भी नहीं हैं। अगर हम गठबंधन के लिए दिल्ली में चर्चा कर रहे हैं और आप लखनऊ से एलान कर रहे हैं तो हम किस बात की मीटिंग कर रहे थे। पार्टी नेतृत्व तय करेगा। यह बहुत हर्ट करने वाला है। हम सहयोगी हो सकते हैं। हम चाहते हैं कि बीजेपी हारे। बीजेपी को हराने की गारंटी राहुल गांधी हैं। हमारी समझ में नहीं आ रहा कि आप क्या कर रहे हैं? ऐसे तो आप 403 डिक्लेयर कर दीजिए। हमें क्या फर्क पड़ रहा है।'

सपा ने क्या कहा?

इस गठबंधन के लिए सपा की ओर से बात कर रहे सांसद राजीव राय ने कहा, 'पहले दिन से साफ किया जा रहा है, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी बोलते आए हैं कि सवाल जीत का है सीट का नहीं है। जहां सिटिंग एमएलए है, बड़ा अंतर है, वहां मांगना, सोचना और बोलना बेईमानी है न। उसे आप कैसे मांग सकते हो? 403 सीटें हैं, बहुत सारी बात हो सकती है। ऐसा तो नहीं होगा न कि हम सिटिंग एमएलए का टिकट काटकर देंगे।'

इमरान मसूद को समस्या क्या है?

उत्तर प्रदेस में बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और सपा में आते-जाते रहे इमरान मसूद और उनका परिवार राजनीतिक रूप से काफी अहम रहा है। अपनी शर्तें मनवाने के चक्कर में इमरान मसूद के रिश्ते अक्सर खराब हुए हैं और ऐसी ही घटनाओं के चलते पार्टी बदलते भी रहे हैं। बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में इमरान मसूद सपा में थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। अखिलेश यादव ने तब उनसे वादा किया था कि सरकार बनने के बाद उन्हें सम्मान दिया जाएगा। हालांकि, सरकार नहीं बनी और वह फिर से सपा से नाराज हो गए। 2024 में वह लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे और उन्हें पूरी उम्मीद थी कि सपा टिकट नहीं देगी। ऐसे में अक्तूबर 2023 में वह कांग्रेस में लौट आए।

 

यह भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर की दोस्ती, अखिलेश के लिए खतरा? अब टिकैत के सहारे सपा

 

कहा जाता है कि अखिलेश यादव ने कांग्रेस से भी कहा था कि वह इमरान मसूद को टिकट ना दे। हालांकि, प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप के चलते उन्हें टिकट मिल गया। वह सांसद बन गए लेकिन सपा के स्थानीय नेताओं से कभी भी सहज नहीं रहे। कुछ दिनों पहले ही एक मीटिंग में वह सपा के विधायक आशु मलिक से बहस करने लगे थे। कुछ दिन पहले ही जब उनके दामाद शायान मसूद सपा में शामिल हो गए तब भी उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि, कांग्रेस लगातार उनके पीछे खड़ी रही है। इसी के दम पर उन्हें उम्मीद थी कि वह कांग्रेस के सहारे सपा पर भी दबाव बना लेंगे।

 

कहा जा रहा था कि पहले तो वह अपने भतीजे को चुनाव लड़वाना चाहते थे लेकिन परिवारवाद के आरोप लगने पर उन्होंने एलान कर दिया कि उनके परिवार से कोई भी चुनाव नहीं लड़ेगा। इस बीच वह सपा के एमएलसी शाहनवाज खान को कांग्रेस के कोटे से टिकट दिलवाने में जुटे हुए हैं। इस सबके बीच सपा की ओर से उम्मीदवार का एलान कर देना उन्हें बहुत खटक गया है।

 

अब देखना यह होगा कि अगर कांग्रेस-सपा का गठबंधन जारी रहता है और इमरान मसूद को उनकी मनचाही सीटें नहीं मिल पाती हैं तो वह क्या करेंगे। उनके इतिहास को देखकर एक कयास यह भी लगाया जा सकता है कि वह फिर से पाला बदल लें। हालांकि, सपा से उनका छत्तीस का आंकड़ा है, बीजेपी में वह जा नहीं सकते, कांग्रेस में अभी हैं और बसपा उतनी मजबूत नहीं दिख रही। इसी का फायदा अखिलेश यादव ने भी उठाया है और बिना सीटों का बंटवारा हुए ही सबसे पहले सहारनपुर की सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है।    


और पढ़ें